The Lallantop

लखनऊ में नाबालिग दलित लड़की से 'गैंगरेप', ईंट से कुचल कर भागे आरोपी

घटना लखनऊ के थाना बख्शी का तालाब क्षेत्र की है. दो आरोपियों में से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Advertisement
post-main-image
पुलिस ने बताया कि इस मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं. (फोटो: आजतक)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो व्यक्तियों पर एक नाबालिग दलित लड़की का ‘गैंगरेप’ करने और इसके बाद उसे ‘पत्थर से कुचलने’ का आरोप लगा है. बताया जा रहा है कि लड़की अपने घर से मोमोज खाने निकली थी. रास्ते में कथित तौर पर दो लोगों ने लड़की का गैंगरेप किया. फिर उस पर पत्थर से हमला किया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पुलिस के मुताबिक घटना लखनऊ के थाना बख्शी का तालाब क्षेत्र में रविवार, 8 सितंबर की है. लड़की की शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है. आजतक के आशीष श्रीवास्तव की रिपोर्ट के मुताबिक एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और दूसरे आरोपी की तलाश जारी है.

ये भी पढ़ें- कोलकाता रेप मर्डर केस: SC ने CBI से मांगी 'फ्रेश स्टेटस रिपोर्ट', FIR में देरी पर फिर से उठा सवाल

Advertisement

लखनऊ में DCP नॉर्थ जोन अभिजीत आर शंकर ने बताया,

"8 सितंबर को वादिनी की ओर से दी गई तहरीर में दो व्यक्तियों पर उनके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने और उनको मारने-पीटने का आरोप लगाया गया है."

लड़की को पत्थर से कुचल कर भाग गए थे आरोपी

रिपोर्ट के मुताबिक लड़की को पत्थर से कुचलने के बाद आरोपी उसे मृत समझ कर फरार हो गए. गंभीर हालत में लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची. घरवालों ने तुरंत उसे अस्पताल में भर्ती कराया. फिर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि इस मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं. कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है. जल्द ही दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

इससे पहले लखनऊ के गोमती नगर में एक महिला से हुई सामूहिक बदसलूकी का मामला सुर्खियों में आया था. 31 जुलाई को भारी बारिश के बाद लखनऊ के कई इलाकों में पानी भर गया था. गोमतीनगर थाने के पास कुछ लोगों ने बाइक पर सवार महिला पर बारिश का पानी डाल दिया था. इस कारण बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और महिला पानी में गिर गई थी. तब पुलिस ने वहां से लोगों को मार-मार कर भगाया था.

ये भी पढ़ें- लखनऊ: बीच सड़क महिला से सामूहिक बदसलूकी हुई, सरकार ने कई पुलिसवालों का हिसाब कर दिया

वीडियो: लखनऊ में महिला से बदसलूकी, सीएम योगी ने लिया एक्शन, 2 IPS को पद से हटाया

Advertisement