The Lallantop

'इसलिए CM पद से इस्तीफा नहीं दिया...', अरविंद केजरीवाल ने इंटरव्यू में क्या वजह बताई?

अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा 220 से कम सीटों पर सिमट जाएगी और INDIA गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीतेगी.

Advertisement
post-main-image
अरविंद केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव सहित कई मुद्दों पर बात की. (फाइल फोटो- पीटीआई)

दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग से ठीक पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वे जेल से ही सरकार चलाने वाले हैं. इंडिया टुडे को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने दावा किया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा 220 से कम सीटों पर सिमट जाएगी और INDIA गठबंधन 300 से अधिक सीटें जीतेगी. केजरीवाल ने ये भी कहा कि बीजेपी के भीतर काफी तनाव का माहौल है क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह को अपना उत्तराधिकारी बनाना चाहते हैं. इंटरव्यू में केजरीवाल ने लोकसभा चुनाव, प्रधानमंत्री मोदी, चीन, योगी आदित्यनाथ और आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव सहित कई विषयों पर बात की. उन्होंने दिल्ली शराब नीति मामले में हिरासत में रहने के दौरान के अनुभवों को भी शेयर किया.

Advertisement

शराब नीति मामले में 10 मई को सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को अंतरिम जमानत दी थी. उसी दिन वो तिहाड़ जेल से बाहर आए थे. बाहर आने के बाद केजरीवाल लगातार चुनाव प्रचार कर रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साध रहे हैं. केजरीवाल ने इंटरव्यू में कहा कि भाजपा में इस समय सक्सेशन (उत्तराधिकारी) वॉर चल रहा है. उन्होंने कहा, 

"प्रधानमनंत्री ने 75 साल में रिटायरमेंट का नियम बनाया था तो खुद पर भी लागू करेंगे. अमित शाह को उत्तराधिकारी बनाएंगे. योगी आदित्यनाथ को आने वाले दिनों में हटा दिया जाएगा. ताकि अमित शाह के रास्ते को साफ किया जा सके. मैंने पहले भी ये कहा था लेकिन किसी भी बड़े भाजपा नेता ने इसका खंडन नहीं किया."

Advertisement

गिरफ्तारी के बाद भी मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफ़ा क्यों नहीं दिया? इस सवाल पर केजरीवाल ने कहा कि ये भाजपा की साजिश है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा यही चाहती है, सरकार गिर जाए. फिर से चुनाव हो और भाजपा जीत जाए. केजरीवाल ने दावा किया अगर उन्होंने इस्तीफ़ा दिया तो ममता बनर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनकी सरकार भी गिरा दी जाएगी.

अगर अरविंद केजरीवाल जेल में रहे तो क्या सुनीता केजरीवाल उनकी जगह विधानसभा चुनाव (अगले साल) लड़ेंगी? इस तरह की संभावना को खारिज करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वे जेल से ही चुनाव लड़ेंगे और जेल से ही सरकार चलाएंगे. उन्होंने शराब नीति में हुए घोटालों के आरोपों को बेबुनियाद बताया.

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) पर सेंसरशिप का भी आरोप लगाया और कहा कि उनके इंटरव्यू पर रोक लगा दी गई. उन्होंने दावा किया, 

Advertisement

"मैंने कल कुछ चैनलों को इंटरव्यू दिया था. PMO ने एक भी इंटरव्यू को ब्रॉडकास्ट नहीं होने दिया. पीएमओ से कॉल चला गया कि केजरीवाल के इंटरव्यू नहीं चलाओगे."

'जेल में 24 घंटे निगरानी होती थी'

जेल की परिस्थितियों पर बात करते हुए केजरीवाल ने इंटरव्यू में बताया कि उन्हें जानबूझकर आइसोलेट कर दिया गया था और उनकी निगरानी की जाती थी. उन्होंने कहा, 

"मेरे बैरक में कोई और कैदी नहीं था. मैं किसी से बात नहीं कर सकता था. यहां तक कि परिवार के लोगों से फेस टू फेस मिलने भी नहीं दिया गया. इन लोगों ने मेरे सेल में 2 कैमरे लगा रखे थे और 24 घंटे निगरानी करते थे. और ये पूरी रिपोर्ट PMO जाती थी. फिर भी ये मुझे तोड़ नहीं पाए क्योंकि मैं गीता और रामायण पढ़ता था."

केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर इंसुलिन नहीं दी गई थी. मुख्यमंत्री ने दावा करते हुए कहा, 

"मुझे 15 दिन तक इंसुलिन नहीं दिया गया. मेरा शुगर लेवल 300-350 पहुंच गया. इतने दिन अगर इंसुलिन न दी जाए तो किडनी और लीवर खराब हो सकते हैं. मैं 10 साल से इंसुलिन ले रहा हूं. दिन में चार इन्जेक्शन लेता था. लेकिन इन्होंने रोक दिए और कोर्ट में याचिका के बाद देना शुरू किया."

इस साल 21 मार्च को, देश में पहली बार पद पर बैठे किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी केजरीवाल के रूप में हुई थी. गिरफ्तारी के बाद उन्हें तिहाड़ जेल में हिरासत में रखा गया था. सुप्रीम कोर्ट की अंतरिम जमानत के हिसाब से केजरीवाल 2 जून को सरेंडर करेंगे.

(यह स्टोरी दी लल्लनटॉप के साथ इंटर्नशिप कर रहे नवनीत ने लिखी है.)

वीडियो: 'मुझे टारगेट किया जा रहा है', BJP सांसद जयंत सिन्हा का पार्टी में किसके साथ हुआ विवाद?

Advertisement