The Lallantop

BJP के 'झुग्गीवासियों' वाले पोस्टर पर तमिल लेखक की तस्वीर, लोग बोले- रंगभेद की मिसाल

MCD चुनाव के मद्देनजर 'झुग्गी सम्मान यात्रा' निकाल रही है BJP.

Advertisement
post-main-image
MCD चुनाव में अभी वक्त है, लेकिन पार्टियों ने चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है. (फोटो: ट्विटर)
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले साल नगर निगम (MCD) के चुनाव होने हैं. अभी थोड़ा वक्त है, लेकिन राजनीतिक पार्टियां अभी से प्रचार-प्रसार में जुट गई हैं. पिछले डेढ़ दशक से MCD की सत्ता पर काबिज BJP इस समय झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले लोगों को साधने की कोशिश कर रही है. प्रदेश BJP अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी इस समय 'झुग्गी सम्मान यात्रा' का आयोजन कर रही है.
इस 'झुग्गी सम्मान यात्रा' का जोर-शोर से सोशल मीडिया पर प्रचार-प्रसार भी हो रहा है. इसी प्रचार-प्रसार के दौरान एक पोस्टर चर्चा का विषय है. इसमें कुछ लोगों की तस्वीरे हैं, जिन्हें पार्टी ने प्रतीकात्मक रूप से 'झुग्गीवासी' बताया है. लेकिन पोस्टर बनाने वालों को ये नहीं पता होगा कि उन्होंने गलती से भारत के एक जाने-माने लेखक को भी इसमें शामिल कर लिया है. उन्होंने तमिल लेखक पेरुमल मुरुगन की तस्वीर इस पोस्टर पर छाप दी है.
पेरुमल मुरुगन की फोटो को महिलाओं और बच्चों की फोटो के साथ लगाया गया है. इसी पोस्टर में दिल्ली BJP के अध्यक्ष आदेश गुप्ता, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी फोटो लगाई गई है. पेरुमल नीले रंग की शर्ट पहने बाईं तरफ एकदम बीच में है. आप फोटो देखिए-
Perumal Murugan
बीजेपी की 'झुग्गी सम्मान यात्रा' के पोस्टर में पेरुमल मुरुगन (लाल घेरे में).

BJP के इस पोस्टर पर लोगों की प्रतिक्रियाएं देखने लायक हैं. कइयों ने कहा है कि इस पोस्टर में पेरुमल मुरुगन की तस्वीर डालने का ब्लंडर तो BJP ने किया ही है, साथ ही अपने पूर्वग्रह का भी परिचय दिया है. उनका कहना है कि पोस्टर के जरिये बीजेपी ने अनजाने में ये बताने की कोशिश की है कि 'झुग्गीवासियों' की त्वचा का रंग वैसा ही होता है, जैसा फोटो में दिखाया गया है. ऐसे में पोस्टर बनाने का आदेश देने वाले लोगों ने इसी पूर्वग्रह के चलते पेरुमल मुरुगन की फोटो भी छपवा दी.
पोस्टर को लेकर लोगों ने बीजेपी की आलोचना की है. मल्लू माफिया नाम के ट्विटर हैंडल से कहा गया,
"ये बैनर नस्लभेदी प्रतीत हो रहा है."
कलतमिका नाम की यूजर ने कहा कि ये पोस्टर कई स्तर पर गलत है.


बालाजी नाम के यूजर ने ट्वीट किया,
"इस पोस्टर को देखकर भले ही पेरुमल मुरुगन को कोई दिक्कत ना हो, लेकिन ये उस पूर्वग्रह के बारे में बहुत कुछ बताता है, जिसमें किसी के रंगरूप के आधार पर उसकी आर्थिक स्थिति तय की जाती है."
वहीं एक अन्य यूजर ने मजाक उड़ाते हुए ट्वीट किया,
"एक तरफ- सब याद रखा जाएगा. दूसरी तरफ- सब फोटोशॉप किया जाएगा. शर्म की भी सीमा होती है."

 


बहरहाल, दिल्ली MCD चुनाव अगले साल की शुरुआत में होगा. इसके तहत तीन नगर निगमों उत्तर, दक्षिण और पूर्व में प्रतिनिधि चुने जाएंगे. उत्तर और दक्षिण नगर निगम में 104-104 और पूर्वी नगर निगम में 64 सीटें हैं. बहुमत के लिए किसी भी पार्टी को 137 सीटें जीतनी जरूरी हैं. पिछले चुनाव में BJP को 181, आम आदमी पार्टी को 49 और कांग्रेस को मात्र 31 सीटों पर जीत मिली थी.

Advertisement
Advertisement