Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 पैसे और सुर्खियां, दोनों बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है. आम लोगों के अलावा फिल्म इंडस्ट्री भी इस मूवी की लगातार चर्चा कर रही है. पिछले दिनों फिल्ममेकर Karan Johar ने फिल्म पर अपना रिव्यू दिया है. Aditya Dhar और रणवीर की तारीफ़ करते हुए उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर 2’ ने मेनस्ट्रीम सिनेमा का बार बहुत ऊंचा कर दिया है.
"ये नया डायरेक्टर है..."- 'धुरंधर 2' की तारीफ में करण जौहर ने आदित्य धर को क्या कहा?
करण कहते हैं कि 'धुरंधर 2' ने उन्हें दोबारा याद दिलाया कि उन्हें फिल्म इंडस्ट्री में होने पर कितना गर्व है.


फिल्म रिलीज़ के कुछ दिनों बाद करण ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी डाली थी. उसमें उन्होंने बताया वो एक फिल्म शूटिंग के लिए आउटस्टेशन गए हुए हैं. इस वजह से उन्हें 'धुरंधर 2' न देख पाने का FOMO (Fear Of Missing Out) हो रहा है. मगर अब वो ये मूवी देख चुके हैं. आदित्य धर की तारीफ़ में वो एक इंस्टाग्राम पोस्ट डालते हुए लिखते हैं,
"टेस्टोस्टेरोन, हाइपर अल्फा एनर्जी और अंदर तक बसी देशभक्ति पर चर्चा चलती रहेगी, और चलनी भी चाहिए. लेकिन धुरंधर 2 इससे कहीं ज्यादा है. इसमें जसकीरत की दर्दनाक बैकस्टोरी है. देश के लिए दिल तोड़ देने वाले बलिदान हैं. यहां तक कि विलन को भी इंसानी और परतदार कहानी से दिखाया गया है. फिल्म की मेकिंग, साउंड और सिनेमैटिक क्वालिटी कमाल की है, जो आदित्य धर के बेहतरीन डायरेक्शन को साबित करती है. वो शानदार और ज़बरदस्त फिल्ममेकर हैं. वो सिर्फ मेनस्ट्रीम सिनेमा का बार ऊंचा नहीं करते, बल्कि उसे एक नया लेवल दे देते हैं. ये नया डायरेक्टर है. ये बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स तोड़के घुसेगा भी और हर रिकॉर्ड मारेगा भी."
इस पोस्ट में करण ने रणवीर की तारीफ़ों के भी पुल बांधे हैं. वो लिखते हैं,
"और...और…और रणवीर सिंह, तू क्या है यार? ये तुम्हारे करियर का सबसे बेहतरीन काम है. तुम्हारा हर एक आंसू, हर शांत नज़र और हर बार तुम्हारा स्वैग से चलना- सब साबित करता है कि तुम सच में सबसे बेहतरीन एक्टर्स में से एक हो. तुम एक ऐसे कलाकार हो और रहोगे, जिसके कैलिबर को हमेशा याद रखा जाएगा. सही मायनों में एक धुरंधर मूवी स्टार. मुझे वो दिन याद आ गए जब मैं 70 के दशक में सिंगल स्क्रीन थिएटर में शुद्ध और सॉलिड हिंदी सिनेमा देखा करता था. उस वक्त दिल भर जाता था और मैं सपना देखता था कि कभी इस इंडस्ट्री का हिस्सा बनूं. आज मैं फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा हूं. धुरंधर ने मुझे फिर से याद दिलाया कि मैं यहां होने पर कितना गर्व और एहसानमंद महसूस करता हूं."

करण के इस रिव्यू पर आदित्य ने भी अपना जवाब दिया है. पोस्ट के कमेंट में वो रिप्लाई करते हैं,
"करण, ये मेरे लिए सच में बहुत मायने रखता है. धुरंधर बहुत ही सच्चाई से बनाई गई फिल्म है. ये शोर के पीछे की खामोशी और हिम्मत के पीछे चुकाई गई कीमत की उपज है. मुझे खुशी है कि ये फिल्म आपके दिल में बस गई."

सोशल मीडिया पर कई लोग 'धुरंधर' फ्रैंचाइज़ को आदित्य धर का प्रोपगैंडा बता रहे हैं. मगर करण उनसे इत्तेफाक नहीं रखते. IIMUN ने अपने यूट्यूब चैनल पर कुछ महीनों पहले एक वीडियो साझा किया था. उसमें करण ने कहा कि वो 'धुरंधर' की पॉलिटिक्स से बिल्कुल ऑफेंड नहीं हुए हैं. उन्हें पहले से अंदाज़ा था कि मूवी किस दिशा में जा रही है. करण ने क्लियर किया था कि उन्हें फिल्म की आइडियोलॉजी से कोई प्रॉब्लम नहीं है. उन्होंने ‘धुरंधर’ को इसकी मेकिंग और सिनेमा के तौर पर देखा था. उस लिहाज़ से बताएं तो उन्हें ये मूवी बेहद पसंद आई थी.
वीडियो: रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' पर मीम क्यों बन रहे?




















