The Lallantop

13 लोगों को मार चुके तेंदुए से भिड़े मां-बाप, 2 साल की बच्ची को जैसे बचाया, रोंगटे खड़े कर देगा!

तेंदुए को पकड़ने के लिए वन विभाग की 11 टीमें लगी हैं.

Advertisement
post-main-image
गायत्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है (फोटो- इंडिया टुडे)

उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में एक तेंदुए (Leopard attack in Bijnor) का खौफ लगातार जारी है. इसी बीच एक बहादुरी की खबर सामने आई है. बिजनौर के आसफाबाद चमन गांव के रहने वाले मदन सिंह और सुनीता देवी अपनी 2 साल की बच्ची को बचाने के लिए तेंदुए से भिड़ गए. 2 साल की गायत्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

आज तक से जुड़े संवाददाता संजीव शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक मदन सिंह और सुनीता देवी अपने खेत में काम रहे थे. उनकी दो साल की बच्ची गायत्री कुछ दूर पर खेल रही थी. तभी गन्ने के खेत के बीच से एक तेंदुए ने गायत्री पर हमला कर दिया. बच्ची की आवाज सुनते ही मदन सिंह और सुनीता उसकी तरफ दौड़े.

मदन सिंह ने साहस दिखाते हुए तेंदुए पर हमला किया. वहीं गायत्री की मां ने तेज से चिल्लाकर तेंदुए को बच्ची से दूर करने की कोशिश की. इतने में तेंदुआ घबराकर भाग गया. मदन सिंह तुरंत अपनी बच्ची को अस्पताल ले गए. जहां उसका इलाज किया जा रहा है. इस घटना पर बोलते हुए बिजनौर के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (DFO) एक सिंह ने बताया,

Advertisement

“जिन क्षेत्रों में हाल के दिनों में तेंदुए ने हमले किए हैं, वैसे संवेदनशील क्षेत्रों में हमने पिंजरे लगाए हैं.”

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बिजनौर के अफजलगढ़ क्षेत्र में, पिछले कुछ महीनों में तेंदुए के हमले में दो नाबालिग बच्चों सहित चार लोग मारे गए हैं. चमन सिंह नाम के एक किसान ने कहा,

“फसल की कटाई का मौसम चल रहा है. किसान खेतों में ज्यादा समय बिता रहे हैं. इस कारण मानव-तेंदुए के संघर्ष बढ़ रहे हैं. जिले में पिछले पांच महीने में 13 लोगों की इस कारण मौत हुई है. लेकिन अधिकारी हमारी सुरक्षा करने में विफल रहे हैं. अगर ऐसी ही लापरवाही जारी रही तो कलेक्टर ऑफिस के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे.”

Advertisement

वहीं, वन विभाग के अधिकारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए 11 टीमें गठित की गई हैं. गांव वालों से ये भी अपील की गई है कि वे अकेले खेतों में न जाएं, खासतौर पर बच्चों के साथ. वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पीलीभीत टाइगर रिजर्व और कानपुर जू सहित मुरादाबाद और सहारनपुर से कई एक्सपर्ट टीमों को बुलाया है. यही नहीं तेंदुए को तलाशने के लिए ड्रोन का भी सहारा लिया जा रहा है.

वीडियो: पीलीभीत में मुस्लिम समुदाय और पंडित नेहरू पर वरुण गांधी का बयान वायरल

Advertisement