The Lallantop

बॉलीवुड एक्टर इरफ़ान नहीं रहे

तबीयत बिगड़ने पर एक दिन पहले मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती हुए थे.

Advertisement
post-main-image
54 बरस के थे इमरान खान. कई दमदार फिल्में दी थीं. फाइल फोटो- PTI

बॉलीवुड एक्टर इरफ़ान का निधन हो गया है. वो 53 बरस के थे. बीते दिन (28 अप्रैल) को खबर आई थी कि उनकी तबीयत अचानक से बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती करवाया गया.

Advertisement

इरफ़ान के निधन की जानकारी डायरेक्टर शूजीत सरकार ने ट्वीट करके दी. उन्होंने लिखा,

'मेरे प्यारे दोस्त. तुम लड़े, लड़े और लड़ते रहे. मुझे तुम पर हमेशा गर्व होगा. हम दोबारा मिलेंगे. सुतपा और बाबील के साथ मेरी संवेदनाएं हैं. आपने भी लड़ाई लड़ी. सुतपा तुमने इस लड़ाई में जो हो सकता था सब किया. ओम शांति. इरफ़ान को सैल्यूट.'

Advertisement

इरफ़ान के जाने की खबर सुनकर हर कोई हैरान है. ट्विटर पर लोगों ने अपने रिएक्शन देने भी शुरू कर दिए हैं.

Advertisement

बीते दिन जब इरफ़ान के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें आई थीं, तब उनकी टीम की ओर से भी एक आधिकारिक बयान आया था. जिसमें कहा गया था,

''ये सही बात है. इरफ़ान को कोलोन इन्फेक्शन की वजह मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल के आईसीयू में भर्ती करवाया गया है. इस मामले में हम सभी लोगों को अपडेट करते रहेंगे. फिलहाल वो डॉक्टर की निगरानी में हैं. अपनी ताकत और हिम्मत से उन्होंने अब तक ये जंग लड़ी है. और हमें भरोसा है कि अपने शुभचिंतकों की प्रार्थनाओं और अपनी इच्छा शक्ति के बूते वो जल्द ही ठीक हो जाएंगे.”

2018 में इरफ़ान को न्यूरोएंडोक्राइम ट्यूमर डायग्नोज़ हुआ था. एक साल तक लंदन में इलाज कराने के बाद वो फरवरी 2019 में इंडिया लौटे थे. लौटते ही वो अपनी फिल्म ‘अंग्रेज़ी मीडियम’ की शूटिंग में लग गए. हालांकि फिल्म जब रिलीज़ होने को आई, तो इरफ़ान ने एक वीडियो जारी कर कहा कि वो इस फिल्म के प्रमोशन में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. क्योंकि वो पूरी तरह से रोगमुक्त नहीं हुए हैं.

25 अप्रैल को इरफ़ान की मां सईदा बेगम का जयपुर में देहांत हो गया था. वो 95 साल की थीं. मौत की वजह उम्र संबंधी दिक्कतें बताई जा रही थीं. इरफ़ान लॉकडाउन की वजह से अपनी मां के अंतिम संस्कार में भी शामिल नहीं हो पाए. पहले बताया गया कि इरफ़ान इंडिया से बाहर लेकिन इंडियन एक्स्प्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इरफ़ान मुंबई में थे और उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए अपनी मां को श्रद्धांजलि अर्पित की थी.


वीडियो देखें: इरफ़ान की मां सईदा बेगम का जयपुर में निधन

Advertisement