मुंबई मिरर की एक रिपोर्ट में टी-सीरीज़ के मालिक भूषण कुमार का बयान छपा है. बताया कि रेड 2 की स्क्रिप्ट तैयार की जा रही है. साथ ही बोले कि -
"ये एक बहुत बड़ी कई फिल्मों की फ्रेंचाइज़ होगी. कुमार मंगत जी के साथ अजय जी और मैं 'रेड' को आगे बढ़ाने जा रहे हैं. पार्ट 2 की स्क्रिप्ट तैयार हो रही है. चूंकि ओरिजिनल फिल्म को इतना प्यार मिला तो सीक्वल एक बहुत बड़ी जिम्मेवारी है. 'तान्हाजी : द अनसंग वॉरियर' की ज़बरदस्त सफलता के बाद अब इस टीम पर बहुत प्रेशर है. उम्मीदों पर खरा उतरने का."
'रेड' फिल्म में अजय की भिड़ंत हुई थी 'ताऊ जी' से. जो एक नेता कम, बदमाश ज़्यादा है. बहुत सारा दो नंबर का रुपया इकट्ठा कर रखा है. अजय उसके घर पर रेड मारते हैं. यह 'ताऊ जी' का रोल किया था सौरभ शुक्ला ने. जो 'नायक', 'पीके' और 'जॉली एल.एल.बी.' जैसी फिल्मों में कमाल के रोल कर चुके हैं. 'रेड' में भी उनकी एक्टिंग को सराहा गया था. यह फिल्म 1980 के समय की एक सच्ची घटना पर बनी थी. इस फिल्म को यहां डिज़नी हॉटस्टार पर
देखा जा सकता है.
फिल्म से जुड़े हुए एक सूत्र ने मिड डे से कहा कि -
"ये फ्रैंचाइज़ उन हीरोज़ को जनता की नज़रों में लाना चाहती है, जो इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ मिलकर अमीर लोगों के क्राइम पर लगाम कसते हैं. आज तक किसी को उन अफसर की पहचान नहीं पता, जिनपर अजय का रोल 'अमय' बनाया गया था. 'रेड 2' उन सब लोगों को एक ट्रिब्यूट है, जो वर्दी नहीं पहनते."अजय हाल ही में 'तान्हाजी : द अनसंग वॉरियर' में देखे गए थे. फिल्म इसी साल 10 जनवरी को रिलीज़ हुई थी. यह बहुत बड़ी सुपरहिट रही. वे इस साल 'भुज : द प्राइड ऑफ़ इंडिया' में दिखाई देंगे. इसके अलावा उनके प्रोडक्शन हाउस से 3 फिल्में आने वाली हैं. 'त्रिभंग' में काजोल, तन्वी आज़मी और मिथिला पालकर मुख्य रोल्स में हैं. 'छलांग' में लीड रोल किया है राजकुमार राव और नुसरत भरुचा ने. 'द बिग बुल' में अभिषेक बच्चन, निकिता दत्ता, इलियाना डी.क्रूज़ और अजय देवगन को देखा जाएगा.
Video: संजय मिश्रा का इंटरव्यू - घर छोड़कर भाग गए थे, स्टेडियम में सरिया मोड़ते थे














