The Lallantop

श्रीनिवास बीवी पर उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली नेता को कांग्रेस ने पार्टी से निकाला

अंगकिता दत्ता ने श्रीनिवास पर उत्पीड़न और जेंडर के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया था.

Advertisement
post-main-image
श्रीनिवास ने अंगकिता के खिलाफ मानहानि का नोटिस भेजा है. (तस्वीरें- आजतक)

यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली नेता अंगकिता दत्ता को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया गया. कांग्रेस ने अंगकिता पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप लगाया है. कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी तारिक अनवर ने प्रेस रिलीज़ जारी करते हुए तत्काल प्रभाव से उनकी पार्टी सदस्यता को खारिज कर दिया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

क्या है पूरा मामला?

भारतीय यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी (Srinivas BV) पर असम यूथ कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंगकिता दत्ता ने श्रीनिवास पर उत्पीड़न और जेंडर के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगाया है. 18 अप्रैल को अंगकिता ने एक के बाद एक कई ट्वीट्स कर कहा कि श्रीनिवास बीवी उन्हें 6 महीने से परेशान कर रहे हैं. अंगकिता का कहना था कि उन्होंने इसकी शिकायत राहुल गांधी और प्रियंका गांधी तक से की और कार्रवाई की मांग की. अब राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस मामले पर संज्ञान लिया है. आयोग की चेयरपर्सन रेखा शर्मा ने असम पुलिस के डीजी को चिट्ठी लिखकर मामले की जांच करने की मांग की है. NCW खुद भी मामले की जांच करेगी.

Advertisement

यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष पर आरोप

अंगकिता के आरोपों के जवाब में श्रीनिवास ने ट्वीट करते हुए बताया था कि उन्होंने अंगकिता को मानहानि का नोटिस भेजा है. नोटिस में दावा किया गया है कि आरोप राजनीतिक रूप से प्रेरित और पूरी तरह से झूठे हैं. इस बीच खबरें आईं कि अंगकिता असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के साथ लगातार संपर्क में हैं. नोटिस के साथ श्रीनिवास ने लिखा,

"एक प्रसिद्ध कहावत है -

जब कोई किसी पर आरोप लगाए, तब ये चेक कर लेना चाहिए, कहीं वो खुद ही दोषी तो नहीं. कभी-कभी जिनका केस सबसे कमज़ोर होता है, वो ही सबसे ज्यादा शोर मचाते हैं.

जो कोई भी झूठ और मानहानिकारक चीज़ों का प्रचार-प्रसार करता पाया जाएगा, उसे संबंधित कानूनों के तहत दोषी ठहराया जाएगा और उनके काम के लिए उन्हें जवाबदेह ठहराया जाएगा.

कर्नाटक में चल रहे चुनावी अभियान के कारण बीजेपी और उनकी कठपुतलियों को पहले जवाब नहीं दे पाने के लिए खेद है. बीजेपी कर्नाटक में बुरी तरह हारने वाली है.

कर्नाटक में भाजपा को कोई नहीं बचा सकता."

दी लल्लनटॉप ने इस विवाद को लेकर एक कांग्रेस सूत्र से बात की. उन्होंने कहा कि श्रीनिवास बीवी यूथ कांग्रेस के इतिहास के पहले अध्यक्ष हैं जो उसमें 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लेकर आए. सूत्र ने कहा कि इसका पहला फायदा भी अंगकिता दत्ता को ही मिला था, जो यूथ कांग्रेस के इतिहास में पहली महिला प्रदेश अध्यक्ष बनी थीं.

Advertisement

अंगकिता दत्ता के दावे

हालांकि अंगकिता का कहना है कि श्रीनिवास और दूसरे नेता उन्हें यूथ कांग्रेस से हटाना चाहते हैं. आजतक से जुड़े सारस्वत कश्यप से बात करते हुए अंगकिता ने इस मामले में कहा,

“मुझे रायपुर प्लेनरी सेशन के लिए बुलाया गया. वहां मेरी श्रीनिवास जी से मुलाकात हुई. उन्होंने मुझे बोला - "ऐ, तुम क्या मेसेज करता है... तुम क्या पी के मेसेज करता है. वोडका पीता है क्या?" वो ऑल इंडिया (यूथ कांग्रेस) के अध्यक्ष हैं. मैं एक महिला हूं. वो मुझसे ऐसी बात कैसे कह सकते हैं? मैंने इस बात की जानकारी IYC लीडरशिप को भी दी. पर इस पर कुछ नहीं हुआ... भुपेन बोरा जी मेरे समर्थन में हैं. श्रीनिवास जी और वर्धन यादव मुझे क्यों हटाना चाहते हैं? क्योंकि मैं औरत हूं? क्योंकि मैं उनकी गुलामी नहीं कर रही हूं?”

अंगकिता का परिवार लंबे समय से कांग्रेस से जुड़ा हुआ है. इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी. ट्वीट्स में दत्ता ने राहुल गांधी व प्रियंका गांधी को भी घेरा था. कहा था कि अब प्रियंका गांधी के नारे ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ का क्या हुआ.

वीडियो: मास्टर क्लास: मुख्यमंत्री को अरेस्ट करने का नियम क्या है? कौन कर सकता है गिरफ्तार

Advertisement