दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के बड़े नेताओं से जुड़ी जगहों पर प्रवर्तन निदेशालय की तरफ से (ED Raid) छापेमारी की गई है. ED ने 6 फरवरी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के निजी सचिव बिभव कुमार और AAP के राज्यसभा सांसद ND गुप्ता के घर पर छापेमारी की. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED की तरफ से ये छापेमारी दिल्ली जल बोर्ड से जुड़े एक मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की जा रही है.
केजरीवाल के PS, सांसद सहित कई AAP नेताओं के यहां ED की छापेमारी, मामला क्या है?
अरविंद केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार और राज्यसभा सांसद ND गुप्ता के घर पर ED की तरफ से छापेमारी की जा रही है.


न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, केजरीवाल के निजी सचिव बिभव कुमार और दिल्ली जल बोर्ड के पूर्व सदस्य शलभ कुमार के आवास के अलावा करीब 10 जगहों पर ED की रेड चल रही है. रिपोर्ट के मुताबिक, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद नारायण दास गुप्ता के अलावा कुछ अन्य लोगों के परिसरों की तलाशी ली जा रही है.
वहीं, आम आदमी पार्टी (AAP) ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) पर निशाना साधा है. दिल्ली सरकार की मंत्री और आतिशी ने दावा किया है कि ED अधिकारी, लोगों को डरा-धमकाकर आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ बयान देने के लिए मजबूर कर रहे हैं. आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि इस तरह की रेड से हम डरने वाले नहीं हैं. उन्होंने कहा,
“मैंने ट्विटर पर कहा था कि आज 10 बजे ED को लेकर बड़ा खुलासा करूंगी. उस खुलासे को रोकने के लिए, आम आदमी पार्टी को डराने के लिए आज सुबह 7 बजे से पार्टी से जुड़े लोगों और नेताओं के घरों पर ED रेड कर रही है. हमारे नेता एनडी गुप्ता के घर पर रेड हो रही है. मुख्यमंत्री के PS के घर पर रेड हो रही है. भाजपा हमें दबाना चाहती है, लेकिन हम डरेंगे नहीं. घोटाला हमने नहीं किया. असल में ED की जांच में ही घोटाला है.”
अतिशी ने आगे कहा कि दो साल में ED को एक रुपया भी नहीं मिला है. ED के पास कोई सबूत नहीं है, तो हमें चुप कराने के लिए छापे पड़ रहे हैं











