आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव (Chandigarh Mayor Elections) में ‘धांधली’ होने का आरोप लगाने के बाद एक वीडियो शेयर किया है. इसमें एक शख्स दिख रहा है जिसे प्रीसाइडिंग ऑफिसर बताया गया है. आरोप है कि अधिकारी ने बैलेट पेपर से ‘छेड़छाड़’ की जो कैमरा में रिकॉर्ड भी हुई है. इस चुनाव में 'INDIA' गठबंधन के कैंडिडेट के 8 वोट अवैध घोषित कर दिए गए थे. इससे बीजेपी उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित हो गई. इसके बाद ही AAP और कांग्रेस ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए थे.
चंडीगढ़ मेयर चुनाव: AAP-कांग्रेस ने प्रीसाइडिंग अधिकारी का वीडियो शेयर कर बड़ा आरोप लगाया
आरोप है कि अधिकारी ने बैलेट पेपर से ‘छेड़छाड़’ की जो कैमरा में रिकॉर्ड भी हुई है.


इस वीडियो को धांधली के सबूत के तौर पर पेश करते हुए कांग्रेस की तरफ से बीजेपी पर बड़े आरोप लगा गए. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने कहा,
“बीजेपी सिर्फ भ्रष्ट ही नहीं है, पार्टी लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली हुई है. वो बाहुबल, एजेंसियों, धन दबाव की रणनीति, अधिकारियों का उपयोग और ना जाने क्या-क्या करने में सहज हैं. वीडियो में स्पष्ट रूप से प्रीसाइडिंग ऑफिसर को वोटों में हेराफेरी करते हुए देखा जा सकता है.”
वारिंग ने आगे कहा,
“आज की घटना सिर्फ राजनीतिक वर्ग से जुड़ी नहीं है. ये देश के हर माता-पिता, छात्र, हर नागरिक से जुड़ी है. क्या हम अपने बच्चों के लिए ऐसा भविष्य चाहते हैं? क्या हम तानाशाही चाहते हैं? अगर इन सवालों का जवाब ना है, तो हमें लड़ाई लड़नी होगी. वरना काफी देर हो जाएगी.”
वहीं AAP के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने कहा कि INDIA ब्लॉक के उम्मीदवार कुलदीप सिंह के 8 वोट रद्द करने का फैसला बेहद चिंताजनक है. उन्होंने कहा कि अगर मेयर चुनाव में इस तरह की घटनाएं होंगी तो लोकसभा चुनाव में बीजेपी किसी भी हद तक जा सकती है. केजरीवाल ने कहा,
“जिस तरह से चंडीगढ़ मेयर चुनाव में सरेआम बेईमानी की गई है, ये बेहद चिंताजनक है. अगर मेयर के चुनाव में ये लोग इतना नीचे गिर सकते हैं, तो देश के चुनाव में किसी भी हद तक जा सकते हैं.”
AAP सांसद राघव चड्ढा ने प्रीसाइडिंग ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने कहा,
“प्रीसाइडिंग ऑफिसर के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए. उन्होंने देशद्रोह किया है. इस मामले की हम शिकायत दर्ज करेंगे. उनकी जांच के साथ-साथ उनकी गिरफ्तारी की मांग भी करेंगे.”
राघव चड्ढा ने कहा कि ये एक गठबंधन या एक पार्टी के लिए झटका नहीं है. ये भारत के लोकतंत्र के लिए एक झटका है. AAP सांसद ने कहा कि वो व्यथित और चिंतित हैं कि आगामी 2024 चुनावों में क्या होगा.
मेयर ने कहा- ‘हम गलत नहीं’चुनाव में हेराफेरी के आरोपों पर नवनिर्वाचित मेयर मनोज सोनकर की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होंने कहा कि AAP और कांग्रेस अपनी हार नहीं पचा सके, तभी उन्होंने ये माहौल बनाया है. सोनकर ने कहा,
“आरोप लगाना इनका काम है. जहां इनकी चलती नहीं है, वहां ये लोग आरोप लगा देते हैं. सब कुछ कैमरे के सामने हुआ है. पर जब इनको लगा कि इनकी हार हो रही है तो इन लोगों ने माहौल बनाना शुरू कर दिया.”
मेयर ने AAP और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए बताया कि काउंटिंग के दौरान जब विजेता की घोषणा हुई तो वहां पर ये लोग बैलेट पेपर फाड़ने लगे. हाथापाई करने लगे. सोनकर ने कहा, “जब ये एक छोटे से शहर को नहीं चला सकते, तो ये राज्य को कैसे चलाएंगे.” मनोज सोनकर ने ये भी कहा कि वो कहीं से गलत नहीं है, विपक्षियों को जो करना है वो करें.
चुनाव परिणाम
चंडीगढ़ मेयर चुनाव 18 जनवरी को प्रस्तावित थे. लेकिन प्रीसाइडिंग ऑफिसर के खराब स्वास्थ्य के कारण चुनाव को 6 फरवरी तक के लिए टाल दिया गया था. इसके बाद मामला पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट पहुंचा. कोर्ट के ऑर्डर के बाद चुनाव 30 जनवरी को कराए गए. चुनाव में बीजेपी को कुल 16 वोट मिले. जबकि 12 वोट INDIA गठबंधन के उम्मीदवार को मिले. बीजेपी के मनोज सोनकर नए मेयर बन गए हैं. पार्टी ने 4 वोटों से ये जीत हासिल की. जबकि 8 वोटों को काउंटिंग में शामिल नहीं किया गया. इन वोटों को रद्द कर दिया गया.
वीडियो: चंडीगढ़ को लेकर क्यों मचा रहा है सियासी बवाल, जानिए पूरी कहानी!












