The Lallantop

सिद्धू मूसेवाला की मां के IVF ट्रीटमेंट पर केंद्र ने पंजाब सरकार से क्या कहा?

Sidhu Moosewala के पिता Balkaur Singh ने अपने नवजात बच्चे का नाम शुभदीप सिंह रखा है. मूसेवाला का असली नाम शुभदीप था. बलकौर सिंह का दावा है कि पंजाब सरकार बच्चे के दस्तावेज़ों के लिए उन्हें परेशान कर रही है.

Advertisement
post-main-image
बलकौर सिंह का दावा है कि ज़िला प्रशासन बच्चे के दस्तावेज़ों के लिए उन्हें परेशान कर रहा है. (फ़ोटो/सोशल मीडिया)

पंजाबी पॉप गायक सिद्धू मूसेवाला (Sidhu Moosewala) की मां चरण कौर और पिता बलकौर सिंह के घर पिछले हफ़्ते दूसरे बच्चे का जन्म हुआ है. इस बच्चे का जन्म इन विट्रो फ़र्टिलाइज़ेशन (IVF) के जरिए हुआ. लेकिन बच्चे का जन्म होने के बाद से विवाद हो रहे हैं. अब खबर है कि केंद्र सरकार ने बीते हफ्ते पंजाब सरकार को एक पत्र लिखा था. इसमें उसने पंजाब सरकार से चरण कौर के IVF ट्रीटमेंट वाले मामले की रिपोर्ट मांगी है.

Advertisement

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने असिस्टेड रीप्रोडक्टिव टेक्नोलॉज़ी (रेगुलेशन) एक्ट (ART Act) के तहत भगवंत सरकार से रिपोर्ट तलब की है. पत्र में उसका कहना है कि नियमों के तहत IVF के लिए महिलाओं की उम्र 21 से 50 साल के बीच ही होनी चाहिए और पुरुषों की 21 से 55 साल, जबकि चरण कौर की उम्र 58 साल है. 

बलकौर सिंह के क्या आरोप?

बलकौर सिंह का कहना है कि ज़िला प्रशासन बच्चे के दस्तावेज़ों के लिए उन्हें परेशान कर रहा है. उन्होंने अपने नवजात बच्चे का नाम शुभदीप सिंह रखा है. सिद्धू मूसेवाला का असली नाम शुभदीप था. 19 मार्च को बलकौर सिंह ने इंस्टाग्राम पर अपलोड किए एक वीडियो में कहा, 

Advertisement

"ज़िला प्रशासन मुझे परेशान कर रहा है. मुझसे बच्चे के दस्तावेज़ मांग रहा है. मैं सरकार और मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि इलाज़ पूरा होने दें. जब भी मुझे बुलाया जाएगा, मैं आ जाऊंगा. मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं सभी कानूनी दस्तावेज़ दिखाऊंगा."

ये भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला के पिता का आरोप- 'पंजाब पुलिस मांग रही है बच्चे के लीगल डॉक्यूमेंट', CM भगवंत मान से लगाई गुहार

14 मार्च को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निदेशक एसके रंजन ने पंजाब सरकार के हेल्थ सेक्रेटरी को एक पत्र लिखा. पत्र में राज्य सरकार को निर्देश दिया गया कि वह इस मामले को देखे और एक रिपोर्ट पेश करे.

Advertisement
विपक्ष की तरफ़ से क्या कहा जा रहा?

इधर विपक्ष मामले को लेकर भगवंत मान सरकार पर हमलावर है. सिद्धू मूसेवाला के पिता द्वारा लगाए गए आरोपों पर बोलते हुए कांग्रेस लीडर प्रताप बाजवा ने कहा कि बड़ी शर्म की बात है किस तरह मान सरकार नए जन्मे बच्चे के बारे में पता करने में लग गई है. बाजवा ने कहा कि भारत सरकार की चिट्ठी से भी साफ पता लगता है कि किस तरह ये लोग मूसेवाला परिवार के ख़िलाफ़ हैं. मान सरकार ने उस परिवार को बधाई न देकर, कार्रवाई करने में लगी है. बाजवा ने आगे कहा कि मान सरकार को केंद्र की चिट्ठी पर ध्यान नहीं देना चाहिए था. 

वीडियो: पंजाबी कंपोजर बंटी बैंस पर हुआ जानलेवा हमला, सिद्धू मूसेवाला से क्या कनेक्शन?

Advertisement