The Lallantop

इटली की मशीन से नागपुरी संतरे का जूस न‍िकालेंगे बाबा रामदेव

बाबा बोल कुछ रहे हैं और कर कुछ रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
भारत माता का नाम लेकर और संन्यासी की इमेज बनाकर अरबपति बन चुके उद्योगपति बाबा रामदेव एक बार फ‍िर चर्चा में हैं. उनका एक अगला कदम कई कंपन‍ियों के द‍िलों की धड़कन बढ़ाने वाला है. उनकी कंपनी पतंजल‍ि के प्रोडक्ट अब व‍िदेशी ऑनलाइन कंपन‍ियों की वेबसाइट पर बिकेंगे. अभी तक इसके ल‍िए पड़ोस की दुकान का सहारा लेना पड़ता था. इस बीच अभी खास बात बाबा रामदेव, नागपुरी संतरों, सोन‍िया गांधी और इटली की करेंगे. रामदेव ने आज तक को दिए एक ताज़ा इंटरव्यू में कहा कि मैं देश का पैसा बाहर नहीं जाने दूंगा लेकिन फिर उन्होंने ये भी कह दिया कि वे इटली से मंगाई मशीन से नागपुर के संतरों का जूस नि‍कालकर बेचेंगे. स्वदेशी के नारे लगाकर और विदेशी के विरोध में बातें करके ही रामदेव ने अरबों का कारोबार खड़ा किया है. लेकिन अब वे उसी विदेशी ज़मीन से ये चीज खरीद रहे हैं. उन्होंने कहा कि माता सोन‍िया गांधी के देश इटली से मशीन लानी पड़ रही है नागपुर के संतरे का जूस न‍िकालने के लिए. सौ करोड़ से ज्यादा की उसकी लागत है. व‍िदेशी मशीनों से अपने उत्पाद बनाने वाले रामदेव को बर्दाश्त नहीं कि इंड‍ियन बाजार में बाहरी कंपनियां फले-फूलें. रामदेव ने कहा है कि उनका टारगेट यूनील‍िवर कंपनी है. अगले साल तक उसका शीर्षासन करा देंगे. मोक्ष और अत्येष्ट‍ि भी कर देंगे.

रामदेव कहते हैं, ''मैं जमीन पर सोता हूं. एक कटोरी खाना खाता हूं. कई बार तो वह भी खाने का टाइम नहीं मिलता है. मेरा स्वदेशी से मतलब यह है कि मैं देश का पैसा बाहर नहीं जाने देना चाहता.''

अब कोट से लेकर लंगोट भी बेचेंगे बाबा

रामदेव अब कोट से लेकर लंगोट भी बेचेंगे. पतजंल‍ि करीब तीन हजार प्रोडक्ट बनाएगी. इसमें बड़ा ह‍िस्सा गारमेंट का होगा. रामदेव पैंट से लेकर जींस तक बेचेंगे. साथ में महि‍लाओं के कपड़े भी उनकी कंपनी से खरीद सकते हैं. रामदेव के शब्दों में, "हम कोई एरिया नहीं छोड़ेंगे, हमारे पास कोट भी मिलेगा और लंगोट भी. भारतीय संस्कृति के हिसाब से फैशन को आगे बढ़ाएंगे."

Advertisement
Advertisement