The Lallantop

मालगाड़ी पर चढ़कर इंस्टाग्राम के लिए बना रहा था वीडियो, लगा करंट, मौके पर ही मौत

करंट लगते ही लड़का कई फीट दूर जाकर गिरा

Advertisement
post-main-image
प्रतीकात्मक फोटो (क्रेडिट: आजतक)
सोशल मीडिया पर कुछ ऐसा डालना है जिससे ज्यादा से ज्यादा लाइक और कमेंट मिले. लगभग हर यूजर की यही ख्वाहिश रहती है. और इस ख्वाहिश के चलते ही कई यूजर जान का जोखिम उठाने से भी नहीं चूकते. टीनेजर ज्यादा चर्चा पाने के लिए स्टंट करते हुए अपने वीडियो बनाते हैं और उसे सोशल मीडिया पर शेयर करते हैं. ऐसे खतरनाक वीडियो शूट के दौरान लोगों की मौत की अक्सर खबरें आती हैं. अब एक ऐसा ही मामला गुजरात के अहमदाबाद में सामने आया है, यहां 15 साल के एक लड़के को इंस्टाग्राम के लिए वीडियो शूट करते समय जान से हाथ धोना पड़ा. घटना अहमदाबाद के राणिप इलाके की है. इंडिया टुडे की रिपोर्टर गोपी घांघर के मुताबिक सोमवार 23 नवंबर को राणिप का रहने वाला प्रेम पांचाल अपने दोस्तों के साथ पास में ही स्थित साबरमती यार्ड में पहुंचा. रेलवे के यार्ड में प्रेम और उसके दोस्त इंस्टाग्राम पर अपलोड करने के लिए वीडियो शूट करने लगे. बताते हैं कि इस दौरान प्रेम ने ट्रैक पर खड़ी एक मालगाड़ी के ऊपर चढ़कर वीडियो शूट करने की बात कही. मालगाड़ी के डिब्बे पर चढ़ने के बाद जैसे ही वह खड़ा हुआ, बिजली के तारों के संपर्क में आ गया. तारों में हाई वोल्टेज करंट होने के चलते मौके पर ही उसकी मौत हो गई. करंट लगते ही कई फीट दूर जाकर गिरा न्यूज़ एजेंसी PTI के मुताबिक रेलवे पुलिस के अधिकारियों ने घटना की जानकारी देते हुए बताया,
“प्रेम पांचाल अपने दोस्तों के साथ रेलवे के यार्ड में आया था. करंट का झटका इतना जोरदार था कि प्रेम कई फीट उछल कर जमीन पर आकर गिरा. रेलवे पुलिस उसे तत्काल जीएमईआरएस अस्पताल ले गई. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. हमने दुर्घटना के चलते मौत होने का मामला दर्ज किया है और घटना की छानबीन की जा रही है."
रेलवे के जागरूकता अभियान के बाद भी लोग नहीं मान रहे इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस दुर्घटना को लेकर पश्चिमी रेलवे ने भी एक बयान जारी किया है. इसमें कहा गया है,
"यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है. हमने जन जागरूकता अभियान चलाए हैं और ट्रेनों में ऐसे स्टंट करने से होने वाले जोखिमों के बारे में विज्ञापन भी दिए हैं. हमारे लोको ड्राइवर यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश करते हैं कि मानव जीवन को कोई नुकसान न हो, लेकिन फिर भी कभी-कभी ऐसी घटनाएं हो ही जाती हैं."

Advertisement
Advertisement