The Lallantop

क्या डंपी ने ही चोरी किया है जज साहब का पपी?

बरेली का ये मामला है जहां एक जज साहब का कुत्ता डंपी नाम के पड़ोसी ने कथित तौर पर गायब कर दिया है. पुलिस हरकत में आ गई है. करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी है.

Advertisement
post-main-image
"ओए लक्की..." में पॉश घर से कुत्ता चुराता बंटी. दूसरी ओर, उस सिविल जज का कुत्ता जिसके गायब किए जाने का केस दर्ज हुआ है और पुलिस पूरी तरह हरकत में है.

सुपरचोर बंटी तो याद ही होगा. जिस पर "ओए लक्की लक्की ओए" (2008) बनी थी. बंटी दिल्ली में समृद्ध परिवारों के घरों से महंगी ब्रीड के कुत्ते चुराता था. ख़ासकर पोमेरियन. तब हाई प्रोफाइल लोगों के केस होने के बावजूद ऐसी कदमताल कभी नहीं होती थी जैसी उत्तर प्रदेश के बरेली में एक सिविल जज के कुत्ते के मामले में हो गई है. जज साहब का कुत्ता चोरी हो गया और पुलिस उसकी तलाश में निकल पड़ी है. और तो और, बताया जा रहा है कि करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है.

Advertisement

मामला बरेली की सनसिटी कॉलोनी के फेज़-1, इज़्ज़तनगर का है. जहां रहते हैं एक जज जो हरदोई में सिविल जज हैं. उनकी पत्नी ने पुलिस के पास शिकायत की है कि उनके पड़ोस में रहने वाले डंपी अहमद नाम के आदमी ने उनका पालतू कुत्ता चोरी कर लिया है. पुलिस ने FIR दर्ज की है. FIR के मुताबिक सनसिटी कॉलोनी में रहने वाले डंपी अहमद पुत्र कादिर खान ने जज के बच्चों और घर की महिलाओं को धमकाया. विरोध करने पर बदसलूकी की और जान से मारने की धमकी दी. फिर पालतू कुत्ते को गायब कर दिया.

FIR में लिखा गया है कि 16 मई, 2024 की रात लगभग 9:45 बजे डंपी अहमद की पत्नी उनके घर पहुंची. उसने जज की बेटियों को बाहर बुलाया. बाहर डंपी भी था. वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा. उसने कहा कि तुम लोगों के कुत्ते ने मेरी पत्नी के पैर में काट लिया है. कथित तौर पर उसने धमकी दी और कहा कि कुत्ते को भी मार देगा और मालिक को भी. जज की पत्नी ने कहा कि उन्होंने 18 मई की रात को कुत्ते को खुला छोड़ा था, तभी डंपी ने उसे गायब कर दिया. और आशंका है कि कुत्ते की हत्या कर दी गई है.

Advertisement

बताया जा रहा ये घटना तब हुई, जब जज लखनऊ में थे. जब उन्हें मालूम हुआ तो उन्होंने बरेली पुलिस के अधिकारियों को फोन किया. पूरी घटना बताई. इस संबंध में क्षेत्राधिकारी अनीता चौहान ने कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इसके बाद पुलिस जज के कुत्ते को तलाश करने के लिए निकल पड़ी. अभी पूरे मामले की छानबीन की जा रही है.

इस मामले में मीडिया ने जज के परिवार से बात करने की कोशिश की. लेकिन नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने बात करने से मना कर दिया. फिलहाल परिवार ने गुम हुए कुत्ते का फोटो और वीडियो पुलिस को दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने दो दर्जन अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पशु क्रूरता अधिनियम और धमकी देने को लेकर केस दर्ज हुआ है. आरोप हैं कि डंपी अहमद दबंगई करता है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज है. 

(ये ख़बर हमारे साथ इंटर्नशिप कर रहे आनंद पांडेय ने की है.)

Advertisement

वीडियो: सोशल लिस्ट : बेंगलुरु में जूते की दुकान में भी टीम मीटिंग लेती दिखी लड़की, काम के तरीकों पर छिड़ी बहस

Advertisement