झारखंड में विधानसभा चुनाव (Jharkhand Assembly Election) के नतीजे आए काफी दिन हो चुके हैं. यहां तक हेमंत सोरेन (Hemant Soren) की अगुवाई में नई सरकार का गठन हो चुका है. सरकार गठन बाद भी कुछ जगहों पर कांग्रेस पार्टी की तरफ से समीक्षा बैठकें की जा रही हैं. खासकर, उन जगहों पर जहां पार्टी के कैंडिडेट को हार मिली. ऐसी ही एक बैठक धनबाद में हो रही थी, जहां कार्यकर्ताओं के बीच ही आपस में मारपीट हो गई.
इंडिया टुडे से जुड़े सिथुन मोदक की रिपोर्ट के मुताबिक ये बैठक धनबाद के उत्सव भवन में हो रही थी. जहां जिले के तीन विधानसभा सीटों झरिया, बाघमारा और धनबाद के कांग्रेस प्रत्याशियों की हार को लेकर समीक्षा की जा रही थी. इसी दौरान पार्टी के 2 कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए. दोनों के बीच जमकर जमकर गाली गलौज हुई और लात-घूसे भी चले. इस दौरान पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मारपीट को शांत कराया. ये पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई.
कांग्रेस पार्टी की समीक्षा बैठक चल रही थी, तभी जमकर चलने लगे लात-घूंसे, क्या वजह पता चली?
Jharkhand Assembly Election result की समीझा बैठक के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ही आपस में मारपीट हो गई. घटना CCTV में कैद हो गई.


ये भी पढ़ें: महिलाओं के लिए आईं योजनाओं ने बदल लिया सीन, महाराष्ट्र-झारखंड के रिजल्ट तो यही बता रहे हैं
हिंदुस्तान में छपी खबर के मुताबिक, मारपीट करने वाले कार्यकर्ताओं की पहचान झरिया प्रखंड कांग्रेस के अध्यक्ष इम्तियाज और कांग्रेस ACC सेल के प्रदेश संयोजक पिंटू तूरी के तौर पर हुई. खबर के मुताबिक घटना के बाद पिंटू तूरी अपने समर्थकों के साथ घटना की शिकायत के लिए धनबाद थाने पहुंचे. हालांकि, कांग्रेस के कुछ नेता भी पीछे-पीछे धनबाद थाने पहुंचे. जहां पिंटू तूरी को समझा-बुझाकर मामला नहीं दर्ज कराने के लिए मना लिया गया.
बताते चलें कि राज्य में विधानसभा की 81 सीटें हैं. विधानसभा चुनाव में JMM की अगुवाई वाली INDIA गठबंधन को बंपर जीत मिली. गठबंधन ने 56 सीट हासिल कर बहुमत के आंकड़े को आसानी से पार कर लिया. JMM ने 43 सीट पर चुनाव लड़ा था, इनमें से 34 सीटों पर पार्टी को जीत मिली. वहीं कांग्रेस 30 सीटों पर लड़कर 16, आरजेडी 6 सीटों पर लड़कर चार और भाकपा (माले) चार सीट पर लड़कर 2 पर जीती. वहीं, बीजेपी राज्य में 21 सीटों पर सिमट गई. राज्य में बीजेपी के तीन सहयोगी दलों के हिस्से एक-एक सीट आई.
वीडियो: झारखंड में चम्पाई सोरेन और उनके बेटे बाबू लाल सोरेन की सीट पर कौन जीता?



















