The Lallantop

"गद्दारी हो जिसकी बुनियाद...", दुष्यंत चौटाला के चाचा अभय चौटाला ने क्या कह दिया?

हरियाणा की राजनीति में नया मोड़ आ गया है. मनोहर लाल खट्टर ने सीएम पद से इस्तीफा दिया और बीजेपी ने नायब सिंह सैनी को सीएम बना दिया. एक ही दिन में हुए इस उलटफेर में डेप्युटी सीएम की कुर्सी खो बैठे दुष्यंत चौटाला जो अब अपने चाचा अभय चौटाला समेत कांग्रेस नेताओं के निशाने पर हैं.

Advertisement
post-main-image
चाचा अभय चौटाला के निशाने पर आए भतीजे दुष्यंत चौटाला. (फ़ोटो- ट्विटर और PTI)

लोकसभा चुनाव 2024 (LokSabha Election 2024) से पहले हरियाणा की राजनीति में 12 मार्च को एक नया मोड़ आ गया. BJP और जननायक जनता पार्टी (JJP) का गठबंधन टूट गया. सुबह ही मनोहर लाल खट्टर (Manohar Lal Khattar) ने अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ इस्तीफ़ा दे दिया था. अब हरियाणा के नए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) हैं. इस सबके बीच विरोधियों के निशाने पर हैं JJP चीफ और पूर्व डेप्युटी सीएम दुष्यंत चौटाला. उनके चाचा अभय चौटाला और कांग्रेस के सीनियर नेताओं ने दुष्यंत चौटाला और बीजेपी पर हमला बोला है.

Advertisement

ऐलनाबाद से विधायक और INLD के नेता अभय सिंह चौटाला ने X पर लिखा,

"CM बदल कर BJP ने कबूला है कि वो प्रदेश को बर्बाद कर रहे थे. लोगों ने तो BJP को 2019 में ही हरा दिया था, वो तो गद्दारों की मदद से सरकार बन गई. उस ठगबंधन ने साढ़े 4 साल लूट मचाई, भ्रष्टाचार किया और चुनाव आते ही एक नाटक रच दिया. इसका मतलब तुम मान रहे हो कि चुनाव बुरी तरह हार रहे हो. जनता को भी विचार करना चाहिए कि ये फैसला आज ही क्यों हो रहा है, पहले क्यों नहीं हुआ?"

Advertisement

अभय चौटाला, दुष्यंत के चाचा भी हैं. INLD के नेतृत्व को लेकर चाचा-भतीजे के बीच टकराव रहा और बाद में दुष्यंत ने JJP बना ली. अब उनकी डेप्युटी सीएम की गद्दी जाने के बाद अभय चौटाला ने उन पर ये कहकर भी हमला बोला,

"गद्दारी हो जिसकी बुनियाद, अंजाम-ए-मीनार होना ही था बर्बाद!"

कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी JJP पर तंज कसते हुए X पर लिखा,

Advertisement

"खेल खतम, पैसा हज़म!
जेजेपी पे..."

वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री रहे भूपेंद्र सिंह हुड्डा (Bhupinder Singh Hooda) ने लिखा,

"बीजेपी-जेजेपी ने गठबंधन तोड़कर और मुख्यमंत्री बदलकर चुनाव से पहले ही अपनी हार मान ली है. इससे स्पष्ट है कि प्रदेश में विफल गठबंधन की सरकार चल रही थी, जिससे जनता का पूरी तरह मोहभंग हो चुका था. बीजेपी साढ़े 9 साल की विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है. इसलिए ठीक चुनाव से पहले मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री बदलने पड़े. बीजेपी को सत्ता में रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. प्रदेश में तुरंत राष्ट्रपति शासन लागू करके जल्द विधानसभा चुनाव करवाने चाहिए."

इस बीच दुष्यंत चौटाला की भी प्रतिक्रिया आई. उन्होंने X पर लिखा,

“सभी हरियाणावासियों ने मुझे हरियाणा के उपमुख्यमंत्री के रूप में  प्रदेश की सेवा करने का अवसर दिया इसको मैं अपना सौभाग्य मानता हूं और हरियाणा के प्रत्येक व्यक्ति का दिल की ग़हराइयों से आभार प्रकट करता हूं. हरियाणा के हित और जनता के कार्यों के लिए आपका समर्थन और सहयोग मेरे लिए हमेशा ऊर्जादायक रहा है. सीमित समय और सीमित संख्या के साथ हमने दिन रात हरियाणा के हितों की रक्षा के लिए लगाए हैं.”

दुष्यंत ने कहा कि सरकार में रहते हुए उन्होंने हरियाणा के हर वर्ग और हर क्षेत्र के काम करवाए हैं.

ये भी पढ़ें: नायब सिंह सैनी के जरिए OBC वोट बैंक पर BJP का निशाना, हरियाणा के नए CM से जुड़ी दिलचस्प बातें  

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक़ खट्टर ने अपने पूरे कैबिनेट के साथ इस्तीफ़ा दिया था. बताया जा रहा है कि आने वाले लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर मतभेद हुए. जिसकी वजह से गठबंधन टूटा. 
 

वीडियो: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का इस्तीफा, टूट गया BJP-JJP का गठबंधन

Advertisement