उत्तर प्रदेश के कासगंज में गणतंत्र दिवस पर निकाली जा रही तिरंगा यात्रा ने हिंसक रूप ले लिया. इस विवाद में एक शख्स की मौत हो गई. गुस्साए लोगों ने शहर के कई अलग-अलग इलाकों में तोड़फोड़ और आगजनी की. कासगंज में कर्फ्यू लगा. मृतक चंदन गुप्ता के परिवार को मुख्यमंत्री ने मुआवजे का आश्वासन दिया.
कासगंज में तिरंगा यात्रा के दौरान हुई हिंसा और मौत के पीछे किसकी गलती?
पथराव और फायरिंग के बाद पसरे सन्नाटे की डरावनी तस्वीरें.


हिंसा भड़कने के बाद कासगंज में पुलिस
26 जनवरी की सुबह कुछ हिंदूवादी संगठन तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे. जब वो मुस्लिम-बहुल इलाके बड्डू नगर से गुज़रे, तो उनकी कहासुनी हो गई. ये बात इतनी आगे बढ़ गई कि इलाके के लोगों ने यात्रा निकाल रहे लोगों पर पथराव शुरू कर दिया.

पुलिस के मुताबिक पथराव के बाद ही हिंसा ने भीषण रूप ले लिया, एक शख्स की मौत हो गई और कई घायल हो गए. इलाके में घिरने के बाद यात्रा निकाल रहे लोग अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग निकले थे. इसके बाद उनकी गाड़ियों पर भी पथराव किया गया.
बड्डू नगर में ये घटना होने के बाद हिंदूवादी संगठनों ने कोतवाली को घेर लिया और खूब नारेबाजी की. एक स्थानीय पत्रकार अशोक कुमार ने बीबीसी को बताया कि इस घटना के बाद पथराव और आगजनी के अलावा फायरिंग भी हुई. इसी फायरिंग में चंदन गुप्ता की मौत हुई, जबकि नौशाद नाम का एक शख्स घायल हो गया.

कासगंज में हुई आगजनी
देर शाम पोस्टमॉर्टम होने के बाद चंदन के अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों ने सड़क किनारे खड़ी दो बसों और एक खोखे में आग लगा दी. करीब आधा दर्जन दुकानों में भी आग लगाए जाने की खबर है. ADM राकेश कुमार ने बताया कि ये यात्रा बिना किसी इजाज़त के निकाली जा रही थी.

आग बुझाते पुलिसवाले
किसने पहले भड़काऊ नारे लगाए, नहीं पता
कासगंज में हुई हिंसा को लेकर तमाम तरह की बातें की जा रही हैं, लेकिन असली वजह कुछ साफ नहीं.

विरोध प्रदर्शन करते लोग
पुलिस के मुताबिक फिलहाल हालात कंट्रोल में हैं और कासगंज में कर्फ्यू लागू कर दिया गया है. यहां पुलिसकर्मी और PAC जवान भारी तादाद में तैनात किए गए हैं. यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने चंदन के परिवार को मुआवजे का आश्वासन दिया है. चंदन का परिवार ज़िद कर रहा था कि सीएम से आश्वासन मिलने के बाद ही अंतिम संस्कार किया जाएगा.

कर्फ्यू के बाद कासगंज
सीएम योगी ने इस घटना की आलोचना करते हुए लोगों ने शांति बनाए रखने की अपील की है. घटना के बाद कासगंज पहुंचे एटा के बीजेपी सांसद राजवीर सिंह ने कहा कि ये प्री-प्लान्ड घटना है और न्याय मिलने तक वो चैन से नहीं बैठेंगे.

कासगंज में सांसद राजवीर
ये भी पढ़ें:
कहानी उस जवान की, जिसे जानकर राष्ट्रपति कोविंद भी रोने लगे
स्कूल बस पर हमले में 'मुस्लिमों' के पकड़े जाने का सच जान लो
100 साल पहले बना दुनिया का सबसे नया धर्म, जिसमें कोई पुजारी नहीं होता













