BJP के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय एक बार फिर अपने विवादित बयान के कारण चर्चा में हैं. विजयवर्गीय ने इस बार लड़कियों के कपड़ों पर बयान दिया है. उन्होंने कहा है कि लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं कि वह “शूर्पणखा” जैसी दिखती हैं. विजयवर्गीय के मुताबिक, लड़कियों में अब देवी का स्वरूप नहीं दिखता है. इस बयान का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल है. लोगों ने उनकी इस टिप्पणी पर घेर भी लिया है.
"भगवान कसम... लड़कियों के कपड़े इतने गंदे हैं बिल्कुल शूर्पणखा लगती हैं", कैलाश विजयवर्गीय के विचार
BJP के राष्ट्रीय महासचिव विजयवर्गीय ने लड़कियों को अच्छे कपड़े पहनने की सलाह दी है.


आजतक से जुड़े धर्मेंद्र शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, कैलाश विजयवर्गीय ने ये बयान 6 अप्रैल को इंदौर में दिया था. एक जैन समाज के कार्यक्रम में. वीडियो में उन्होंने कहा,
'मैं जब रात को बाहर निकलता हूं तो नौजवानों को नशे में देखता हूं, तो सच में ऐसी इच्छा होती कि मेरा मन करता है, उतर कर पांच-सात धर दूं. जिससे इनका सारा नशा उतर जाए. भगवान की कसम हनुमान जंयती के दिन झूठ नहीं बोल रहा हूं. और लड़कियां इतने गंदे कपड़े पहनकर निकलती हैं. हम लोग महिलाओं को देवी मानते हैं, लेकिन इन लड़कियों में देवी का स्वरूप नहीं दिखता है. बिल्कुल शूर्पणखा जैसी लगती हैं. सच में. अच्छा सुंदर भगवान ने शरीर दिया है तो जरा अच्छे कपड़े पहनों यार.'
इसके आगे उन्होंने लोगों से कहा कि बच्चों के लिए शिक्षा जरूरी नहीं है, संस्कार जरूरी है. इसलिए माता-पिता को बच्चों को संस्कार देने चाहिए.
कैलाश विजयवर्गीय के बयान के बाद ट्विटर पर लोगों की प्रतिक्रिया आई है. आशु नाम के एक यूजर ने पीएम से सवाल करते हुए लिखा,
'लो, नरेंद्र मोदी जी आपका एक और संस्कारी नेता कैलाश विजयवर्गीय, आपके भांजियों को ये खुले आम गाली और अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमानित, चरित्रहीन कहने की कोशिश कर रहे? क्या आपका खून खौल रहा? शिवराज चौहान जी ठीक है आपके संस्कार ही गंदे हैं.'

संदीव शर्मा नाम के एक यूजर ने लिखा,
‘कैलाश विजयवर्गीय जी लड़कियों को अपने कपड़े बदलने की जरूरत नहीं बल्कि आप जैसी सोच को बदलने की जरूरत हैं. इसीलिए अपनी सोच बदलें, ऐसा करने से आपको लड़कियों मे देवी भी दिखाई देगी.’

आदित्य प्रताप नाम के यूजर ने लिखा,
'चाहे नारी शक्ति का अपमान हो, महिलाओं पर अपराध की बात हो या महिलाओं पर टीका टिप्पणी, भाजपाइयों का कोई जवाब नहीं.'

राजा बाबू नाम के यूजर ने लिखा,
‘तालिबान आ चुका है हिंदुस्तान में. बस पूर्णतया अफगानिस्तान बनना बाकी है. इनके लिए कपड़े कैसे पहने, ये महत्वपूर्ण है. आम जन कैसे जिए, रोजी रोटी कैसे चलाये, इलाज कैसे करवाए? धंधा कैसे करे ये महत्वपूर्ण नहीं है. ये धोखेबाज लुटेरे लोग हैं और इनका समर्थन करने वाले महामूर्ख हैं.’

एक यूजर ने लिखा,
'आप तो कपड़े पहनकर भी रावण लग रहे हो.'

‘जैसे लड़कियां बॉयफ्रेंड बदल लेती हैं...’
लड़कियों को लेकर कैलाश विजयवर्गीय का यह पहला बयान नहीं है. पिछले साल अगस्त में उन्होंने ऐसा ही एक बयान दिया था. उन्होंने कहा था,
'जब मैं विदेश यात्रा कर रहा था, तो किसी ने कहा कि वहां की महिलाएं कभी भी अपना बॉयफ्रेंड बदल लेती हैं. बिहार के मुख्यमंत्री भी ऐसे ही हैं, कभी नहीं जानते कि वह किसका हाथ पकड़ सकते हैं या छोड़ सकते हैं.'
कैलाश विजयवर्गीय के बॉयफ्रेंड वाले बयान के बाद बवाल मच गया था. कांग्रेस नेताओं ने उनके बयान को महिला-विरोधी बताया था.
वीडियो: कैलाश विजयवर्गीय ने 'बंगाल चुनाव 2021' का किस्सा सुनाया तो सब दंग रह गए




















