The Lallantop

घर पर पत्थरबाजी-आगजनी हुई तो हिंदू धर्म के लिए क्या बोल गए सलमान खुर्शीद?

सलमान खुर्शीद के घर आग लगाने वालों के पास बीजेपी का झंडा होने की बात कही गई है.

Advertisement
post-main-image
सलमान खुर्शीद के घर आग लगाने वालों के साथ में बीजेपी का झंडा देखा गया
कांग्रेस नेता सलमान ख़ुर्शीद के घर पर तोड़फोड़ और आगजनी की गई है. ये हिंसा उनके नैनीताल स्थित घर पर हुई है. इसे सलमान खुर्शीद की नई किताब “सनराइज़ ओवर अयोध्या: नेशनहुड इन आवर टाइम्स” पर मचे बवाल से जोड़कर देखा जा रहा है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने अपने फेसबुक अकाउंट से हिंसा में क्षतिग्रस्त हुए घर की तस्वीरें पोस्ट की हैं. साथ ही लिखा है,
क्या अब भी मेरा ये कहना गलत है कि ये (हिंसा) हिंदू धर्म नहीं हो सकता?
एक और पोस्ट में खुर्शीद ने कहा,
तो बहस अब ऐसी हो गई है. शर्म बहुत बेअसर शब्द हो गया है. लेकिन मैं अब भी उम्मीद करता हूं कि हम कुछ और नहीं तो एक दिन साथ बैठकर विचार तो कर सकते हैं.
घटना के बाद समाचार एजेंसी एएनआई से बाततीच में सलमान खुर्शीद ने कहा,
'मैंने (अपनी किताब में) कहा है कि ऐसे लोगों का हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है. हिंदू धर्म एक खूबसूरत धर्म है जिसने इस देश को कमाल की संस्कृति दी है और मुझे इस पर गर्व है. ये हमला मुझ पर नहीं है, बल्कि हिंदू धर्म पर है.'
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने भी सलमान खुर्शीद के घर पर हुए इस हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने ट्विटर पर कहा है,
ये शर्मनाक है. सलमान खुर्शीद एक ऐसे राजनेता हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्लेटफॉर्म्स पर भारत को गौरवान्वित किया है और हमेशा देश के उदारवादी और मध्यमार्गी चेहरे को सामने रखा है. ऐसी असहिष्णुता पर सत्ता में बैठे लोगों को बोलना चाहिए.

आगजनी करने वालों में बीजेपी के लोग शामिल?

सलमान खुर्शीद की किताब को लेकर बीजेपी नेता उन पर खासे हमलावर हैं. अब कहा जा रहा है कि इस हमले में बीजेपी के लोग शामिल थे. घटना का वीडियो शेयर करते हुए पत्रकार जैनेंद्र कुमार ने लिखा,
कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद के नैनीताल के घर पर आगजनी, पत्थरबाजी. उपद्रवियों के हाथ में बीजेपी का झंडा था और वे साम्प्रदायिक नारे लगा रहे थे. अपनी किताब में हिंदुत्व की तुलना आतंकी आईएसआईएस और बोको हराम जैसे संगठनों से करने के बाद से खुर्शीद हिंदुत्ववादी संगठनों के निशाने पर हैं.

हिंदुत्व की तुलना ISIS से?

सलमान ख़ुर्शीद पर आरोप है कि उन्होंने अपनी किताब में हिंदुत्व की तुलना ISIS और बोको हराम जैसे खतरनाक आतंकी संगठनों की विचारधारा से की है. हालांकि सलमान ख़ुर्शीद ने सफ़ाई पेश कर कहा था कि उन्होंने ISIS और हिंदुत्व को एक नहीं बताया है. समाचार एजेंसी ANI से ख़ुर्शीद ने कहा था,
मैंने ये नहीं कहा कि हिंदुत्व और ISIS एक हैं. मैंने ये कहा कि वो दोनों मिलते-जुलते हैं. मैंने ये भी कहा कि ISIS और बोको हराम इस्लाम के नाम का ग़लत इस्तेमाल कर रहे हैं, लेकिन इस्लाम धर्म को मानने वालों ने इस बात का विरोध नहीं किया. किसी ने नहीं कहा कि मैं उनके धर्म को बदनाम कर रहा हूं. ऐसा लगता है कुछ लोग हिंदू धर्म को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं. ये लोग ही हिंदुइज़्म के असल दुश्मन हैं. उनको डर है कि उनकी सच्चाई सामने आ जाएगी.
सोमवार 15 नवंबर को हुई इस हिंसा के बाद आजतक से बातचीत में सलमान ख़ुर्शीद ने कहा कि उन्हें हिंदू धर्म पर गर्व है और आगज़नी की घटना ने ये साबित कर दिया है कि वो सही थे. ऐसे लोगों को हिंदू धर्म से कोई लेना-देना नहीं है.

Advertisement
Advertisement