The Lallantop

'BJP ने विधायकों को पांच करोड़ का ऑफर दे की सरकार गिराने की कोशिश, हमारे पास वीडियो'- बोली AAP

BJP बोली- AAP वाले अपने ही कार्यकर्ताओं से फोन कराते हैं, उनको सीरियस मत लो.

Advertisement
post-main-image
(बाएं-दाएं) आप नेता सौरभ भारद्वाज और मनीष सिसोदिया. (तस्वीरें- पीटीआई)

आम आदमी पार्टी (AAP) ने अब BJP पर उसके विधायकों को खरीदने की कोशिश का आरोप लगाया है. मंगलवार, 23 अगस्त को पार्टी ने दावा किया कि BJP ने AAP विधायकों को पांच करोड़ रुपये का लालच देकर अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार (Delhi govt) को गिराने की कोशिश की है. AAP ने ये तक दावा किया है कि उसके पास BJP की इस साजिश का 'वीडियो प्रूफ' भी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इसके अलावा AAP ने मनीष सिसोदिया को लेकर भी जल्दी ही एक बड़ी जानकारी सामने रखने की बात कही है. इससे पहले सोमवार, 22 अगस्त को सिसोदिया ने दावा किया था कि BJP ने उन्हें अपने पाले में लेकर दिल्ली का सीएम बनाने का ऑफर दिया था, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया. अब AAP का कहना है कि वो इसी सिलसिले में जल्दी ही ‘बड़ा राज’ खोलेगी.

AAP का दावा, ''Operation Lotus' का वीडियो प्रूफ है'

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक मंगलवार को AAP नेता और विधायक सौरभ भारद्वाज ने कहा,

Advertisement

"हमारे विधायकों को पांच करोड़ रुपये का ऑफर दिया गया था. हमने सरकार गिराने के BJP की इस कोशिश को नाकाम कर दिया."

इसके बाद सौरभ ने कहा कि उनकी पार्टी के पास वीडियो के तौर पर इसका सबूत भी है कि कैसे BJP ने उनके विधायकों को खरीदने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि ये वीडियो BJP के ‘ऑपरेशन लोटस’ (Operation Lotus) का सबूत है. 

ऑपरेशन लोटस विपक्षी दलों द्वारा BJP के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला एक टर्म है. उनका आरोप रहता है कि इसी साजिश के तहत BJP विपक्ष की सरकारों को गिराने के लिए विपक्षी दलों के विधायकों को खरीदने का काम करती है.

Advertisement

सौरभ भारद्वाज ने इसी का जिक्र करते हुए कहा है,

“जैसे ही वोटर्स चुनाव में किसी दूसरी पार्टी को चुनते हैं, BJP उसके खिलाफ साजिश करना शुरू कर देती है. इस प्लान को ऑपरेशन लोटस कहा जाता है. हमने मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में ये देखा है… उन्होंने मनीष जी से कहा कि आप BJP में आ जाओ, हम आपको सीएम बना देंगे. उन्होंने अरविंद केजरीवाल की सरकार गिराने की कोशिश की."

इस पर जब सौरभ से पूछा गया कि BJP में किसने मनीष सिसोदिया को ये ऑफर दिया तो AAP नेता ने कहा,

“सही समय पर सबकुछ सामने रखा जाएगा. पार्टी के शीर्ष नेता तय करेंगे कि ऐसा कब और कैसे करना है.”

BJP ने दिया जवाब

उधर BJP ने आरोप लगाते हुए कहा है कि डेप्युटी सीएम ने ये दावे इसलिए किए हैं ताकि उनके खिलाफ लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से ध्यान हटाया जा सके. पार्टी के नेता और सांसद परवेश वर्मा ने कहा,

"लोग लिकर पॉलिसी को लेकर आम आदमी पार्टी से जवाब जानना चाहेंगे, जिससे बहुत नुकसान हुआ है."

वहीं ऑफर वाली बात पर परवेश वर्मा ने कहा,

“वे अपने ही कार्यकर्ताओं से फोन कराते हैं. उनके दावों को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता.”

इधर दिल्ली बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और सांसद मनोज तिवारी ने भी कहा कि AAP नेता ये बताएं कि BJP के किस नेता ने मनीष सिसोदिया को ऑफर दिया है.

बहरहाल, दिल्ली की राजनीति को लेकर AAP और BJP की लड़ाई आम बात है. लेकिन बीते 19 अगस्त को मनीष सिसोदिया के घर पर CBI की रेड पड़ने के बाद से दोनों पार्टियों के बीच की जुबानी जंग और तल्ख हो गई है. CBI का आरोप है कि मनीष सिसोदिया ने शराब नीति बनाने में भ्रष्टाचार कियाा है. उसने FIR दर्ज कर मामले में सिसोदिया को आरोपी भी बनाया है. वहीं सिसोदिया और उनकी पार्टी ने इस आरोप से इनकार किया है.

दी लल्लनटॉप शो: किस BJP नेता की कॉल रिकॉर्डिंग का दावा कर रहे हैं मनीष सिसोदिया?

Advertisement