The Lallantop

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा एयरपोर्ट से अरेस्ट, असम पुलिस के कहने पर दिल्ली पुलिस का एक्शन

इंडिगो की फ्लाइट 6E-204 में सभी नेता बैठ चुके थे, उसी वक्त पवन खेड़ा को फ्लाइट से उतरने को कहा गया.

Advertisement
post-main-image
दिल्ली एयरपोर्ट पर पवन खेड़ा और कांग्रेस के नेता. (तस्वीरें कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से साभार हैं.)

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया है. पवन खेड़ा गुरूवार, 23 फरवरी को कांग्रेस नेताओं के साथ रायपुर में होने वाले कांग्रेस अधिवेशन में शामिल होने के लिए इंडिगो की फ्लाइट से रवाना होने वाले थे. तभी दिल्ली पुलिस ने उन्हें फ्लाइट से उतारकर हिरासत में ले लिया. दिल्ली पुलिस का दावा है कि असम पुलिस की सिफारिश पर दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
असम पुलिस ने कहा- खेड़ा को लेकर आएंगे

आजतक से जुड़ीं सुप्रिया भारद्वाज की खबर के मुताबिक इस मामले पर असम पुलिस का बयान आया है. आईजीपी प्रशांत कुमार भुइयां ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि असम के दीमा हसाओ के हाफलोंग में कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. इस मामले में असम पुलिस उनकी रिमांड लेने के लिए दिल्ली रवाना हुई है. उन्होंने आगे कहा कि असम पुलिस ने दिल्ली पुलिस से पवन खेड़ा को गिरफ्तार करने की अपील की थी. अब उन्हें स्थानीय कोर्ट से इजाजत लेने के बाद असम लाया जाएगा.

कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक टिप्पणी की थी. जिसका BJP काफी विरोध कर रही है. असम पुलिस की इस कार्रवाई को खेड़ा के उसी बयान से जोड़कर देखा जा रहा है.

Advertisement
कांग्रेस ने कहा- तानाशाही चल रही है

आजतक से जुड़े अरविंद ओझा की रिपोर्ट के मुताबिक पवन खेड़ा की गिरफ्तारी के विरोध में उनके साथ मौजूद कांग्रेसी नेता दिल्ली एयरपोर्ट पर ही धरने पर बैठ गए. कांग्रेस ने इसे मोदी सरकार की तानाशाही बताया. पार्टी ने इस मामले को छत्तीसगढ़ में कांग्रेस अधिवेशन से जोड़ा है. कांग्रेस का आरोप है कि रायपुर में होने वाले राष्ट्रीय अधिवेशन को बाधित करने के लिए ये कार्रवाई की गई है.

कांग्रेस ने अपने ट्विटर हैंडल से जानकरी देते हुए लिखा कि इंडिगो की फ्लाइट 6E-204 में सभी नेता बैठ चुके थे, उसी वक्त पवन खेड़ा को फ्लाइट से उतरने को कहा गया. एक के बाद एक किए ट्वीट में कांग्रेस ने पीएम मोदी को तानाशाह बताते हुए लिखा,

"तानाशाह ने अधिवेशन से पहले ED के छापे मरवाए और अब इस तरह की हरकत पर उतर आया. पहले छत्तीसगढ़ में नेताओं के यहां ED को भेजा गया... अब, कांग्रेस अधिवेशन में भाग लेने जा रहे पवन खेड़ा को फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया गया. ये तानाशाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी... हम लड़ेंगे और जीतेंगे."

Advertisement

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने ट्वीट कर कहा,

"पहले ED ने रायपुर में छापामारी की, अब पवन खेड़ा को दिल्ली पुलिस द्वारा रायपुर के एयरप्लेन से उतारा गया है. तानाशाही का दूसरा नाम अमितशाही है. मोदी सरकार हमारे राष्ट्रीय महाअधिवेशन को बाधित करना चाहती है. हम डरने वाले नहीं हैं, देशवासियों के लिए संघर्ष करते रहेंगे."

प्लेन से उतारे जाने के बाद पवन खेड़ा का भी बयान आया. उन्होंने कहा,

“मुझे कहा गया कि आपके सामान को लेकर कुछ समस्या है, जबकि मेरे पास केवल एक हैंडबैग है. जब फ्लाइट से नीचे आया तो बताया गया कि आप नहीं जा सकते हैं. फिर कहा गया- आपसे DCP मिलेंगे. मैं काफी देर से इंतजार कर रहा हूं. नियम, कानून और कारणों का कुछ अता-पता नहीं है.”

Indigo ने बयान किया जारी

आजतक के मुताबिक Indigo ने बयान जारी कर बताया है कि एक यात्री को दिल्ली एयरपोर्ट पर दिल्ली-रायपुर फ्लाइट से नीचे उतारा गया है. इसके बाद कुछ और यात्रियों ने भी नीचे उतरने का फैसला किया. इंडिगो के मुताबिक उसके अधिकारी अथॉरिटी के निर्देशों का पालन कर रहे हैं. फ्लाइट में देरी के लिए कंपनी ने यात्रियों से माफी मांगी है. इंडिगो ने फ्लाइट को रद्द कर दिया है. यात्रियों को दूसरी फ्लाइट से रायपुर भेजा जाएगा.

वीडियो: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मोदी का फुल फॉर्म बताया: मसूद, ओसामा, दाऊद और आईएस

Advertisement