The Lallantop

Exit Poll की बहस को कांग्रेस ने कहा 'TRP का खेल', अमित शाह ने कसा तंज- 'किस मुंह से...'

Amit Shah ने कहा कि एग्जिट पोल लंबे समय से हो रहे हैं, लेकिन इस बार हार के कारण उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कैसे समझाया जाए. इसलिए वो इसका बहिष्कार कर रहे हैं.

Advertisement
post-main-image
शाह ने कहा है कि एग्जिट पोल में कांग्रेस की बड़ी हार होगी, इसलिए वो मीडिया का सामना नहीं कर सकते हैं. (फोटो- PTI)

लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण की वोटिंग से पहले कांग्रेस ने एग्जिट पोल से संबंधित टीवी डिबेट्स में भाग ना लेने का फैसला किया है. कांग्रेस का कहना है कि पार्टी टीआरपी के खेल का हिस्सा नहीं बनना चाहती. कांग्रेस के इस फैसले पर गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah on Congress) ने तंज कसा है. उन्होंने कहा है कि एग्जिट पोल में कांग्रेस की बड़ी हार होगी, इसलिए वो मीडिया का सामना नहीं कर सकते हैं.

Advertisement

कांग्रेस के फैसले पर अमित शाह ने कहा,

“ये कोई नहीं बात नहीं है. काफी समय से कांग्रेस पार्टी डिनायल मोड में है. इस पूरे चुनाव ये लोग कैंपेन करते रहे कि हमारा बहुमत आने जा रहा है. अब उन्हें भी स्थिति मालूम है कि कल की वोटिंग के बाद आने वाले एग्जिट पोल में इनकी बड़ी हार होने वाली है. वो किस मुंह से मीडिया का सामना करेंगे.”

Advertisement

शाह ने आगे कहा कि इसी वजह से कांग्रेस एग्जिट पोल का बहिष्कार कर रही है. एग्जिट पोल लंबे समय से हो रहे हैं, लेकिन इस बार हार के कारण उन्हें समझ नहीं आ रहा कि कैसे समझाया जाए. इसलिए वो इसका बहिष्कार कर रहे हैं. गृह मंत्री ने कहा कि जब से राहुल गांधी ने कांग्रेस की कमान संभाली है, पार्टी डिनायल मोड में जी रही है. पार्टी को डटकर हार का सामना करना चाहिए. भाजपा ने भी कई चुनाव हारे हैं, लेकिन कभी मीडिया का बहिष्कार नहीं किया है.

इससे पहले कांग्रेस पार्टी के मीडिया विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक बयान में बताया था कि कांग्रेस चार जून से होने वाली टीवी डिबेट्स में पार्टी भाग नहीं लेगी. खेड़ा ने X पर लिखा,

“मतदाताओं ने अपना मत दे दिया है और मतदान के परिणाम मशीनों में बंद हो चुके हैं. 4 जून को परिणाम सबके सामने होंगे. भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नज़रों में परिणाम घोषित होने से पहले किसी भी तरह के सार्वजनिक अनुमान लगा कर घमासान में भाग ले कर टीआरपी के खेल का कोई औचित्य नहीं है.”

Advertisement

खेड़ा ने आगे कहा कि किसी भी बहस का मक़सद दर्शकों का ज्ञानवर्धन करना होता है. कांग्रेस पार्टी 4 जून से डिबेट्स में फिर से पूरी तरह भाग लेगी.    

वीडियो: कर्नाटक के सारे एग्जिट पोल नतीजे कांग्रेस और बीजेपी को परेशान करेंगे

Advertisement