The Lallantop

आंसू पीने आंख में घुसीं 4 मधुमक्खियां, देखो फिर क्या हुआ

आंखों में घर बनाकर रह रही थीं ये मधुमक्खियां.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
हॉलीवुड की हिंदी डब्ड फिल्में देखने का जिसे शौक रहा हो उसने 'द ममी' जरूर देखी होगी. उसमें जो टकला प्रेत होता है उसके मुंह से काले कीड़ों की फौज निकलती है. देखने वालों की फूंक सरक जाती है. वो तो खैर फिल्म थी, ताइवान में एक औरत की आंखों से मधुमक्खियां निकली हैं. एक नहीं, चार. पसीना प्रेमी मक्खियां थीं. पसीने पर जीने वाली. पसीना पीने वाली. महिला की जान और आंख दोनों बच गई है. हुआ ये कि ताइवान में He नाम की एक महिला सूजी हुई आंखों के साथ फूयिन यूनिवर्सिटी अस्पताल में भर्ती हुई. यहां He नाम महिला का है, और पता नहीं इसको क्या उच्चारित करेंगे. इसलिए हम इसको आगे 'हे' लिखेंगे. क्योंकि एक 'she' को 'he' लिखने में और कनफ्यूजन पैदा होगी. तो 'हे' हॉस्पिटल में भर्ती हुई. डॉक्टर्स ने उनकी आंखों से चार पसीना पीने वाली छोटी मधुमक्खियां निकालीं. ये इतना शॉकिंग केस था कि इसे अपनी तरह का पहला केस माना गया. गार्डियन की खबर के मुताबिक अस्पताल के बड़े डॉक्टर हंग ची टिंग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उसमें बताया कि 'मैंने उस आंख में देखा तो किसी कीड़े का पैरों सा कुछ दिखा. मैंने उनको एक एक करके माइक्रोस्कोप में देखते हुए बाहर निकाला. बिना उनकी बॉडी को चोट पहुंचाए.' वीडियो देखो. भाषा समझ नहीं आएगी लेकिन प्रोसेस पता चल जाएगा. 'हे' ने बताया कि उस दिन वो अपने एक रिश्तेदार की कब्र पर गई हुई थीं. अचानक हवा का झोंका आया और उसके बाद आंखों में जलन महसूस हुई. सोचा कि धूल गई होगी. उस वक्त पानी से धो लिया. रात में तेज दर्द होने लगा. रात भर में हालत खराब हो गई. आंखें सूज गईं. तब हॉस्पिटल में भर्ती हुई और चार मधुमक्खियां निकलीं. डेलीमेल की खबर के मुताबिक डॉक्टर हंग का कहना है- ये मक्खियां गिरे हुए सूखे पेड़ों में और कब्रों के पास रहती हैं. खास तौर से पहाड़ी इलाकों में. पसीने की शौकीन होती हैं. आंसू पीने के चक्कर में हे की आंखों में घुस गई थीं.

Advertisement
Advertisement