1. फिल्म का नाम भारत क्यों है?
फिल्म का नाम भारत इसलिए है क्योंकि जिस साल हमारा देश आज़ाद हुआ था, उसी साल एक बच्चा पैदा हुआ था. पापा ने 'भारत' नाम रखा और सरनेम लगाने के लिए मना कर दिया. क्योंकि उससे नाम का कद और वजन दोनों कम हो जाएगा. ये सब बातें सलमान खान खुद फिल्म के ट्रेलर में कहते सुने जाते हैं.

फिल्म के एक सीन में कटरीना कैफ को अपने नाम का मतलब बताता सलमान खान का किरदार. साथ में सुनील ग्रोवर भी हैं.
2. कटरीना की हिंदी और रेलेवेंट डायलॉग
कटरीना कैफ का फिल्म 'ज़ीरो' के बाद जैसे कायापलट हो गया है. वो हमेशा से मेहनती एक्टर मानी जाती थीं. लेकिन उनकी सारी मेहनत सिर्फ गाने में दिखती थी. उनके डायलॉग कभी प्रभावी नहीं लग पाए क्योंकि उनकी हिंदू टूटी-फूटी हुई सी थी. लेकिन इस फिल्म में वो अच्छी लग रही हैं. जब भारत का किरदार अपना नाम और उसके पीछे की कहानी बतात है, तब कटरीना उन्हें बताती हैं कि यहां चुनाव के लिए नॉमिनेशन नहीं भरा जा रहा. इसमें उनकी हिंदी बिलकुल जगह पर लगती है. साथ ही चुनावी माहौल में उनका ये डायलॉग काफी इंट्रेस्टिंग लगता है.

कटरीना फिल्म में सलमान खान की लव इंट्रेस्ट प्ले करने के अलावा भी कई अन्य चीज़ें करती दिखलाई पड़ती हैं.
3. जब सलमान कटरीना को मैडम सर बोलते हैं
जब फिल्म के पोस्टर्स आने शुरू हुए थे, उसमें से एक पोस्टर का टैगलाइन ये था कि 'फिर हमारी ज़िंदगी में आईं मैडम सर'. अब फिल्म के ट्रेलर में भी सलमान वही डायलॉग बोले सुने जाते हैं. लेकिन खास वो डायलॉग नहीं संबोधन है. मैडम सर, ये संबोधन हमें हाल ही में आई वेब सीरीज़ 'डेल्ही क्राइम' में सुनने को मिली थी. शेफाली शाह के जूनियर्स उन्हें मैडम सर कह कर पुकारते हैं. इससे जो मतलब निकलता है, वो ये है कि भले ही वो लिंग से मैडम हों लेकिन उनका काम सर वाला है. इसलिए मैडम सर!

फिल्म में जब सलमान का जब किसी अरब देश में तेल फैक्ट्री में काम करता है, वहां उसे कटरीना दिखाई देती हैं, यहीं से दोनों के बीच कुछ शुरू होता है.
4. सलमान खान सुनील ग्रोवर की केमिस्ट्री
फिल्म में कॉमेडी का ठीक-ठाक डोज़ होगा, ये उसकी स्टारकास्ट से पता चलता है. फिल्म में सुनील ग्रोवर सलमान के करीबी दोस्त के रोल में हैं. ये दोनों ट्रेलर के अधिकतर सीन्स में साथ दिखाई देते हैं. और मजेदार लगते हैं. ये किरदार अली अब्बास जफर की 'सुल्तान' के गोविंद से मेल खाता है. सुनील के अलावा फिल्म में 'भाभी जी घर पर हैं' फेम आसिफ शेख, कुमुद मिश्रा और ब्रिजेंद्र काला जैसे एक्टर्स भी दिखाई देते हैं.

कपिल से लड़ाई और शो के बंद होने के बाद सुनील ने अपना अलग शो शुरू कर लिया था. इसी बीच उन्हें सलमान ने अपनी इस फिल्म में ले लिया.
5. सलमान खान का फर्जी बुढ़ापा
जिस आदमी की उम्र पहले 50 पार है, उसे बूढ़ा दिखाने केलिए नकली मूंछ-दाढ़ी लगानी पड़ी है. क्योंकि बुढ़ापा तो उनके आसपास फटकता फिलहाल दिखाई ही नहीं दे रहा. उनकी फर्जी बुढ़ापा वाला लुक भी उतना ही फर्जी लग रहा है. जो दाढ़ी-मूंछ सलमान को लगाई गई है, हो सकता है वो बहुत महंगी हो लेकिन अपना काम ठीक से नहीं कर पा रही. वो ऑथेंटिक नहीं लग रही है.

ये पहली फिल्म है, जिसमें सलमान खान 71 साल के बूढ़े आदमी के किरदार में दिखाई देंगे. इससे पहले फिल्म 'सुल्तान' में उनका किरदार जवानी से अधेड़ावस्था तक का तय करता है.
6. फिल्म की सबसे बड़ी बात जो ट्रेलर में छुपाई गई है
फिल्म की कहानी एक परिवार के बारे में है, जो दो देशों के बंटवारे के दौरान बिछड़ जाता है. ओरिजिनल फिल्म में एक बच्चे की बहन बंटवारे की भीड़-भाड़ में कहीं गुम जाती है, उसे ढूंढ़ने के लिए उसका पिता पुराने देश में ही रूकता है और उस छोटे बच्चे को दूसरे देश में भेज देता है. इस बच्चे की ज़िंदगी का एक्कै मकसद है अपने पिता और बहन को ढूंढ़ना. 'भारत' के ट्रेलर में पिता वाले मसले का ज़िक्र तो आता है लेकिन जहां बहन की बात आती है, तो हमें सिर्फ ये बोर्ड देखने को मिलते हैं. जिसमें गुड़िया नाम की 5 साल की एक बच्ची को ढूंढ़ने के लिए उसका भाई यहां-वहां फिर रहा है. फिल्म में गौतम भारत के पिता का नाम है. फिल्म में सलमान की बहन का रोल तबू और पिता का किरदार जैकी श्रॉफ कर रहे हैं.

अपनी बहन को ढंढ़ने के लिए रिफ्यूज़ी कैंपों के चक्कर लगाता सलमान का बचपन का कैरेक्टर साथ में एक और बच्चा दिख रहा है, जो शायद सुनील ग्रोवर हो सकते हैं.
7. फिल्म के चार गानों का तो पता चल जाता है
फिल्म में टोटल कितने गानें हैं, ये तो नहीं पता लेकिन पांच गानों का हिंट तो ट्रेलर से ही मिल जाता है. पहला गाना सलमान और दिशा पाटनी पर फिल्माया गया है. ये दोनों एक सर्कस में साथ काम करते हैं. अगला गाना कटरीना और सलमान पर है. डांस नंबर टाइप जैसे सुल्तान में 'बेबी को बेस पसंद है' था. फिर सलमान और कटरीना के बीच एक रोमैंटिक ट्रैक के भी कुछ विज़ुअल्स देखने को मिलते हैं. फिल्म के शुरुआती लुक में सलमान और कटरीना की इसी गाने की तस्वीर सामने आई थी. फिर आता है नोरा फतेही का आइटम नंबर और फाइनली एक देशभक्ति गीत, जो ट्रेलर के आखिर में बजता है.

फिल्म की शूटिंग शुरू होने के कुछ ही दिन फिल्म के सेट सलमान खान और कटरीना कैफ की इसी कॉस्ट्यूम में एक तस्वीर आई थी. ट्रेलर देखने पर पता चलता है कि वो एक रोमैंटिक गाने का सीन है.
8. ओरिजिनल फिल्म और इस 'भारत' की लंबाई में अंतर
सलमान खान की ये फिल्म कोरियन फिल्म 'ओड टू माय फादर' पर बेस्ड है. इसे भले ही भारत के अनुसार ढाल दिया गया हो लेकिन कई सीन्स फिर भी मैच करते हैं. 'ओड टू माय फादर' की लंबाई दो घंटे छह मिनट है. लेकिन अगर 'भारत' की कहानी देखें, तो ये काफी फैली हुई लगती है. इसे समेटने में समय तो लगने वाला है. इसलिए फिल्म की लंबाई ढाई से तीन घंटे के बीच हो सकती है. ऐसा कहा जाता है कि फिल्म की लंबाई उसके बिज़नेस पर असर डालती है. डालती होगी लेकिन ये मामला अलग है. सलमान खान की फिल्मों को लेकर जैसा माहौल होता, उससे तो नहीं लगता कि फिल्म की कमाई पर उसकी लंबाई का कोई असर पड़ने वाला है. आने वाले दिनों में रिलीज़ होने वाली 'एवेंजर्स: एंडगेम' की लंबाई तीन घंटे दो मिनट है. इंडिया में उसकी अडवांस बुकिंग चालू होने के 24 घंटे से भी कम समय शुरुआती तीन दिनों के सारे शोज़ फुल हो चुके हैं.

ये 'भारत' की फैमिली फोटो टाइप लग रही है, जिसमें फिल्म से जुड़े तकरीबन सारे किरदार दिखाई दे रहे हैं.














