कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी के खिलाफ इंदौर पुलिस को सबूत नहीं मिले थे. (फोटो: इंस्टाग्राम)
कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी. 1 जनवरी को इंदौर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था. आरोप था कि उन्होंने हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक जोक किए. फारूकी के साथ चार और लोगों को गिरफ्तार किया गया था. दो दिन बाद यानी 3 जनवरी को पुलिस ने कहा कि देवी-देवताओं के अपमान वाला उनका कोई भी वीडियो नहीं मिला.
BJP विधायक के बेटे की शिकायत पर हुआ था केस
फारूकी इंदौर में स्टैंडअप कॉमेडी के लिए पहुंचे थे. शो के दौरान ही कुछ लोग मंच पर चढ़ गए और शो को बंद करने के लिए कहने लगे. स्टेज पर फारूकी उन्हें समझाने की कोशिश करते नजर आए. हंगामे के बीच पुलिस बुलाई गई और फारूकी सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया. उनके खिलाफ शिकायत एकलव्य गौर ने दी. वो बीजेपी विधायक मालिनी गौर के बेटे हैं. एकलव्य ने आरोप लगाया था कि कॉमेडी शो के दौरान फारूकी ने हिंदू देवी-देवताओं और गृहमंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी की. एकलव्य का कहना है कि फारूकी पहले भी ऐसा कर चुके हैं. अब इंदौर पुलिस का कहना है कि उन्हें ऐसा कोई वीडियो नहीं मिला है जिनसे इन आरोपों की पुष्टि हो सके. इंदौर के तुकोजीगंज पुलिस थाने के एसएचओ कमलेश शर्मा ने इंडिया टुडे टीवी से फोन पर बात की. उन्होंने बताया,
हमने शिकायत के साथ मिले दोनों वीडियो की जांच की है. हमें इनमें किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं मिली है. अब हमें शिकायतकर्ता ने एक पेन ड्राइव दी है, हम उसकी भी जांच कर रहे हैं. लेकिन हम यह कह सकते हैं कि शुरुआत में दिए गए दोनों वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं है जो आरोपों की पुष्टि करते हों.
पुलिस ने फारुकी और उनके साथियों एडविन एंटनी, प्रकाश व्यास, प्रीतम व्यास और निलिन यादव के खिलाफ आईपीसी की धारा 295-A, 298, 269, 188 और 34 के तहत मामला दर्ज किया है.
वरुण ग्रोवर और वीर दास ने फारूकी के लिए उठाई आवाज़
वरुण ग्रोवर ने इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा,
वे लोग सुनना नहीं चाहते, वे बहस भी नहीं करना चाहते, वे सिर्फ व्यक्तिगत सोच के हर टुकड़े को मिटाना चाहते हैं. और धरती की सबसे बड़ी सभ्यता के हम लोगों को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ रहा है.
वीर दास ने ट्वीट किया,
हास्य को रोकना और काबू करने की कोशिश करना बेवकूफी है. आप चुटकुलों और हास्य को नहीं रोक सकते. इसलिए नहीं कि कॉमेडियन इसे पेश कर रहे हैं, बल्कि लोगों को हास्य की जरूरत है. आप जितनी भी कोशिश करेंगे, आप पर उतना ही ज्यादा लोग हंसेंगे. जिसने भी आज तक हास्य को कंट्रोल करने की कोशिश की है, उनके लिए खासतौर पर जोक्स बनाए जाते हैं.
वीर दास ने अपनी बात कहने के लिए पीएम मोदी का पुराना ट्वीट भी शेयर किया.
इनके अलावा कनीज़ सुर्का, अग्रिमा जोशुआ और रोहन जोशी ने भी फारूकी के सपोर्ट में पोस्ट किए हैं.