The Lallantop

टीम इंडिया पर नस्लीय टिप्पणी करने के आरोपियों के साथ क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ये क्या किया!

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस घटना की जांच कर रहा है

Advertisement
post-main-image
Mohammed Siraj की शिकायत के बाद Team India से बात करते Umpires (एपी फोटो)
भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट क्रिकेट सीरीज के दौरान टीम इंडिया के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की गई थी. इस घटना के छह आरोपी दर्शकों को क्लीनचिट दिए जाने की खबर है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मामले की जांच रिपोर्ट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) को भेजी है. इसमें उसने माना है कि मैच के दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे कुछ लोगों ने भारतीय खिलाड़ी मोहम्मद सिराज के लिए नस्लीय टिप्पणी की थी. हालांकि बोर्ड ने यह भी कहा कि इस घटना के बाद जिन छह लोगों को मैदान से बाहर किया गया था, वे टिप्पणी करने वालों में शामिल नहीं थे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की मानें तो इस घटना के लिए असल में जिम्मेदार लोगों की पहचान नहीं हो पाई. फिलहाल मामले की जांच जारी है और छह आरोपियों को क्लीनचिट दी गई है. बता दें कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने न्यू साउथ वेल्स पुलिस के साथ मिलकर इस मामले की जांच शुरू की थी. इस बारे में जानकारी देते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के एक अधिकारी सीन कैरोल ने कहा है,
''क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस बात की पुष्टि करता है कि भारतीय टीम पर नस्लीय टिप्पणी की गई. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस मामले में अपनी जांच को जारी रख रहा है. CCTV फुटेज, टिकट के डेटा की मदद के साथ दर्शकों का इंटरव्यू करके इस मामले को सुलझाने की कोशिश की जा रही है.''
उन्होंने आगे कहा,
''अभी तक जांच इस नतीजे पर पहुंची है कि जिन लोगों को सिडनी टेस्ट के चौथे दिन नस्लवाद के आरोप में बाहर किया गया था, वे उसमें शामिल नहीं हैं.''

अंपायरों ने की थी मैदान छोड़ने की पेशकश

टेस्ट सीरीज के दौरान टीम की कमान संभाल रहे अजिंक्य रहाणे और गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने बताया था कि सिडनी में हुई इस घटना के बाद अंपायरों ने टीम इंडिया को मैदान छोड़कर जाने की पेशकश की थी. लेकिन उसने मैदान पर बने रहने का फैसला लिया. रहाणे ने इंडियन एक्सप्रेस से बात करते हुए कहा था,
''सिडनी में जो कुछ भी हुआ वो बेहद खराब था. इसे किसी तरह से भी स्वीकार नहीं किया जा सकता. जब भी हम विदेशों में जाते हैं तो वहां के फैंस अपनी टीम को चीयर करने के लिए विदेशी टीमों के साथ बदतमीजी करते हैं. लेकिन जब आपके रंग को लेकर ऐसी नस्लीय टिप्पणी होती है तो ये बर्दाश नहीं की जा सकती. मैंने अधिकारियों को यही कहा कि जिन्होंने भी इस तरह का काम किया है, हमारी जगह उन्हें मैदान से बाहर निकालिए.''
इस मामले में टीम इंडिया के खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के क्रिकेट फैंस और अन्य क्रिकेटरों की प्रतिक्रियाएं आई थीं. खुद ICC ने भी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से इस मामले में संज्ञान लेने की बात कही थी. हालांकि उसकी रिपोर्ट से पता चलता है कि अभी तक क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया नस्लीय टिप्पणी करने वालों की पहचान भी नहीं कर पाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement