The Lallantop

ये बच्ची 2 महीनों में झेल चुकी है 20 हार्ट अटैक

फिर भी जी रही है और ठीक हो रही है.

Advertisement
post-main-image
Source: Punjab Star News
अस्पताल के बिस्तर पर पड़ी 4 महीने की ये बच्ची पिछले दो महीनों में 20 हार्ट अटैक झेल चुकी है. इसे कुदरत का चमत्कार कह सकते हैं. या फिर मेडिकल साइंस को शुक्रिया कहते हुए डॉक्टरों को सलाम कर सकते हैं. क्योंकि अदिति जी रही है और ठीक होने की राह पर है. सोलापुर में रहने वाली प्रीति की 4 महीने की बेटी अदिति को एक ऐसी बीमारी है जो तीन लाख में से एक बच्चे को होती है. बीमारी होती है दिल के अंदर गलत वायरिंग होने से. जिसकी वजह से दिल के अंदर खून जाना बंद हो जाता है. और दिल के दौरे आने लगते हैं. दुनिया भर के दिल के मरीजों में केवल 0.25-0.5 पर सेंट ही ऐसे हैं जिन्हें ये बीमारी होती है. अदिति के मम्मी-पापा बताते हैं कि अदिति जबसे दो महीने की हुई, काफी बीमार रहने लगी. वो चिड़चिड़ी हो गई. दूध पीने में आनाकानी करती. फिर उसे सांस लेने में तकलीफ होने लगी. पसीना से लथपथ हो जाती. फिर उसे डॉक्टर के पास लेकर गए. डॉक्टर ने उन्हें सोलापुर से पुणे भेज दिया. जहां अदिति की बीमारी का पता चला. कुछ दिनों पहले ही अदिति की सर्जरी हुई जो नौ घंटे चली. सर्जरी के बाद अदिति के फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया. लेकिन डॉक्टरों ने हार नहीं मानी. तीन दिनों तक बच्ची के दिल, फेफड़ों और किडनी को आर्टिफीशियल सपोर्ट पर रखा गया. पर अब उसे हटा लिया गया है. अदिति अब धीरे-धीरे ठीक हो रही है. कुछ ही दिनों में उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी.

Advertisement
Advertisement