अपने शरीर का वज़न घटाना कौन नहीं चाहता? जो नहीं भी चाहते वो कभी न कभी वज़न घटाने की रेस में आ ही जाते हैं. भले ही वो डॉक्टरी सलाह की वजह से हो. कुछ लोग किसी फंक्शन में शामिल होने और वहां अच्छा दिखने की वजह से वेट लॉस करते हैं. लेकिन इसके चक्कर में कुछ ऐसा यूज़ कर लेते हैं जो शरीर के लिए घातक होता है या हो सकता है. ऑस्ट्रेलिया की एक महिला के साथ ऐसा ही हुआ. वज़न घटाने के लिए उसने ‘ओज़ेम्पिक’ नाम की दवा का इस्तेमाल किया जिसके बाद उसकी मौत हो गई (Australian woman dies after taking Ozempic).
डायबिटीज की दवा Ozempic से महिला की मौत का दावा, फिट होने के लिए ले रही थी
महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने ओज़ेम्पिक को सैक्सेंडा नाम के इंजेक्शन के साथ यूज़ किया था. इससे लगभग पांच महीने में उन्होंने 15 किलो वजन कम किया. लेकिन बाद में उसकी हालत बिगड़ गई.
.webp?width=360)

महिला का नाम ट्रिश वेबस्टर बताया गया है. खबरों के मुताबिक 56 साल की ट्रिश ने टाइप 2 डायबिटीज के इलाज में इस्तेमाल की जाने वाली दवा ओज़ेम्पिक का इस्तेमाल किया. वो अपनी बेटी की शादी के लिए खुद को फिट करना चाहती थीं. इसके लिए उन्होंने ओजेम्पिक का इस्तेमाल किया जो इंजेक्शन के जरिये ली जाती है. लेकिन दवा के इस्तेमाल के बाद गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इन्फेक्शन की वजह से ट्रिश की मौत हो गई. घटना के बाद उनके पति लोगों को वजन घटाने वाली इस लोकप्रिय दवा का इस्तेमाल करने से बचने की सलाह दे रहे हैं.
न्यूयॉर्क पोस्ट में छपी रिपोर्ट के मुताबिक वेबस्टर ने ओज़ेम्पिक को सैक्सेंडा नाम के इंजेक्शन के साथ यूज़ किया था. इससे लगभग पांच महीने में उन्होंने 15 किलो वजन कम भी किया. शुरुआत में दवा के इस्तेमाल से उनका वजन तेजी से घटा. लेकिन कुछ दिनों बाद वो इसकी वजह से बीमार हो गईं.
वेबस्टर की मौत इसी दवा के लगातार इस्तेमाल से हुई या किसी और वजह से, ये अभी मेडिकली साबित नहीं हुआ है. लेकिन वेबस्टर के पति रॉय वेबस्टर अपनी पत्नी की मौत के लिए ओजेम्पिक को ही जिम्मेदार मान रहे हैं. उन्होंने एक ऑस्ट्रेलियाई मीडिया संस्थान ‘60 मिनट्स ऑस्ट्रेलिया' को बताया कि दवा के इस्तेमाल की वजह से उनकी पत्नी के मुंह से भूरे रंग का पदार्थ निकल रहा था. उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. इसके बाद रॉय ने उन्हें CPR देना शुरू कर दिया. लेकिन पत्नी की जान नहीं बची. उनकी मौत का कारण एक्यूट गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इन्फेक्शन बताया गया.
ओज़ेम्पिक वज़न घटाने में कैसे मदद करती है?ओज़ेम्पिक टाइप 2 डायबिटीज के इलाज के लिए बनाई गई है. ये वजन भी कम करती है. इस वजह से ये दवाई डायबिटीज के मरीजों के इलाज में काफी इस्तेमाल होती है. इन मरीजों में से कई मरीज मोटापे से भी जूझ रहे होते हैं.
दरअसल, हमारी आंतों में GLP नाम का एक हॉर्मोन पाया जाता है. ये शुगर लेवल को कंट्रोल करता है. साथ ही पैंक्रियाज (Pancreas) को इंसुलिन रिलीज करने के लिए मैसेज भी भेजता है. दिमाग में मौजूद हाइपोथैलेमस ग्रंथि (Hypothalamus Gland) को GLP संतुष्टि का मैसेज भी भेजता है. खाना खाने के बाद महसूस होने वाली संतुष्टि के लिए GLP ही जिम्मेदार है. यही नहीं, GLP पेट और आंतों के फंक्शन को भी धीमा कर देता है.
ओज़ेम्पिक दवा GLP को और ज्यादा प्रोत्साहित करती है, यानी इसका असर तीन जगह पर होता है. पहला हाइपोथैलेमस ग्रंथि पर जिससे थोड़ा खाना खाने पर ही संतुष्टि मिल जाती है. दूसरा असर पेट और आंतों पर होता है, ये उनके फंक्शन को धीमा कर देती है, जिस वजह से जल्दी भूख नहीं लगती. तीसरा असर होता है पैंक्रियाज पर. पैंक्रियाज में इंसुलिन नाम का हॉर्मोन बनता है. ये हॉर्मोन शुगर को कंट्रोल करता है. GLP इंसुलिन को और भी ज्यादा एक्टिव बनाता है. ओज़ेम्पिक भूख कम कर देती है, पेट ज्यादा समय तक भरा रहता है और बॉडी में शुगर को कंट्रोल करती है. इस तरह से ये दवाई वजन को भी कम करती है.
ओज़ेम्पिक के साइड इफेक्ट्स क्या हैं?लेकिन इस दवा के साइड इफेक्ट्स भी हैं. ओज़ेम्पिक के सेवन से आमतौर पर उल्टी या मतली जैसा महसूस होता है, कुछ लोगों को उल्टी हो भी जाती है. कुछ मामलों में मरीजों को पैंक्रियाटाइटिस (Pancreatitis) की समस्या भी हो जाती है, यानी पैंक्रियाज में सूजन आ जाना. दूसरा साइड इफेक्ट है थायरॉइड कैंसर, जो आमतौर पर नहीं होता. अगर ओज़ेम्पिक लेने वाले मरीजों को बहुत ज्यादा पेट दर्द और उल्टियां हो रही हैं, गले में सूजन महसूस हो रही है तो एक बार डॉक्टर को जरूर दिखा लेना चाहिए.
न्यूयॉर्क पोस्ट ने अमेरिका की एक लॉ फर्म मॉर्गन एंड मॉर्गन के हवाले से बताया है कि कि उसे ट्रिश वेबस्टर से मिलते-जुलते सैकड़ों केसों के बारे में पता चला है जिनमें वेट लॉस ड्रग्स लेने के कारण लोगों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़े हैं. इनमें ओजेम्पिक के अलावा वेगोवाई, सैक्सेंडा जैसे ड्रग्स शामिल हैं.
ओजेम्पिक को नोवो नॉरडिस्क एंड एली लिली नाम की कंपनी बनाती है. इसकी एक दवा मोनजारो को लेकर कंपनी के खिलाफ कानूनी मामला चल रहा है. आरोप हैं कि इसके इस्तेमाल से आंतों से जुड़ी गंभीर समस्याएं देखने को मिली हैं जिनमें स्टमक परालिसिस भी शामिल है. इस कंडीशन में मौत भी हो सकती है.
(ये भी पढ़ें: भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच देख रहा था परिवार, फ्रिज कंप्रेसर में धमाका हुआ, 5 की मौत हो गई)
वीडियो: सेहत: फिट रहने और वजन घटाने के लिए देर तक चलना बेहतर है या थोड़ा दौड़ना?






















