उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में एक बेटा अपने पिता की चिता देखने वापस लौटा, तो वहां का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए. चिता की आग पर तीन लोग मुर्गे का मीट पका रहे थे. ये देख बेटा चीख पड़ा. शोर सुनकर ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए. अफरा-तफरी मची, तो मांस पकाने वाले तीनों आरोपी मौके से भागने लगे. मामला पुलिस तक पहुंचा, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. गांव वालों ने दावा किया कि तंत्र-मंत्र सिद्ध करने के लिए आरोपियों ने ये घिनौना काम किया.
यूपी में तीन लोग जलती चिता पर मुर्गा पका रहे थे, खाने से पहले ही पकड़े गए
जब मृतक के बेटे वीरपाल ने चिता की लकड़ी पर मांस से भरा बर्तन रखे जाने पर आपत्ति जताई, तो आरोपी सुरेंद्र कथित तौर पर बदतमीजी करने लगा. पुलिस को मामले की सूचना दी गई. फिर पुलिस ने तीनों आरोपियों को अरेस्ट किया.

मामला शाहजहांपुर के पुवायां कोतवाली क्षेत्र के नत्थापुर गांव का है. इंडिया टुडे से जुड़े विनय पांडेय की रिपोर्ट के मुताबिक, नत्थापुर निवासी बुजुर्ग छोटेलाल का बीमारी के चलते शनिवार, 19 सितंबर को निधन हो गया. गांव की श्मशान भूमि में उनके अंतिम संस्कार की तैयारी की गई.
रविवार, 20 सितंबर को दोपहर छोटेलाल का अंतिम संस्कार किया गया. चिता में आग लगाने के बाद परिवार के लोग वहां से लौट गए. कुछ देर बाद छोटेलाल के बेटे वीरपाल चिता देखने वापस लौटे. वीरपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि गांव का सुरेंद्र, तांत्रिक राजेंद्र और रामचरण चिता पर मुर्गे का मांस पका रहे थे.
चिता की लकड़ियों पर मांस से भरा बर्तन रखा देखकर वीरपाल ने आपत्ति जताई, तो आरोप है कि सुरेंद्र ने बदतमीजी की. विवाद और शोर बढ़ता देखकर अन्य ग्रामीण वहा पहुंच गए. पुलिस को मामले की सूचना दी गई. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. ग्रामीणों ने उन पर काला-जादू और तंत्र-मंत्र करने का आरोप लगाया.
यह भी पढ़ें: 500Kg सड़ा चिकन-मटन, होली वाला रंग खाने में... डॉक्टर इसीलिए कह रहे रेस्टोरेंट के खाने से बचो!
पुलिस ने क्या बताया?पुवायां के सर्किल ऑफिसर (CO) प्रवीण मलिक ने बताया कि 20 सितंबर को नत्थापुर गांव में एक बुजुर्ग छोटेलाल का निधन हो गया. उनका अंतिम संस्कार किया गया, कुछ देर बाद मादक पदार्थ का सेवन करके तीन लोग उनकी चिता पर मीट पका रहे थे. CO ने आगे बताया कि बेटे वीरपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
वीडियो: शुभेंदु अधिकारी को गाय का मांस खाने के लिए किसने कहा? पुलिस ने लिया एक्शन













