The Lallantop

BJP को हटाने पड़े तीन 'आपत्तिजनक' पोस्ट, ऐसा क्या अपलोड कर दिया था?

तीनों पोस्ट BJP की Chhattisgarh Unit के Instagram पेज पर किए गए थे. अब चुनाव आयोग ने इन्हें गलत मानते हुए कार्रवाई की है, लेकिन इन पोस्ट में ऐसा था क्या?

Advertisement
post-main-image
BJP के तीन पोस्ट डिलीट (सांकेतिक फोटो- आजतक)

चुनाव आयोग के कहने पर छत्तीसगढ़ BJP के इंस्टाग्राम हैंडल से तीन 'आपत्तिजनक' पोस्ट डिलीट कर दिए गए हैं. साथ ही पार्टी को आगे चलकर इस तरह के पोस्ट करने को लेकर कड़ी चेतावनी भी दी गई है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के हिसाब से पोस्ट को लेकर चुनाव आयोग ने BJP और इंस्टाग्राम की मूल कंपनी मेटा से संपर्क किया था जिसके बाद 24 मई को तीन पोस्ट हटा दिए गए.

Advertisement

रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य की मुख्य निर्वाचन अधिकारी रानी कंगाले ने कहा कि उन्होंने BJP के इंस्टाग्राम हैंडल से तीन आपत्तिजनक पोस्ट हटवा दिए हैं और भविष्य में ऐसे पोस्ट अपलोड न करने की कड़ी चेतावनी दी गई है.

पोस्ट में क्या था?

-पहला पोस्ट 15 मई को अपलोड किया गया. एनिमेटेड वीडियो में कथित तौर पर टोपी और हरे कपड़े पहने एक आदमी को एक महिला को लूटते हुए दिखाया गया था. जब महिला मदद मांगती है तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक कैरिकेचर महिला का पर्स लेकर उस आदमी को दे देता है. वीडियो को 2,637 लाइक्स मिले.

Advertisement

-दूसरा पोस्ट 20 मई को अपलोड किया गया. ये एक फोटो थी जिसमें राहुल गांधी का कैरिकेचर एक महिला का मंगलसूत्र छीनकर दूसरे आदमी को दे रहा है.

-तीसरा पोस्ट छत्तीसगढ़ BJP के इंस्टाग्राम पर 23 मई को पोस्ट हुआ. एनिमेटेड वीडियो में राहुल गांधी को 'मुस्लिम' लेबल वाला एक बड़ा अंडा और 'एससी', 'एसटी' और 'ओबीसी' के लेबल वाले छोटे अंडे रखते हुए दिखाया गया. फिर 'मुस्लिम' अंडे से निकला बच्चा बड़ा होकर दूसरों को घोंसले से बाहर धकेल रहा है. इस पोस्ट को 1,040 लाइक्स मिले. यही वीडियो 7 मई को कर्नाटक BJP के अकाउंट से भी पोस्ट किया गया था.

BJP ने क्या सफाई दी?

BJP का कहना है कि उन पोस्ट में कुछ भी आपत्तिजनक नहीं था और वो केवल कांग्रेस के घोषणापत्र को निशाना बना रहे थे. छत्तीसगढ़ BJP के सोशल मीडिया सेल के सोमेश पांडे ने कहा,

Advertisement

हमें चुनाव आयोग से कोई नोटिस नहीं मिला लेकिन हमने इसे हटा दिया क्योंकि हम चुनाव दिशानिर्देशों का पालन कर रहे हैं. इसमें कुछ भी धार्मिक नहीं था.

कांग्रेस का क्या कहना?

कांग्रेस ने मांग की है कि पोस्ट के लिए पार्टी के हैंडल को सस्पेंड कर BJP के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए. छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के संचार सेल प्रभारी सुशील आनंद शुक्ला ने कहा,

ये एक बेहद गंभीर मुद्दा है जहां BJP भारत के सांप्रदायिक सद्भाव को बाधित करने और कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने की साजिश रच रही है. उन्होंने आचार संहिता का उल्लंघन करना आदत बना ली है. BJP के सोशल मीडिया हैंडल पर ऐसे दर्जनों पोस्ट हैं. उनके हैंडल को सस्पेंड किया जाना चाहिए. कानूनी कार्रवाई भी करनी चाहिए.

पहली बार नहीं हुआ है!

30 अप्रैल को BJP ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल (@bjp4india) पर एक रील पोस्ट की थी. वीडियो में भाजपा ने कांग्रेस पार्टी पर अपना ‘नैरेटिव’ दोहराया, कि कांग्रेस आक्रमणकारियों और लुटेरों के समुदाय से संबंधित लोगों को सशक्त बना रही है. कई इंस्टाग्राम यूजर्स ने इस रील को ‘गलत सूचना’ और ‘नफरती बयान’ के तौर पर रिपोर्ट किया. कुछ दिन बाद वीडियो भाजपा के हैंडल से गायब हो गया. हालांकि, ये साफ नहीं है कि भाजपा ने खुद इस वीडियो को हटाया या इंस्टाग्राम ने बड़े पैमाने पर आपत्ति देखने के बाद इसे हटाया.

कर्नाटक बीजेपी ने 4 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ' X ' पर एक एनिमेटेड वीडियो पोस्ट किया था. आरक्षण विवाद को लेकर बनाए गए इस वीडियो में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का कार्टून दिखाया गया. वीडियो को लेकर कांग्रेस पार्टी की तरफ से आपत्ति जताई गई. जिसके बाद कांग्रेस ने 5 मई को चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराई. आरोप लगाया कि वीडियो के जरिए भाजपा कर्नाटक में दंगे भड़काना चाहती है.

ये भी पढ़ें- कर्नाटक BJP के खिलाफ चुनाव आयोग का सख्त एक्शन, X को दिया 'आपत्तिजनक' पोस्ट हटाने का आदेश

इसके बाद चुनाव आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को कर्नाटक BJP की तरफ से किए गए ‘आपत्तिजनक’ पोस्ट को हटाने का निर्देश दिया.

वीडियो: जडेजा के सोशल मीडिया पोस्ट पर एक लाइक ने खड़ा कर दिया बवाल

Advertisement