हरियाणा के नूह (Nuh Violence) जिले में भड़की सांप्रदायिक हिंसा में तीन लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है. जिले में इंटरनेट स्सपेंड कर दिया गया है. धारा 144 लागू है. केंद्र सरकार से एक्ट्रा फोर्स की भी मांग की गई है.
हरियाणा: गुरुग्राम तक पहुंची नूह में शुरु हुई हिंसा, गाड़ियां फूंकीं, तीन की मौत
सोहना के एक बाईपास पर दो समुदायों के लोगों के बीच पथराव हुआ. तीन गाड़ियों को तोड़ा गया और एक गाड़ी में आग लगा दी गई.


इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, जिन तीन लोगों की मौत हुई उनमें से दो होमगार्ड थे. उनकी पहचान नीरज और गुरसेवक के तौर पर हुई. एक अन्य शख्स को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया. घटना में कई लोग घायल हुए हैं.
नूह के बाद गुरुग्राम जिले के सोहना से भी बवाल की खबर आई. रिपोर्ट के मुताबिक सोहना के एक बाईपास पर दो समुदायों के लोगों के बीच पथराव हुआ. तीन गाड़ियों को तोड़ा गया और एक गाड़ी में आग लगा दी गई. इस दौरान दो लोग घायल हुए हैं, जिसके बाद वहां पुलिस बल की तैनाती की गई.
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज की मांग पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 8 अगस्त तक CAPF की 20 कंपनियां उपलब्ध कराई हैं.
आज तक से जुड़े नीरज वशिष्ठ की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुग्राम के सेक्टर 56 इलाके में अंडर कंस्ट्रक्शन मस्जिद के बाहर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद मस्जिद के इमाम और एक अन्य शख्स पर चाकू से हमला और फायरिंग की गई. खबर है कि हमले में मस्जिद के मौलाना मोहम्मद साद की मौत हो गई.
घटना देर रात की है. उस वक्त मौलाना कमरे में सो रहे थे. तभी अचानक पथराव और फायरिंग होने लगी. अन्य शख्स के सिर पर लाठी-डंडों से हमला कर पैर में मारी गोली मारी गई. उसकी हालात भी गंभीर बताई जा रही है.
कैसे हुई शुरुआत?हरियाणा के मेवात क्षेत्र में 31 जुलाई को बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद की ओर से ‘बृज मंडल जलाभिषेक यात्रा’ निकाली गई थी. दोपहर करीब एक बजे यात्रा फिरोजपुर झिरका के लिए रवाना हुई. रास्ते में तीन जगहों पर लगभग 1,000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था.
पुलिस ने बताया कि करीब 5 किलोमीटर दूर युवकों के एक ग्रुप ने जुलूस को रोका और इसके बाद दोनों पक्षों में झड़प हो गई. देखते ही देखते पथराव और आगजनी होने लगी. इस हमले में कई पुलिसवाले घायल हुए, जिनका मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है.
हिंसा के बाद मेवात क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं 2 अगस्त तक के लिए सस्पेंड कर दी गई हैं. वहीं नूह, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम जिले में धारा 144 लगाई गई है. अधिकारियों ने बताया गुरुग्राम और पलवल में सभी निजी और सरकारी स्कूल-कॉलेज एक अगस्त को बंद रहेंगे.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: Manipur हिंसा को बंगाल से जोड़ने पर भड़के CJI, पूछा- कितना रिलीफ पैकेज दिया?

















