दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद उनका पहला रिएक्शन सामने आया है. 21 मार्च को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने करीब दो घंटे की पूछताछ के बाद केजरीवाल को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया था. 22 मार्च को राउज एवेन्यू कोर्ट में इस मामले की सुनवाई से पहले मीडिया ने उनसे सवाल किए जिस पर सीएम केजरीवाल ने कहा, "मेरा जीवन देश के लिए समर्पित है. चाहे मैं अंदर (जेल) रहूं या बाहर."
गिरफ्तारी के बाद अरविंद केजरीवाल का पहला रिएक्शन आया, क्या बोले?
22 मार्च को Rouse avenue court में सुनवाई से पहले मीडिया ने Delhi Chief Minister Arvind Kejriwal से सवाल किए. गिरफ्तारी के बाद सीएम केजरीवाल का पहला बयान सामने आया है.

इसके बाद अरविंद केजरीवाल को ED अधिकारी अपने साथ ले गए. उनके इस बयान के बाद कोर्ट परिसर में मौजूद आम आदमी पार्टी समर्थक तालियां बजाने लगे.
कोर्ट में ED ने क्या कहा?वहीं राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई के दौरान ED ने केजरीवाल की 10 दिनों की कस्टडी की मांग की है. ED ने कोर्ट में केजरीवाल को दिल्ली के कथित शराब घोटाले का ‘सरगना’ बताया है. बकौल ED, ‘रिश्वत में मिले पैसों का इस्तेमाल गोवा चुनाव में किया गया था’. वहीं केजरीवाल की तरफ से वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी ने ED के रिमांड की मांग का विरोध किया है. उन्होंने कहा,
"ED की सारी दलीलें हवा-हवाई हैं. पहली बार किसी सीटिंग मुख्यमंत्री को गिरफ्तार किया गया है. और पहली बार किसी पार्टी के कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार किया गया है. अगर ED के पास सारे सबूत हैं तो गिरफ्तारी और रिमांड की क्या जरूरत है?"
केजरीवाल के वकील ने इस मामले को आगामी लोकसभा चुनाव से भी जोड़ा है.
ये भी पढ़ें- "मेरी बात नहीं मानी इसलिए केजरीवाल को जेल.." अन्ना हजारे ने ऐसा क्यों कहा?
इससे पहले भारत राष्ट्र समिति की नेता के कविता को ED ने 16 मार्च को गिरफ्तार किया था. ED ने आरोप लगाया कि है कि जांच में खुलासा हुआ है कि नई आबकारी नीति से लाभ उठाने के लिए के.कविता ने AAP के नेताओं, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के साथ मिलकर साजिश रची. साजिश के तहत नई शराब नीति में होलसेलर्स के जरिये लगातार रिश्वत का पैसा AAP तक पहुंचाया जाता रहा. ED का आरोप है कि नई आबकारी नीति से निजी लाभ पाने की एवज में AAP नेताओं तक 100 करोड़ रुपये पंहुचाये गए. इस मामले में मनीष सिसोदिया के अलावा राज्यसभा सांसद संजय सिंह को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. दोनों ही नेता फिलहाल जेल में हैं.
वीडियो: पीएम मोदी समर्थक से अरविंद केजरीवाल पर क्या बोल गईं ये महिला?













