पश्चिम बंगाल में वोटिंग के बीच गुंडई, बाबुल सुप्रियो की गाड़ी तोड़ी गई
हंगामे को देखते हुए पुलिस को जमकर लाठीचार्ज करनी पड़ी
Advertisement

आसनसोल में बाबुल सुप्रीयो की गाड़ी पर हमला किया गया.
लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए 9 राज्यों की 72 सीटों पर वोटिंग हो रही है. चौथे चरण के लिए बिहार की 5, जम्मू-कश्मीर की 1, झारखंड की 3, मध्य प्रदेश की 6, महाराष्ट्र की 17, ओडिशा की 6, उत्तर प्रदेश की 13, राजस्थान की 13, और पश्चिम बंगाल की 8 सीटों पर वोटिंग हो रही है. इस बीच पश्चिम बंगाल के आसनसोल से खबर आ रही है कि बीजेपी और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प हुई. इस झड़प को शांत करने के लिए पुलिस को लाठियां भी चलानी पड़ी. ये हंगामा उस वक्त शुरू हुआ जब आसनसोल के बूथ नंबर 199 पर बीजेपी सांसद और उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो पहुंचे. उनके पहुंचते ही टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया. यहां तक कि हंगामे के बीच उनकी गाड़ी पर हमला भी किया गया. जिसमें उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए.
ये विरोध उस वक्त शुरू हुआ जब आसनसोल से सांसद और बीजेपी के उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो बूथों का मुआयना कर रहे थे. बूथ पर बाबुल सुप्रियो की मौजूदगी देखकर टीएमसी कार्यकर्ता भड़क गए और उनका विरोध करने लग गए. इसी विरोध के बीच किसी ने उनके गाड़ी पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी गाड़ी के शीशे टूट गए.
पोलिंग बूथ के बाहर हंगामे को देखते हुए पुलिस को लाठीचार्ज तक करना पड़ा. आरोप ये भी है कि बीजेपी कार्यकर्ता जब नारेबाजी कर रहे थे तभी कुछ लोगों ने उनपर बम से हमला कर दिया. इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और फोर्स की तैनाती की गई है.
वैसे ये पहला मौका नहीं है जब आसनसोल से हिंसा की खबरें आई हो, विधानसभा चुनाव के दौरान भी आसनसोल से हिंसा की कई खबरें आई थीं.
Advertisement











