19 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पुडुचेरी, वेल्लोर, कांचीपुरम, विलुपुरम और साउथ चेन्नई के बीजेपी कार्यकर्ताओं से बात कर रहे थे. तभी पुडुचेरी के एक बीजेपी कार्यकर्ता निर्मल कुमार जैन ने मिडिल क्लास और टैक्स को लेकर पीएम मोदी से सवाल किया. इस सवाल से मोदी थोड़े असहज दिखे. इस सवाल का जवाब देने के बाद मोदीजी ने "पुडुचेरी को वणक्कम" कर बातचीत आगे बढ़ा दी.
पीएम मोदी से सवाल पूछकर छीछालेदर करवाने वाले बीजेपी वर्कर ने नया वीडियो डाला है
सवाल पर पीएम मोदी से जवाब देते नहीं बना था. वो 'पुडुचेरी को वणक्कम' कहकर आगे बढ़ गए थे.


इसके बाद पीएम मोदी को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाने लगा. कई सारे मीम बनने लगे. अब सवाल करने वाले बीजेपी कार्यकर्ता निर्मल कुमार जैन का एक नया वीडियो आया है. दिसंबर, 2018 में निर्मल कुमार जैन का ट्विटर अकाउंट बना है. और इस पर पहला ट्वीट 25 दिसंबर की तारीख का है. 26 दिसंबर को निर्मल ने हिंदी में बोलते हुए एक वीडियो अपलोड किया है.
क्या बोला है इस वीडियो में?
निर्मल कुमार जैन इस 1 मिनट 34 सेकंड के वीडियो में बोलते दिखते हैं. उन्होंने कहा-
मैं निर्मल कुमार जैन, बीजेपी का बहुत पुराना सदस्य हूं. पुडुचेरी में 19-12-2018 को प्रधानमंत्री से कॉन्फ्रेंस कॉल में बात करने का सौभाग्य मिला उसके लिए प्रधानमंत्री जी को धन्यवाद. कट-1. श्रीमान प्रधानमंत्री जी देश के हित के लिए बहुत सा कार्यक्रम कर रहे हैं जिससे सभी वर्ग के लोग बहुत खुश हैं. कट-2. मेरी मांग यही थी कि प्रधानमंत्री जी और भी ढेर सारी योजनाएं लेकर आएं जिससे और भी बहुत लोग खुश हो सकें. कट-3. मेरे जैसे छोटे से सदस्य का सवाल का भी प्रधानमंत्री जी स्वीकार किए और मुझे धन्यवाद दिए और सभी लोगों का ख्याल करने का आश्वासन दिए. कट-4. उनके आश्वासन से मैं और सभी सदस्य खुश हुए. कट-5. मेरे जैसे छोटे से सदस्य सवाल पूछना और उसको खुशी से जवाब देना ये हमारे प्रधानमंत्री जी मोदी जी ही करते हैं और कर रहे हैं. कट-6. मेरे इस बात को कुछ मीडिया वालों ने गलत तरीके से प्रचार कर रहे हैं. कट-7. हमारे प्रधानमंत्री जी के आश्वासन जवाब बताए बिना प्रधानमंत्री जी पर कलंक लगाने के भाव से गलत प्रचार हो रहा है. इस गलत प्रचार से मैं बहुत-बहुत दुखी हूं. बीजेपी, मोदीजी और मेरे गठबंधन को ऐसे गलत प्रचार से कोई मिटा नहीं सकता है. कट-8. ऐसे गलत प्रचार को मैं भारी इनकार करता हूं. कट-9. इस वीडियो से मैं हाथ जोड़कर सभी को यही विनती करता हूं कि आगे से ऐसे गलत प्रचार न करें. नमस्कार. धन्यवाद.
1 मिनट 34 सेकंड के इस वीडियो में 9 जगह कट लगा है. निर्मल कुमार जैन के इस वीडियो के बाद वो सोशल मीडिया पर छाए हुए हैं. भाजपा के समर्थक इसे एक कार्यकर्ता का पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्वास बता रहे हैं. वहीं भाजपा के विरोधी इसे स्क्रिप्टेड वीडियो बता रहे हैं. खैर, सच्चाई जो भी हो निर्मल कुमार जैन ने अपना पक्ष सबके सामने रखा है. और नरेंद्र मोदी के साथ हुई अपनी बातचीत से वो खुश हैं.
वीडियो-पीएम नरेंद्र मोदी को पुडुचेरी के किस BJP कार्यकर्ता के सवाल ने मुश्किल में डाल दिया?





















