The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • News
  • five died after explosion in refrigerator in jalandhar while watching india australia match

भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच देख रहा था परिवार, फ्रिज कंप्रेसर में धमाका हुआ, 5 की मौत हो गई

पंजाब के जालंधर जिले की घटना. धमाके के बाद फ्रिज के कंप्रेसर से निकली गैस की गंध इतनी तेज थी कि घर में बैठे लोग कुछ समझने-बूझने से पहले ही बेहोश हो गए.

Advertisement
pic
9 अक्तूबर 2023 (पब्लिश्ड: 04:29 PM IST)
five died after explosion in refrigerator in jalandhar while watching india australia match
घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया है. (फोटो- ट्विटर)
Quick AI Highlights
Click here to view more

पंजाब (Punjab) के जालंधर जिला स्थित एक घर में रेफ्रिजरेटर के कंप्रेसर में धमाका होने के बाद पांच लोगों की मौत हो गई (Punjab Fridge Compressor Blast Killed 5). मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए गए हैं. इनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक धमाके के बाद घर में भीषण आग लग गई थी, जिसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुलाना पड़ा.

रिपोर्ट के मुताबिक घटना जालंधर के अवतार नगर में रविवार, 8 अक्टूबर की रात को हुई. हादसे के वक्त परिवार टीवी पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच वर्ल्ड कप का मैच देख रहा था. दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के अनुसार कंप्रेसर में धमाके के बाद निकली गैस की गंध इतनी तेज थी कि घर में बैठे लोग कुछ समझने-बूझने से पहले ही बेहोश हो गए. कुछ ही देर बाद घर में आग लग गई. सभी को बेहोशी की हालत में शहर के सिविल अस्पताल ले जाया गया. वहां उनको मृत घोषित कर दिया गया.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक घटना में मरने वाले लोगों में यशपाल घई, रुची घई, मनशा घई, दिया घई और अक्षय घई शामिल हैं. तीनों बच्चों की उम्र 14 साल से भी कम है. यशपाल घई बीजेपी नेता बताए जा रहे हैं. घटना में यशपाल घई के भाई राज घई और परिवार की एक बुजुर्ग महिला की जान बच गई.

फॉरेंसिक टीम करेगी जांच

घटना की जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया है. टीम घटनास्थल से सैंपल ले जाकर धमाके के कारण का पता लगाने की कोशिश करेगी. जालंधर के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर आदित्य ने हादसे को लेकर कहा कि उन्हें घटना के बारे में जानकारी मिली थी. जिसके बाद पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारी ने आगे कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

गली में भी फैली गैस

फ्रिज के कंप्रेसर में ब्लास्ट के कारण लीक हुई गैस गली में भी फैल गई. जिसके बाद घर में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारी भी इसे काबू करने में नाकाम रहे. जिसके बाद अग्निशमन की गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा.

(ये भी पढ़ें: खालिस्तानियों और गैंगस्टर्स पर बड़ा एक्शन, पंजाब सहित 6 राज्यों में 50 ठिकानों पर NIA के छापे)

वीडियो: पंजाब: कांग्रेस नेता की हत्या, खालिस्तानी आतंकवादी ने ली ज़िम्मेदारी, किस 'बदले' की बात कही?

Advertisement

Advertisement

()