The Lallantop

कर्मचारी ने शादी में अपनी मां को नहीं बुलाया, बॉस को जैसे वजह पता चली नौकरी छीन ली

China के बड़े बिजनेसमैन कुई पेइजुन (Cui Peijun) ने कर्मचारियों के साथ अपने अच्छे बर्ताव के लिए चीन में बड़ा नाम कमाया है. फरवरी 2026 में उन्होंने 18 करोड़ युआन (लगभग 253 करोड़ रुपये) का ईयर-एंड बोनस दिया. इससे उन्हें 'चीन का सबसे उदार बॉस' निकनेम भी मिला. अब एक कर्मचारी को फायर करने के चलते वो फिर चर्चा में हैं.

Advertisement
post-main-image
कर्मचारी ने अपनी मां को अपनी शादी में नहीं बुलाया था. (सांकेतिक तस्वीर: Magnific)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • चीन के हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी के फाउंडर कुई पेइजुन ने फरवरी 2026 में अपने कर्मचारियों को करीब 253 करोड़ रुपये का बोनस वितरित किया।
  • बढ़ती महंगाई और कर्मचारियों पर कर्ज का दबाव देखते हुए कुई पेइजुन ने बोनस देकर उनकी आर्थिक स्थिति सुधारने की कोशिश की।
  • कुई पेइजुन ने नौकरी से निकाले गए एक कर्मचारी को पुनः नौकरी पर नहीं रखा और उसकी मां को कंपनी में नौकरी का ऑफर दिया था।

एक कर्मचारी की जिंदगी. सैलरी आई और कुछ ही दिनों में उड़ गई. बढ़ती महंगाई और अगर लोन है तो उसकी EMI का बोझ हर महीने कंधों को और भारी कर देता है. ऐसे वक्त में एक बॉस ने कर्मचारियों के बीच करीब 253 करोड़ रुपये का बोनस बांटा, ताकि उनकी जिंदगी थोड़ी आसान हो सके. अपने स्टाफ पर मेहरबान इसी बॉस ने एक कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया. वजह? कर्मचारी ने अपनी शादी में अपनी मां को नहीं बुलाया था, क्योंकि उसे उनकी मौजूदगी से बेइज्जती होने का डर था.

Advertisement

मामला चीन की हेनान कुआंगशान क्रेन कंपनी के फाउंडर और चेयरमैन कुई पेइजुन से जुड़ा है. 21 जुलाई को कुई पेइजुन की कंपनी के इंटर्नशिप और ट्रेनिंग प्रोग्राम की ओपनिंग सेरेमनी थी. तब उन्होंने एक किस्सा शेयर किया था. उस दौरान उन्होंने कर्मचारियों और उनकी फैमिली को परिवार के महत्त्व के बारे में बताया.

सेरेमनी में कुई पेइजुन ने कहा कि अपने माता-पिता का सम्मान करना ही "एक अच्छा इंसान बनने की नींव" है. इसे और मजबूती देने के लिए उन्होंने एक पूर्व कर्मचारी को नौकरी से निकालने की कहानी सुनाई.

Advertisement
कहानी भावुक कर देगी!

हांगकांग के इंग्लिश न्यूजपेपर साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, कुई पेइजुन ने बताया कि वह कर्मचारी जब दो साल का था, तब उसके पिता की मौत हो गई थी. इसके बाद मां ने ही उसे पाला. अब जब उसकी शादी हुई, तो उसने अपनी मां को ना बुलाने का फैसला किया, क्योंकि उसे अपनी मां के रूप-रंग पर शर्म आती थी.

उस बात को याद करते हुए कुई पेइजुन ने कहा कि उन्होंने उस कर्मचारी से सवालिया लहजे में पूछा था,

"जब तुम दो साल के थे, तब तुम्हारे पिता की मौत हो गई थी, और तुम अपनी मां के साथ ऐसा बर्ताव करते हो?"

Advertisement

इसके बाद उन्होंने उस कर्मचारी को नौकरी से निकाल दिया. बाद में कर्मचारी कुई पेइजुन के ऑफिस आया. उनके सामने घुटने टेककर माफी मांगी. उसने कहा कि नौकरी से निकाले जाने के बाद उसे कोई दूसरी नौकरी नहीं मिल पाई.

Cui Peijun
कुई पेइजुन को 'चीन का सबसे उदार बॉस' कहा जाता है.
दोबारा नौकरी पर क्यों नहीं रखा?

लेकिन कुई पेइजुन ने अपना फैसला बदलने से इनकार कर दिया. कुई ने उसे दोबारा नौकरी पर ना रखने की वजह बताते हुए कहा,

"मेरे मन में तुम्हारे लिए कोई सम्मान नहीं है. मुझे अफसोस है, लेकिन आपको जाना होगा."

कर्मचारी की मां को जॉब ऑफर

कुई पेइजुन ने एक और खुलासा किया. उन्होंने बताया कि जब उस कर्मचारी की मां रिटायर हो गईं, तो उन्होंने उन्हें नौकरी का ऑफर दिया था. अपनी कंपनी के लॉजिस्टिक्स डिपार्टमेंट में. उसी सैलरी पर, जितनी पर वे रिटायर हुई थीं. कुई को डर था कि फिर महिला का बेटा बूढ़ी उम्र में उनकी देखभाल नहीं करेगा. लेकिन, महिला ने आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा था.

'चीन का सबसे उदार बॉस'

चीनी बिजनेसमैन कुई पेइजुन ने कर्मचारियों के साथ अपने अच्छे बर्ताव के लिए चीन में बड़ा नाम कमाया है. फरवरी 2026 में उन्होंने 18 करोड़ युआन (लगभग 253 करोड़ रुपये) का ईयर-एंड बोनस दिया. इससे उन्हें 'चीन का सबसे उदार बॉस' निकनेम मिला.

यह भी पढ़ें: चीन पहुंचे पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट क्या ट्रेनिंग ले रहे? ये गठजोड़ भारत के लिए कितना खतरनाक?

उन्होंने कहा कि बोनस देने का मकसद होम लोन और दूसरे कर्जों से जूझ रहे युवा कर्मचारियों पर पैसे का बोझ कम करना था. 2004 से कुई ने कम आय वाले परिवारों के 4,800 से ज्यादा यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स को 35 मिलियन युआन (लगभग 49.25 करोड़ रुपये) से ज्यादा की मदद दी है.

वीडियो: Apple, Google, Samsung देखते रह गए, चीनी कंपनी ने निकाला पहला Agentic AI Phone

Advertisement