असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को लेकर दिए एक बयान पर विवाद शुरू हो गया है. हिमंता ने एक इंटरव्यू में कहा कि देश के पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और मनमोहन सिंह असम का गमझा नहीं पहनते थे. कांग्रेस ने इस आरोप का जवाब तस्वीरों के साथ दिया है. क्या है पूरा मामला, बताते हैं.
हिमंता ने पूछा था, "PM मनमोहन को गमछे में देखा?" कांग्रेस ने तस्वीर दिखा दी
एक टीवी इंटरव्यू में असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सवालिया लहजे में दावा किया था कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और मनमोहन सिंह ने कभी असमी गमोसा (गमछा) नहीं पहना.


हिमंता का आरोप
न्यूज़ चैनल टीवी नाइन भारतवर्ष पर एक इंटरव्यू के दौरान हिमंता ने ये बयान दिया. उनसे सवाल किया गया,
"अब लेफ्ट टू राइट जब शिफ्ट हो रहा है, तब हम सीधे देख रहे हैं कि एक टेक्टॉनिक (बड़ा) शिफ्ट नॉर्थईस्ट की तरफ आ रहा है, जिसमें बीजेपी के हर ताले की चाभी हिमंता बिस्वा सरमा कैसे बन जाते हैं?"
इस पर हिमंता ने जवाब दिया,
“ऐसा नहीं है. आप खुद जानते हैं. हम लोग कार्यकर्ता हैं. लोगों का जो विश्वास है, आस्था है, ये प्रधानमंत्री के ऊपर है. और प्रधानमंत्री ने नॉर्थईस्ट को सम्मान देने का जो काम किया है... इस देश में नेहरू जी भी प्रधानमंत्री थे, कभी असम का गमझा उनके गले में किसी ने देखा? इंदिरा जी भी थीं. मनमोहन जी असम से प्रधानमंत्री थे. लेकिन क्या आपने देखा किसी ऑफिशियल कार्यक्रम में उनको गमझा लेते हुए? तो हम तो पूछ सकते हैं ना कि हमने आप को 18 साल सांसद बनाया, लेकिन आपने जिस दिन आपने शपथ ली, आप गमझा लेकर भी शपथ ले सकते थे. हम लोग खुश होते. हमें तब ये मालूम नहीं था, कि इसका भी कोई मतलब होता है. लेकिन जब प्रधानमंत्री जी वैक्सीन लेने जाते हैं, गले में गमझा लेकर, तब क्या उस व्यक्ति पर लोगों का सम्मान नहीं होगा?”
कांग्रेस ने गमछे वाली तस्वीरें दिखा दीं
हिमंता बिस्वा सरमा के इस दावे के बाद कांग्रेस की प्रतिक्रिया आई. पार्टी की स्टूडेंड विंग नेशनल स्टूडेंट यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के राष्ट्रीय महासचिव अनुशेष शर्मा ने ट्वीट करते हुए मनमोहन सिंह की दो तस्वीरें शेयर कीं. इनमें से एक में पूर्व पीएम असम के पूर्व सीएम तरुण गोगोई के साथ दिख रहे हैं. दोनों ही तस्वीरों में मनमोहन सिंह ने गमछा पहना हुआ है. तस्वीरों पर अनुशेष शर्मा ने हिमंता बिस्वा सरमा की ओर इशारा करते हुए लिखा,
“आपके रेफरेंस के लिए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की ये दो तस्वीरें शेयर कर रहा हूं, जिनमें उन्होंने असम का गमझा पहन रखा है. अगर मुमकिन हो, तो एक चुने हुए प्रतिनिधि की तरह काम करें, ना कि किसी फेक न्यूज़ फैलाने वाले की तरह. असम में पेपर लीक और बढ़ती हुई बेरोजगारी दर पर आपकी क्या राय है?”
हमने भी ये जानने की कोशिश थी कि क्या मनमोहन सिंह ने कभी भी असम का गमछा नहीं पहना. खोजबीन के दौरान हमें विकिमीडिया का एक लिंक मिला. इसमें मनमोहन सिंह और तरुण गोगोई की एक और पुरानी तस्वीर मिली. इसमें भी मनमोहन सिंह ने गमछा पहना हुआ है जो संभवतः तत्कालीन सीएम ने उन्हें पहनाया होगा.

तस्वीर 14 जनवरी, 2005 की है. तब तरुण गोगोई ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष के लिए दो करोड़ रुपये का चेक मनमोहन सिंह को सौंपा था. उसी दौरान पीआईबी के कैमरामैन ने ये तस्वीर ली थी.
वीडियो: जाकिर नाइक को सुनकर 'कट्टरपंथी' बना ट्रेन में यात्रियों को जलाने का आरोपी शाहरुख?






















