The Lallantop

क्लास में बंदूक लेकर घुसा, बच्चों को धमकाया, फिर DSP ने जो किया वो फिल्मी स्टोरी से कम नहीं

बदमाश बोला- "कोई भी पुलिसवाला दिखा तो बच्चों को मार दूंगा". फिर...

Advertisement
post-main-image
क्लास में घुसे बंदूकधारी को पुलिस वाले ने दबोचा (फोटो- इंडिया टुडे)

पश्चिम बंगाल का मालदा जिला. बच्चों से भरी क्लास में एक बदमाश अचानक बंदूक लेकर घुस गया. बंदूक तानकर बच्चों को बंधक बनाने की मंशा थी. लेकिन एक पुलिस अधिकारी की सूझ-बूझ ने पूरे प्लान पर पानी फेर दिया. पुलिस अधिकारी मीडिया कर्मी बनकर वहां पहुंचा. जान की परवाह किए बिना बदमाश के पास दौड़ा और उसे दबोच लिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है. बहादुर पुलिस अधिकारी के साहस की हर तरफ चर्चा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मामला मुचिया चंद्रमोहन हाई स्कूल का है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दोपहर के वक्त अचानक एक बदमाश 7वीं क्लास के रूम में घुस गया. वहां करीब 71 बच्चे मौजूद थे. उसके एक हाथ में बंदूक और दूसरे में कागज था. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसके पास एसिड भरी बोतलें भी थीं. वो छात्रों पर बंदूक तानकर चिल्लाने लगा. आरोपी ने कथित तौर पर बच्चों और टीचर को जान से मारने की धमकी दी.

स्कूल वालों ने पुलिस को बुलाया

स्कूल वालों ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी. SP प्रदीप कुमार यादव के नेतृत्व में पुलिस की टीम स्कूल पहुंची. आरोप है कि बदमाश ने स्कूल वालों को धमाकाया कि अगर कोई पुलिस वाला दिखा तो गोली चला देगा. आरोपी का नाम देव बल्लव है.  

Advertisement

तभी पुलिस टीम में शामिल DSP अजहरुद्दीन खान ने अपनी वर्दी उतारी और स्कूल में मौजूद एक शख्स से कपड़े मांगकर पहने. सूत्रों के मुताबकि, अज़हरुद्दीन ने टी-शर्ट और चप्पल पहनी और एक रिपोर्टर बनकर क्लास में घुसे. वो बल्लव से सवाल पूछने के बहाने क्लास के बाहर तक पहुंचे और दौड़कर उस पर हमला किया. बाकी लोग भी पीछे से आए और आरोपी को पकड़ लिया गया. फिलहाल बल्लव पुलिस हिरासत में है.

इंडिया टुडे से बात करते हुए अजहरुद्दीन ने कहा,

मेरी पहली और एकमात्र प्राथमिकता उन सभी बच्चों को सुरक्षित बचाना था. आज अगर किसी मां ने अपना बच्चा खोया होता तो मैं खुद को माफ नहीं कर पाता.

Advertisement

मालदा के SP प्रदीप कुमार यादव ने बताया,

हमें सूचना मिली कि कोई स्कूल में घुसा है. पता चला कि उसके पास हथियार थे. हमने उससे बातचीत की और बिना किसी के हताहत हुए उसे गिरफ्तार कर लिया. शुरूआती जांच में लग रहा है कि बच्चों की कस्टडी को लेकर अपनी पत्नी के साथ कुछ पारिवारिक समस्या के चलते आरोपी ने ये काम किया है. आगे की जांच जारी है.

साजिश में ‘दिल्ली का हाथ’!

मामले पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बयान भी सामने आया है. NDTV की रिपोर्ट मुताबिक CM बनर्जी ने कहा,

मैं पुलिस अधिकारियों और मीडिया को बधाई देती हूं. उन्होंने हमें गहरी साजिश से बचाया है. मुझे विश्वास है कि इसमें दिल्ली शामिल है. मुझे नहीं पता कि ये वास्तव में कौन कर रहा है लेकिन साजिश के पीछे दिल्ली का हाथ है. विपक्षी पार्टी वाले राज्य को परेशान करने की कोशिश की जा रही है. वो शुरू से ही मेरे साथ ऐसा करते आ रहे हैं.

इधर पश्चिम बंगाल बीजेपी अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा,

माननीय मुख्यमंत्री ने कहा कि वो कोलकाता को लंदन में बदल देंगी, लेकिन मैंने तो अमेरिका में ऐसी बंदूकधारियों से संबंधित घटनाओं के बारे में सुना है. अब ये हमारे कस्बों और गांवों में हो रहा है. 

उन्होंने आगे कहा कि कल्पना कीजिए कि कानून और व्यवस्था की कितनी भयानक स्थिति बन गई है.

वीडियो: रामनवमी पर बंगाल दंगों में अरेस्ट 'बंदूकबाज' पर मां ने क्या बता दिया?

Advertisement