एक्टर नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर की सुबह 75 साल की उम्र में निधन हो गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक मौत से कुछ घंटे पहले उन्होंने अपने एक करीबी दोस्त को मैसेज किया था. रात करीब 2:30 बजे नाना ने दोस्त को मैसेज करके बताया था कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है. और इस टेक्स्ट के तीन घंटे से भी कम समय बाद उनकी कार्डियक अरेस्ट के कारण मौत हो गई.
'मुझे घबराहट हो रही है...', नाना पाटेकर ने दोस्त को मैसेज किया था, फिर क्या हुआ?
Nana Patekar death: एक्टर नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर की सुबह 75 साल की उम्र में निधन हो गया. उन्होंने रात करीब 2:30 के पास अपने दोस्त को मैसेज कर तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी. सुबह 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

गोवा के मणिपाल अस्पताल में ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर ने मीडिया से बात करते हुए ये जानकारी दी. ANI से बात करते हुए उन्होंने बताया,
"हमें जानकारी मिली है कि नाना ने अपने दोस्त को रात करीब 2:30 बजे मैसेज किया था. बताया था कि उन्हें अपनी तबीयत ठीक नहीं लग रही... उन्हें बेचैनी महसूस हो रही थी... लेकिन देर रात का समय था, इसलिए मुझे लगता है कि उनके दोस्त को मैसेज समय पर नहीं मिल पाया.
उनके दोस्त सुबह करीब 4 बजे पाटेकर के घर पहुंचे. तब नाना को पसीना आ रहा था. सांस लेने में तकलीफ हो रही थी. फिर उनके केयरटेकर वहां आए. हमारी ER टीम ने घर पहुंचकर कार्डियक मसाज शुरू की. क्योंकि वे बिल्कुल भी प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे."
इसके बाद एक्टर नाना पाटेकर को घर से CPR देते हुए हॉस्पिटल ले जाया गया. डॉ. शेखर सालकर ने बताया कि नाना पाटेकर को सुबह करीब 4:20 बजे हमारे अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था. उन्हें CPR देकर बचाने की पूरी कोशिश की. लेकिन सुबह 5:20 बजे उन्हें डेड डिक्लेयर कर दिया गया. घटना के समय नाना के परिवार के लोग घर पर मौजूद नहीं थे. उनके दोस्त और केयरटेकर उनके साथ थे.
नाना की मौत के बाद मेडिको-लीगल केस यानी MLC दर्ज किया गया. इसका मतलब है कि मौत के मामले में पुलिस और मेडिकल जांच की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई. इसके बाद नाना के शव को पोस्टमार्टम के लिए गोवा मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया.
ये भी पढ़ें: कांग्रेस MLA ने बस में छात्रा का हाथ पकड़ा, लड़की पीछे हटी तो फिर पकड़ा, वीडियो पर घिर गए
नाना पाटेकर कई दशकों तक भारतीय सिनेमा का हिस्सा रहे. उन्होंने सीरियस फिल्मों से लेकर क्राइम थ्रिलर और कॉमेडी तक, अलग-अलग तरह के किरदार निभाए. उनकी आवाज, बोलने का अलग अंदाज और दमदार अभिनय उनकी पहचान बने.
उन्होंने फिल्मों में ऐसे किरदार निभाए जिनमें गुस्सा, दर्द और भावनाओं को बहुत साफ तरीके से दिखाया गया. नाना पाटेकर के परिवार में उनकी पत्नी नीलकांती पाटेकर और बेटा मल्हार पाटेकर हैं. उनके निधन की खबर के बाद भारतीय फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस के बीच शोक का माहौल है.
वीडियो: नाना पाटेकर का असली नाम विश्वनाथ था, लल्लनटॉप इंटरव्यू में बताई थी नाम के पीछे की कहानी











