The Lallantop

UAE ने ये गलती की तो दुबई तबाह... अमेरिका के नामी इकोनॉमिस्ट ने बड़ी भविष्यवाणी कर दी

अमेरिकी अर्थशास्त्री जेफरी सैक्स ने पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर की मशहूर कहावत का भी जिक्र किया. किसिंजर ने कहा था कि अमेरिका का दुश्मन होना खतरनाक है, लेकिन उसका दोस्त होना जानलेवा है. जेफरी सैक्स ने UAE की सरकार को बड़ी सलाह दी है.

Advertisement
post-main-image
ईरान खाड़ी देशों में बने अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहा है. (फाइल फोटो: इंडिया टुडे)

पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच, अमेरिका के जाने-माने अर्थशास्त्री जेफरी सैक्स (Jeffrey Sachs) ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) को जंग में शामिल न होने की सलाह दी है. उन्होंने दुबई और अबू धाबी पर मंडरा रहे खतरे के बारे में भी आगाह किया है. जेफरी ने कहा कि ये शहर असल में टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर डिजाइन किए गए हैं, न कि मिलिट्री जोन के तौर पर.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ANI से बात करते हुए जेफरी सैक्स ने तर्क दिया कि UAE ने खुद को एक ‘बेतुकी उलझन’ में फंसा लिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका और इजरायल के साथ अपने गठबंधन के जरिए वह अपनी गलतियों को और बढ़ा रहा है. उन्होंने कहा, 

"असल में, अगर UAE जंग में शामिल होता है, तो दुबई और अबू धाबी को तबाह किया जा सकता है. ये तो रिजॉर्ट वाले इलाके हैं. ये पर्यटन स्थल हैं. ये कोई किलेबंद मिसाइल डिफेंस एरिया नहीं हैं. ये ऐसी जगहें हैं जहां अमीर लोग पार्टियां करने और अपना पैसा लगाने आते हैं. अमीरात ने अपनी आंखें खुली रखते हुए भी खुद को एक बेतुकी उलझन में फंसा लिया है. और वैसे, वह अपनी गलतियों को लगातार दोहराता जा रहा है."

Advertisement

जेफरी सैक्स ने अब्राहम समझौते का भी जिक्र किया. यह समझौता साल 2020 में अमेरिका और खाड़ी देशों के बीच हुआ. इसके जरिए खाड़ी देश अमेरिकी सुरक्षा पर ज्यादा निर्भर हो गए. जेफरी ने कहा, 

"सो कॉल्ड अब्राहम समझौते में शामिल होना यानी इजरायल और अमेरिका का साथ देना. वह भी ऐसे तनावपूर्ण हालात में. यह समझौता अमीरात के लिए तबाही का न्योता था. लेकिन असल बात यह है कि खाड़ी देशों की इन सरकारों ने अपनी पूरी उम्मीद अमेरिकी सुरक्षा पर टिका दी. उन्होंने कहा कि हमारे पास अमेरिकी सैन्य ठिकाने हैं. वे हमारी रक्षा करेंगे… हमें चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है. लेकिन यह एक बहुत बड़ी गलतफहमी है."

ये भी पढ़ें: 'ईरान से तेल छीनना मेरी पंसदीदा चीज', ट्रंप ने बता दिया युद्ध अब किस मोड़ पर है

Advertisement

उन्होंने आगे कहा, “मैं हर रोज पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हेनरी किसिंजर की मशहूर कहावत दोहराता हूं और इस मौके पर भी उसे दोहराऊंगा, ‘अमेरिका का दुश्मन होना खतरनाक है, लेकिन उसका दोस्त होना जानलेवा है’.” जेफरी ने UAE को सलाह दी कि वह हारने वाले दांव पर और ज्यादा जोर न लगाए और हालात को समझते हुए अपनी सुरक्षा को सबसे ज्यादा अहमियत दे.

वीडियो: दुबई इंटरनेशनल हवाई अड्डे के पास ड्रोन हमला, कितना नुकसान हुआ?

Advertisement