The Lallantop

बॉलीवुड की सबसे मशहूर मां के बच्चे किस बात पर झगड़ रहे हैं?

'दीवार' और 'अमर अकबर एंथनी' जैसी कई फिल्मों में मां का किरदार कर चुकी हैं निरुपा रॉय.

Advertisement
post-main-image
निरुपा रॉय को बॉलीवुड फिल्मों में निभाए मां के किरदारों के लिए याद किया जाता है.
भारतीय सिनेमा की सबसे मशहूर ऑन स्क्रीन मां रही दिवंगत अभिनेत्री निरुपा रॉय के ऑफ स्क्रीन बच्चे आपस में बहुत बुरी तरह झगड़ रहे हैं. झगड़ा है उस घर को लेकर जो निरुपा ने 1963 में मुंबई के मालाबार हिल इलाके में खरीदा था. इसपर मालिकाना हक को लेकर उनके दोनों बेटे किरण और योगेश पिछले कुछ सालों से लगातार लड़ रहे हैं. लेकिन अब मामला ज़्यादा गंभीर हो गया है क्योंकि नौबत हाथापाई और पुलिस तक पहुंच गई है.
जब निरुपा ने ये घर खरीदा, उस दौर में इस घर की कीमत तकरीबन 10 लाख रुपए थी. तीन हज़ार स्कवेयर फुट में फैले इस घर में चार कमरे हैं और तकरीबन आठ हज़ार स्कवेयर फुट का गार्डन है. पहले निरुपा का पूरा परिवार इस घर में रहता था. साल 2004 में रॉय और 2015 में उनके पति कमल की मौत के बाद इस घर के चार कमरों को उनके दोनों बेटों, किरण और योगेश के बीच बांट दिया गया. घर के बाकी इलाकों जैसे हॉल, किचन और गार्डन को कॉमन रखा गया था जिसका इस्तेमाल दोनों कर सकते थे.
अपने पति कमल और दोनों बच्चों के साथ निरुपा रॉय.
अपने पति कमल और दोनों बच्चों के साथ निरुपा रॉय.

निरुपा के छोटे बेटे ने सोमवार की रात 11 बजे पुलिस को फोन कर बताया कि उनका भाई योगेश नशे की हालत में उनसे मारपीट कर रहा है. पुलिस मौके पर पर पहुंची तो किरण ने बताया कि योगेश घर के उस हिस्से में कभी नहीं आते जिसमें उनकी फैमिली रहती है. सोमवार की रात वो अचानक उनके हिस्से में घुसकर तोड़-फोड़ और गाली-गलौच करने लगे. इस दौरान उन्होंने उनकी पत्नी पर भी हाथ उठाया. बीस मिनट तक हंगामा करने के बाद वो वहां से गए. इसपर योगेश का कहना है कि किरण उन्हें जबरदस्ती मैसेज भेजकर उकसाते हैं. वो अपने दोनों कमरे की बत्ती हमेशा ऑन रखते हैं और तीन-तीन एसी चलाते हैं. क्योंकि उन्हें पता है कि बिजली का बिल योगेश को भरना होता है. उन्होंने किसी पर हाथ उठाने से भी इंकार किया.
झगड़ा वसीयत को लेकर भी है
दरअसल मामला ये है कि योगेश और किरण दोनों ही पूरे घर पर अपना मालिकाना हक चाहते हैं. इसके लिए कोर्ट-कचहरी के चक्कर भी लगे हैं. किरण ने साल 2016 में बॉम्बे हाईकोर्ट में बताया कि वो अपनी मां के इस घर के असली उत्ताराधिकारी हैं क्योंकि उनके पिता ने अपनी वसीयत में ये घर उनका नाम पर लिखा है. जबकि उनका भाई योगेश उन्हें डरा-धमकाकर उस पर अपना अधिकार चाहते हैं. योगेश ने 2016 में कोर्ट को बताया कि उनके पिता ने एक दूसरी वसीयत बनवाई थी जिसमें उन्हें घर का इकलौता मालिक मालिक बताया है.
फिल्म 'दीवार' के एक सीन में निरुपा रॉय, अमिताभ बच्चन और शशि कपूर.
फिल्म 'दीवार' के एक सीन में निरुपा रॉय, अमिताभ बच्चन और शशि कपूर.

दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद कोर्ट ने ये फैसला सुनाया कि घर के जिस हिस्से में किरण और उनका परिवार रहता है, योगेश उन इलाकों में नहीं जाएंगे. जबकि घर के बाकी हिस्सों पर दोनों का बराबर हक होगा. इतने सब के बावजूद दोनों भाईयों के बीच रार कम नहीं हुई जिसका नतीजा ये घटना है. हालांकि पुलिस ने इस मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की और दो भाईयों के बीच का मसला बता कर मामला रफा-दफा कर दिया.


ये भी पढ़ें: 
ग्वालियर के लड़के, जिन्होंने सनी लियोनी को बचाया

थ्री इडियट्स का फरहान ऐसा कुछ करेगा, ये कभी नहीं सोचा था

आंध्र प्रदेश के संगीत कुमार राय ने कहा, 15 की उम्र में ही मां बन गई थी ऐश्वर्या राय

रामायण में सीता का रोल करने वाली अब आतंकवादी की पत्नी बनेंगी

कहानी उस आदमी की जिसने हाथ कुचलकर पूछा था, 'बता हिंदू का ख़ून कौन सा और मुसलमान का कौन सा?'



वीडियो देखें: जानिए शाहरुख आमिर के बच्चों की स्कूल फीस क्या है?

Advertisement
Advertisement