The Lallantop

"अंतरिक्ष में हूं, पृथ्वी पर रॉकेट उतारना है, पैसा दे दो, शादी करूंगा" - औरत को चूना लगा दिया

फ़ोटो में अंतरिक्ष की फ़ोटो लगाकर रखी थी, औरत को लगा - 'ओह माय गॉड, ये तो सच में अंतरिक्ष वाला है'

Advertisement
post-main-image
नकली एस्ट्रोनॉट ने महिला से ठगे लाखों रुपये (फोटो-आजतक)

फर्जी एस्ट्रोनॉट के प्यार में पड़कर जापान की एक महिला लाखों रुपये गंवा बैठी. आरोप है कि ठग ने खुद को रूस का अंतरिक्ष यात्री बताया और महिला से शादी का वादा किया. महिला उस पर इतना भरोसा करने लगी कि उसे लाखों रुपये दे भी दिए (Fake Astronaut dupes Japanese Woman). आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक पीड़ित महिला शिगा प्रान्त की रहने वाली है. महिला की उम्र 65 साल बताई जा रही है. आरोपी शख्स ने महिला से कथित तौर पर लगभग 4.4 मिलियन येन यानि 24.8 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है.

इंस्टाग्राम पर हुई थी मुलाकात

जापान के टीवी असाही की रिपोर्ट के मुताबिक इसी साल जून में महिला और फर्जी अंतरिक्ष यात्री (fake astronaut) इंस्टाग्राम के जरिए एक दूसरे से मिले. महिला ने शिकायत में बताया कि शख्स ने खुद को रूस का एक एस्ट्रोनॉट बताया. उसकी प्रोफाइल पर अंतरिक्ष की तस्वीरें भी थीं. जिन्हें देख कर लगा कि वो अंतरिक्ष स्टेशन में काम करता है. सच में.

Advertisement
प्यार का इजहार… शादी का वादा 

दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर ही मैसेज के जरिए बातचीत शुरू हो गई. फिर दोनों जापानी मैसेजिंग एप्लिकेशन लाइन पर बात करने लगे. कुछ समय बाद ही आरोपी ने कथित तौर पर महिला से कहा कि वो उससे प्यार करने लगा है और उससे शादी करना चाहता है. आरोप है कि नकली एस्ट्रोनॉट ने महिला को सपने दिखाए कि वो जापान आकर उनके साथ एक नया जीवन शुरू करना चाहता है. महिला को इन बातों पर यकीन भी हो गया.

रॉकेट लैंड कराने के लिए पैसे मांगे

फिर एक दिन ठग ने महिला को बताया कि पृथ्वी पर रॉकेट लैंड कराने के लिए उसे फीस देनी होगी और उसे पैसों की जरूरत है. शिकायत के मुताबिक महिला ने कथित तौर पर उसे 19 अगस्त से 5 सितंबर के बीच 5 बार पैसे भेजे. कुल रकम 4.4 मिलियन येन. रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी ने महिला से फिर पैसे मांगे. इस पर महिला को शक हुआ और उसने पुलिस को मामले की जानकारी दी. 

शुरूआती जांच से पुलिस को मामला अंतरराष्ट्रीय रोमांस स्कैम का लग रहा है. 

Advertisement

देखें वीडियो- कौन हैं जापान के शोजी मोरिमोटो जो बिना कुछ किए कमा रहे हैं आपकी ड्रीम सैलरी!

Advertisement