The Lallantop

क्या राजस्थान के अंता में कांग्रेस के रोड-शो में इतनी भीड़ उमड़ी?

इस तस्वीर की सच्चाई थोड़ी-सी अलग है...

Advertisement
post-main-image
7 दिसंबर राजस्थान इलेक्शन में मतदान की तारीख है. इसके आसपास कांग्रेस समर्थकों के बीच ये तस्वीर काफी शेयर हो रही है. उनका कहना है कि अन्ता विधानसभा क्षेत्र में हुआ ये रोड शो राजस्थान का सबसे बड़ा रोड शो था. जबकि ये राजस्थान की नहीं है.
7 दिसंबर को राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग हो रही है. 5 दिसंबर की शाम को चुनाव प्रचार का काम रुक गया. आचारसंहिता लागू हो गई. इसके बाद पार्टियां जमीन पर तो नहीं प्रचार कर सकती थीं. मगर सोशल मीडिया पर क्या रोक-टोक? पॉलिटिकल पार्टियों के समर्थक अपने-अपने हिसाब से अपील कर रहे हैं. दिखा रहे हैं कि माहौल उनके ही पक्ष में है. ऐसे में ही एक फोटो वायरल हो रही है. कांग्रेस सपोर्टर्स इसे राजस्थान का सबसे बड़ा रोड शो बता रहे हैं. हमारे एक रीडर चेतन ने इस फोटो की सच्चाई पता लगाने के लिए हमें मेल किया.
क्या है इस वायरल पोस्ट में? एक तस्वीर है. किसी आबादी वाले इलाके की फोटो है. बहुत भीड़ है. बहुत का मतलब बहुत ही ज्यादा. जिधर देखो, उधर लोग ही लोग. सड़क पर जहां तक निगाहें देख पाती हैं, भीड़ जमा है. घरों की छतों पर भी लोग जुटे हैं. देखने से लगता है कि कोई पॉलिटिकल प्रोग्राम है. क्योंकि हमें भीड़ में कांग्रेस का झंडा दिखता है. इस फोटो को शेयर करने वाले इसे राजस्थान का सबसे बड़ा रोड शो बता रहे हैं. उनके मुताबिक, ये राजस्थान के अन्ता विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर है. कुछ लिखने वाले फोटो शेयर करते हुए 'फीलिंग शानदार' भी लिख रहे हैं.
वायरल पोस्ट में लोग ये तस्वीर शेयर करके ये दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि राजस्थान में कांग्रेस को कितना अपार समर्थन मिल रहा है.
वायरल पोस्ट में लोग ये तस्वीर शेयर करके ये दिखाने की कोशिश कर रहे हैं कि राजस्थान में कांग्रेस को कितना अपार समर्थन मिल रहा है.

 
ये देखिए. समर्थक इस तस्वीर को अपनी प्रोफाइल फोटो तक बना ले रहे हैं.
ये देखिए. समर्थक इस तस्वीर को अपने कवर फोटो में लगा ले रहे हैं.

सच क्या है? ये फोटो है तो कांग्रेस के ही रोड शो की. मगर राजस्थान की नहीं. ये तेलंगाना की फोटो है. हमने खोजा, तो हमको ये तस्वीर अपने असली संदर्भ-प्रसंग के साथ मिल भी गई. कहां मिली? मोहम्मद अजहरुद्दीन की ट्विटर वॉल पर. वही अजहर जो पहले इंडियन क्रिकेट टीम के कप्तान हुआ करते थे, अब कांग्रेस के नेता हैं. 5 दिसंबर को उन्होंने ये तस्वीर ट्वीट की थी. तस्वीर के साथ जो टेक्स्ट था, उसमें लिखा था-
अपने गृह राज्य तेलंगाना में चुनाव प्रचार करना हमेशा स्पेशल से ज्यादा वाला अनुभव होता है. लोग बहुत प्यार दे रहे हैं. बहुत जोश दिखा रहे हैं. अभिभूत हूं.
इसके साथ उन्होंने कांग्रेस, तेलंगाना कांग्रेस और राहुल गांधी को टैग भी किया था. अजहर ने दो तस्वीरें पोस्ट की थीं. एक में वो गाड़ी के ऊपर खड़े हैं और भीड़ की तरफ देख रहे हैं. दूसरी तस्वीर वही वाली है, जो राजस्थान का बताकर वायरल हो रही है. कांग्रेस में कर्नाटक के सोशल मीडिया इंचार्ज श्रीवत्स ने अपने वेरिफाइड ट्विटर अकाउंट से इस तस्वीर समेत भीड़ वाली और कई तस्वीरें शेयर की हैं. आप तो जानते ही हैं. लल्लनटॉप की पांच टीमें एक महीने से भी ज्यादा वक्त से फील्ड में चुनाव कवर कर रही हैं. छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के साथ-साथ राजस्थान को भी पूरा कवर किया है हमने. तो वायरल पोस्ट में फोटो जिस अन्ता विधानसभा क्षेत्र की बताई जा रही है, वहां हमारी टीम भी पहुंची थी. उसका वीडियो देखना चाहें, तो इस लिंक पर क्लिक करके देख सकते हैं. 



मछलियों की जान बचाने के लिए बाबा मरने को तैयार हैं

क्या सचिन पायलट को कांग्रेस के बड़े नेता बीडी कल्ला से कोई शिकायत है?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement