मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी जनता से NOTA बटन दबाने की अपील कर रही है (MP Congress NOTA). पार्टी का दावा है कि ये कदम BJP को रास्ते पर लाने के लिए उठाया गया है. मामला कांग्रेस उम्मीदवार के पार्टी छोड़ने से जुड़ा है. इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने आखिरी दिन अपना नामांकन वापस लेकर BJP से हाथ मिला लिया था. इस बात से कांग्रेस भड़की हुई है.
NOTA दबाओ NOTA... इस सीट पर कांग्रेस वाले हर किसी से ऐसा क्यों कह रहे?
Congress पार्टी ने Madhya Pradesh की Indore लोकसभा सीट पर बड़ा कदम उठाया है. BJP क्या इससे मुश्किल में आ जाएगी?

इसी कड़ी में कांग्रेस ने नोटा का प्रचार करने का फैसला लिया है. MP कांग्रेस चीफ जीतू पटवारी ने कहा है कि पार्टी किसी भी उम्मीदवार का समर्थन नहीं करेगी. उन्होंने BJP को सबक सिखाने के लिए लोगों से नोटा वोटों का रिकॉर्ड बनाने का आग्रह किया है.
वरिष्ठ कांग्रेस नेता सज्जन वर्मा ने एक वीडियो पोस्ट में कहा,
हमारे कांग्रेस उम्मीदवार को कुछ लोगों ने चुरा लिया है. उन लोगों ने आपको आपके वोट देने के अधिकार से वंचित कर दिया है. अगर आप इन चोरों को सबक सिखाना चाहते हैं तो नोटा बटन दबाएं और लोकतंत्र को बचाएं.
वरिष्ठ कांग्रेस नेता शोभा ओझा ने PTI से कहा,
इंदौर के मतदाताओं ने पिछले नगर निगम और विधानसभा चुनावों में BJP को भारी जीत दिलाई थी. इसके बावजूद BJP ने अक्षय कांति बम को गलत तरीके से लालच देकर लोकतंत्र की हत्या कर दी. मतदाताओं को नोटा ऑप्शन चुनकर BJP को करारा जवाब देना चाहिए.
बता दें, इंदौर लोकसभा सीट को कांग्रेस पिछले 35 सालों में एक बार भी जीत नहीं पाई है और ये पहली बार है जब पार्टी सीट पर अपना उम्मीदवार तक नहीं उतार पाई. अक्षय के BJP में जान के बाद, कांग्रेस ने उनकी जगह दूसरे उम्मीदवार को खड़ा करने के लिए हाई कोर्ट में याचिका डाली जो कि खारिज कर दी गई.
कांग्रेस के नोटा कैंपेन पर BJP की प्रतिक्रिया भी सामने आई है. मध्य प्रदेश BJP चीफ वीडी शर्मा ने कहा कि लोगों को नोटा दबाने के लिए उकसाना लोकतंत्र में अपराध है.
ये भी पढ़ें- यूपी में दो जगह लगे आरोप, कोई भी बटन दबाओ वोट कमल और निर्दलीय को
इंदौर में 13 मई को चौथे चरण में लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होगा.
वीडियो: इंदौर को सबसे साफ शहर बनाने वाली इंदिरा दीदी ने PM मोदी से क्या मांग की?











