छत्तीसगढ़ में CRPF के एक जवान ने अपने ही साथी जवानों पर गोलियां बरसा दीं. इस फायरिंग में 4 जवानों की मौत हो गई, जबकि 3 जवान घायल हो गए. इनमें से 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना सोमवार 8 नवंबर को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में हुई. यहां स्थित CRPF कैंप में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब रीतेश रंजन नाम के CRPF कॉन्स्टेबल ने अपने ही साथी जवानों पर अंधाधुंध गोलियां चलाना शुरू कर दीं. इंडिया टुडे से जुड़े कमलजीत की रिपोर्ट मुताबिक CRPF की 50वीं बटालियन का ये कैंप राजधानी रायपुर से लगभग 400 किलोमीटर दूर सुकमा जिले के लिंगनपल्ली गांव में स्थित है.
सर्विस राइफल से की फायरिंग
इस घटना के बाद बस्तर रेंज के आईजी सुंदरराज पी ने मीडिया से बात की. उन्होंने कहा,
“मराईगुड़ा थाना अंतर्गत CRPF कैंप में सुबह करीब 3.45 बजे जवान रीतेश रंजन ने अपनी सर्विस राइफल AK-47 से साथी जवानों पर ताबड़तोड़ फ़ायरिंग शुरू कर दी. 7 जवान अचानक हुई इस फ़ायरिंग की चपेट में आ गए. तीन जवानों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. एक जवान की अस्पताल में मौत हो गई. 3 अन्य घायल जवानों को भद्रचलम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया था. हालत बिगड़ने पर 2 जवानों को एयरलिफ्ट कर रायपुर ले जाया गया. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.“
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले में मारे गए जवानों के नाम हैं राजमणी कुमार यादव, रजीब मोन्डाल, धनजी और धर्मेन्द्र कुमार. वहीं घायल हुए जवानों के नाम धनंजय कुमार सिंह, धर्मात्मा कुमार और मलय रंजन महाराणा बताए गए हैं.
सीएम भूपेश बघेल ने जताया दुख इस घटना पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख जताया है. उन्होंने ट्विटर पर लिखा,
"सुकमा जिले के मरईगुड़ा लिङ्गलपल्ली सीआरपीएफ कैंप में एक जवान द्वारा फायरिंग की घटना में 4 जवानों की मृत्यु की घटना बेहद दुखद एवं दुर्भाग्यजनक है. पुलिस अधिकारियों से कहा है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं. मृतक जवानों के परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं. घायल जवानों के बेहतर इलाज हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया है."
वहीं CRPF के अधिकारियों ने कहा कि फिलहाल उन्हें इस हमले के पीछे के उद्देश्य की जानकारी नहीं है. इसका पता लगाया जा रहा है. उनके मुताबिक आरोपी सीआरपीएफ कॉन्स्टेबल रीतेश रंजन को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है. सीआरपीएफ ने कोर्ट ऑफ इंक्वारी के आदेश दे दिए हैं. वहीं पुलिस भी जांच में जुट गई है.