उड़ी अटैक के बाद से AAP के लक्षण ठीक नहीं लग रहे हैं. पहले केजरीवाल अपने बयान की वजह से घेर लिए गए और मंगलवार शाम उनके टूरिज्म मिनिस्टर कपिल मिश्रा खेला कर गए.
जब महबूबा मुफ्ती पर बिदक गए केजरीवाल के मंत्री
राजनीति में इमोशनल चीजें अच्छी नहीं लगतीं चुन्नी बाबू...

दिल्ली में भारत इंटरनेशनल टूरिज्म बाजार फंक्शन हुआ. भाषण देने के लिए कई लोग बुलाए गए. खबर बने कपिल मिश्रा. मिश्रा मंच पर आए और आते ही झोंक दिए:
'टूरिज्म और टेररिज्म एक साथ नहीं चल सकता. बीजेपी के मंत्री महेश शर्मा कहते हैं कि कश्मीर हमारा गौरव है, लेकिन कश्मीर में तो आतंकवादियों से टूरिस्ट जैसा व्यवहार किया जाता है. हम पाकिस्तान से लड़ सकते हैं, लेकिन हम ऐसे लोगों से कैसे लड़ सकते हैं जो जम्मू-कश्मीर में आतंकियों को शरण देते हैं. आप बुरहान वानी और अफजल गुरू को आतंकी नहीं मान सकते तो टूरिज्म कैसे बढ़ेगा?'
कपिल मिश्रा के भाषण के बाद कार्यक्रम में महबूबा के पापा मुफ्ती मोहम्मद का एक वीडियो चलाया गया. अब्बा की आवाज सुनकर महबूबा इमोशनल हो गईं. ऐसा कैलकुलेटर से फोटो खींचने वाले ANI ने कहा है. टीवी चैनलवालों ने कहा कि कपिल मिश्रा के बयान से भावुक हुईं महबूबा.
बता दें कि महबूबा भी इसी कार्यक्रम में मौजूद थीं. वो मंच पर आईं और बोलीं, 'दुनिया में कोई भी जगह हो, चाहे दिल्ली हो, लेकिन लड़कियां अगर कहीं सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं तो वो मेरा कश्मीर है. ये हमारी सबसे बड़ी खासियत है. वहां किसी लड़की को कार में रेप होने का डर नहीं रहता. भरोसा रखने का सबसे बड़ा पैमाना ये है कि अगर आप कश्मीर आते हैं तो इसका मतलब है कि आप हम पर भरोसा कर रहे हैं.'
महबूबा ने कही तो बड़ी अच्छी बात, लेकिन मिश्रा की बात का जवाब नहीं दिया. ठीक वैसे ही जैसे मोदी केजरीवाल की बात का जवाब नहीं देते. अब कपिल मिश्रा फीलिंग टीलीलीली.










