The Lallantop

CSK ने इलेक्टोरल बॉन्ड से दिया करोड़ों का चंदा, किस पार्टी का नाम आया?

अप्रैल 2019 की शुरुआत में AIADMK बॉन्ड के ज़रिए मिलने वाला चंदा तेज़ी से बढ़ा. इसमें दो नाम आ रहे हैं: CSK और TVS ग्रुप.

Advertisement
post-main-image
चेन्नई सुपर किंग्स के मालिक को DMK ख़ेमे के क़रीबी माना जाता है. (फ़ोटो - PTI/सोशल)

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भारतीय स्टेट बैंक ने चुनावी चंदे (Electoral Bond) से जुड़ी जानकारी केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) को सौंप दी है. ECI ने चंदा देने वालों और चंदा लेने वालों की लिस्ट अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर दी है. इसमें लगातार नई-नई जानकारियां सामने आ रही हैं. ख़बर है कि पिछले आम चुनाव के दौरान तमिलनाडु की AIADMK पार्टी को चुनावी बॉन्ड के ज़रिए बहुत चंदा मिला है. अन्य संस्थाओं के भी नाम हैं, मगर पार्टी की सबसे बड़ा ‘हितैषी’ चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) क्रिकेट लिमिटेड है.

Advertisement
CSK ने AIADMK को चंदा दिया?

अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम, या AIADMK. कभी तमिलनाडु में सरकार चलाने वाली पार्टी. 2016 में अपनी सबसे बड़ी नेता जे जयललिता के निधन के बाद पार्टी की स्थिति कमज़ोर होती गई. आंतरिक कलहें जो थीं, तो वो तो थीं ही. चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन कमज़ोर होता गया. 2019 का लोकसभा चुनाव AIADMK के लिए ज़रूरी था. पार्टी अपनी राजनीतिक विरासत बनाए रखने के लिए संघर्ष कर रही थी.

ये भी पढ़ें - पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तानी कंपनी ने इलेक्टोरल बॉन्ड से BJP को चंदा दिया?

Advertisement

वैसे तो 2019 के आम चुनाव में पार्टी का प्रदर्शन बहुत ख़राब रहा. लेकिन इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक़, चुनाव के ठीक पहले - अप्रैल 2019 की शुरुआत में - उन्हें बॉन्ड के ज़रिए मिलने वाला चंदा तेज़ी से बढ़ा. इसमें दो नाम आ रहे हैं: IPL की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) - जिसकी मूल कंपनी इंडिया सीमेंट्स है - और बाइकों की कंपनी TVS ग्रुप के गोपाल श्रीनिवासन.

आंकड़ों के मुताबिक़, अप्रैल 2019 में AIADMK के खाते में कुल 6.05 करोड़ रुपये आए. इसमें से आधा (3.8 करोड़ रुपये) CSK ने दिया था. उन्होंने कुल 29 बॉन्ड ख़रीदे थे. केवल एक बॉन्ड 1 करोड़ का, बाक़ी सब दस-दस लाख के.

एक तरफ़, AIADMK के चंदे में CSK की पर्याप्त हिस्सेदारी दिखती है. वहीं, DMK की फ़ंडिंग में वो नहीं दिखते. इस तथ्य ने कई लोगों को चौंकाया, क्योंकि इंडिया सीमेंट्स के मालिक एन श्रीनिवासन को DMK ख़ेमे के क़रीबी माना जाता है. 

Advertisement

वीडियो: इलेक्टोरल बॉन्ड से अरबों देने वालीं ये 'गुमनाम' कंपनियां करती क्या हैं?

Advertisement