The Lallantop

बीएसपी की जगह बीजेपी को वोट देकर उंगली काटने वाले के भाई ने कुछ और भी कहानी बताई है

जब उसने हमसे बात की तो सब कुछ ही बता दिया.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में एक आदमी ने अपना अंगूठा काट लिया. कारण सिर्फ इतना था कि उन्होंने हाथी की जगह कमल का निशान दबा दिया था. अंगूठा काटने वाले शख्स का नाम है पवन कुमार. उम्र 25 साल. गुरुवार 18 अप्रैल को बुलंदशहर के अब्दुल्ला हुलासनपुर गांव में वोट देने गए थे. खबर थी कि बसपा की जगह बीजेपी को वोट दे देने के कारण उन्होंने अपना अंगूठा काट लिया. ये तो हम आपको पहले ही बता चुके हैं. पूरी खबर आप यहां पढ़ सकते हैं.  अब हमें इसी खबर से जुड़ी कई और बातें भी पता चली हैं. और सारी बातें बताई हैं खुद पवन के भाई ने विनोद कुमार ने. विनोद गाड़ी चलाते हैं. वो बताते हैं कि पवन बीमार हैं, पिछले 7 साल से दिल्ली में मानसिक अस्वस्थता का इलाज करा रहे हैं. उन्होंने कहा-
मैं शाम को 5 बजे (वोटिंग वाले दिन - 18 अप्रैल, 2019) गाड़ी चलाकर घर पहुंचा तो मुझे बताया गया कि पवन ने उंगली काट ली है. मुझे पता चला कि जब वो दोपहर में वोट देकर घर आया तो उससे घरवालों ने पूछा,'किसको वोट देकर आया है?' पवन ने जवाब दिया,'अंधेरा था, मुझे ठीक से दिखा नहीं.' फिर कहा कि फूल के निशान पर डालकर आया है. घर वालों ने उससे कहा कि हाथी पर डालना था. इससे पवन को बुरा लगा. वो सारा दिन सोच में रहा कि उससे ये गलती कैसे हो गई. शाम के वक़्त वो पशुओं को चारा डालने गया तो वहां उसे चारा काटने के ये गंडासा दिखा. कुछ देर तक वो स्याही का निशान मिटाने की कोशिश करता रहा लेकिन जब नहीं मिटा सका तो उंगली का ऊपरी पोर काट दिया. फिर दर्द हुआ तो चिल्लाने लगा. घर वाले अस्पताल ले गए. अब वो ठीक है.

# अंगूठा नहीं उंगली काटी थी -

कुछ अख़बारों का कहना था कि पवन ने अंगूठा काट लिया है क्योंकि उसने अंगूठे से ईवीएम का बटन दबाया था. लेकिन वीडियो में भी साफ़ दिख रहा है उसने अंगूठा नहीं काटा है, उंगली काटी है. उसके भाई की बातों को सच मानें तो पवन दरअसल फूल का निशान दबाने को अपनी गलती मान रहे थे. इसी अपराधबोध में उन्होंने ऐसा किया. यूं भाई से बात करने के बाद ये साफ़ होता है कि ये कोई पॉलिटिकली मोटिवेटेड स्टेप नहीं था और ना ही बीजेपी को वोट देने के कारण उसे निजी तौर पर कोई अफ़सोस था. इसके लिए पवन का मखौल कतई नहीं किया जाना चाहिए. सोशल मीडिया पर लोग पवन के बारे में तरह-तरह की बातें कर रहे हैं उन्हें ये ध्यान रखने चाहिए कि पवन स्वस्थ नहीं हैं.
वीडियो: बीजेपी की प्रेस कांफ्रेंस में जूता किसने फेंका?

Advertisement
Advertisement