The Lallantop

सिर्फ कप नहीं, दिल भी जीतते हैं बीरेंद्र लाकड़ा!

इस काम के लिए बीरेंद्र लाकड़ा को बहुत से लोग कोस भी सकते हैं.

Advertisement
post-main-image
हॉकी इंडिया

किसी ज्ञानी ने कहा है, जो खेल के मैदान में जाते हैं, उन्हें युद्ध के मैदान में जाने की ज़रूरत नहीं होती. खिलाड़ी शांति के दूत हैं. वीरेंद्र सहवाग और शोएब अख्तर में लाख स्लेजिंग और कहासुनी हुई हो लेकिन कभी गोली चलाने की नौबत नहीं आएगी. हाल-फिलहाल में ही नहीं, रह-रहकर भारत-पाकिस्तान में ऐसी तनातनी बनती है कि सरहद और खेल के मैदान दोनों पर नुकसान होता है. आमतौर पर दोनों आपस में नहीं खेल पाते. पाकिस्तान में तो हालात ऐसे हैं कि खुद आतंकी संगठन वाले खेलना चाहें, तो कोई दूसरा आतंकी संगठन हमला कर दे. ऐसे माहौल में जब कभी दोनों देशों को आपस में खेलना ही पड़ जाए तो खेल सिर्फ खेल नहीं रह पाता, युद्ध हो जाता है. इसी दौरान कुछ घटनाएं ऐसी हो जाती हैं जो उम्मीद की किरणें जगा देती हैं. अटल बिहारी वाजपेयी के शब्दों में ये दीवार गिरा तो नहीं सकते लेकिन एक-दो ईंट तो खिसका सकते हैं ताकि ताक-झांक हो सके. कल भारत के डिफेंडर बीरेंद्र लाकड़ा ने ऐसी ही एक कोशिश की.

Advertisement

एचआईएल
एचआईएल

कल भारत ने पाकिस्तान को एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में 3-2 से हराकर 5 साल बाद यह खिताब जीता. भारत-पाक मैच में रफ-टैकल, मारा-मारी होना साधारण बात है. इस आग में घी का काम करती हैं दर्शक-दीर्घा से आनी वाली गालियां. ऐसा माहौल हो तो कम ही खिलाड़ी खेल-भावना दिखा पाते हैं. पर इस सबके बावजूद बीरेंद्र लाकड़ा ने ऐसी खेल-भावना दिखाई कि पाकिस्तानी कोच ने भी आकर गले लगा लिया.

भारत ने 51वें मिनट में गोल करके 3-2 की बढ़त बना ली थी, पाकिस्तानी टीम ऑल-आउट हमला कर रही थी. पाकिस्तान के गोल स्कोरर बिलाल अमील को भारत के सर्कल पर गेंद मिली. बिलाल 2 खिलाड़ियों को छकाकर सर्कल में खड़े अपने साथियों को गेंद पास करना चाह रहे थे. गेंद लाकड़ा को छूकर बैकलाइन से बाहर चली गई और अंपायर ने कोने से हिट लेने के लिए कह दिया. पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने तुरंत पेनल्टी कॉर्नर की अपील की. पाकिस्तानी टीम ने अपना रिव्यू इस्तेमाल करने के लिए कह दिया. जैसे ही अंपायर ने सीटी बजाई और खेल रोका गया, बीरेंद्र लाकड़ा भागकर अंपायर के पास गए और कहा, 'ये पेनल्टी कॉर्नर है, कृपया पाकिस्तान का आखिरी रैफरल इस्तेमाल ना करें. आप ऐसी जगह खड़े थे कि शायद आप देख नहीं पाए.' ऐसा मैच जो आपको नायक-खलनायक बना दे, ऐसी स्थिति की कोई भी हार-जीत जाए, उस मौके पर अंपायर को भी लाकड़ा की ईमानदारी पर अचंभा हुआ और उन्होंने रिव्यूवर को चेकिंग रोक देने के लिए कहा और पाकिस्तान को ऐन मौके पर मिल गया पेनल्टी कॉर्नर.

Advertisement

समय तेज़ी से गुज़रा रहा था और पाकिस्तानी खिलाड़ी लाक़ड़ा की पीठ थपथपा कर सर्कल पर आए. हालांकि ईमानदारी भी बहादुरी ही है और किस्मत बहादुर का साथ देती है. पाकिस्तानी खिलाड़ी धड़क-धड़क मैच में पेनल्टी कॉर्नर पर शॉट लेने के लिए गेंद को नहीं रोक पाए.

मैच के बाद पाकिस्तानी कोच खुद लाकड़ा के पास गए और गले लगा लिया. पाकिस्तानी कोच ख्वाजा जुनैद ने कहा, 'हम कभी-कभार ही हॉकी खेल पाते हैं. अनुभव की कमी खली. लेकिन एक ऐसे मैच में जिसका खेल और राजनीति दोनों पर असर होना था, लाकड़ा की ये साफगोई हकीकत में ये दिखाती है कि दोनों टीमें अपनी श्रेष्ठ काबिलियत के साथ खेलना चाहती हैं.'


एसीटी
एसीटी

लाकड़ा की ईमानदारी के बाद अगर वो गोल हो जाता, तो मामला पेनल्टी शूटआउट में जा सकता था और चोटिल श्रीजेश की जगह कल युवा आकाश चिकते गोलची थे. पिछली बार भारत, पाकिस्तान से हार के बाद इसी टूर्नामेंट में भारत 6ठे नंबर पर रहा था. और ये वही टीम थी जिसने बीरेंद्र लाकड़ा के घर उड़ीसा में भारत पर जीत के बाद दर्शकों की ओर अश्लील इशारा किया था. ये सब भूल-भालकर बीरेंद्र ने खेल को सबसे ऊपर रखा.

Advertisement

राउरकेला स्टील प्लांट की सेल हॉकी अकेडमी से निकले बीरेंद्र लाकड़ा घुटने की चोट की वजह से ओलंपिक भी नहीं खेल पाए थे. इस टूर्नामेंट में विपक्षी टीमों की भारत के खिलाफ ये रणनीति रहती थी कि बैकलाइन में चोट से वापसी कर रहे लाकड़ा को निशाना बनाकर गोल किया जाए. 2014 के इंडियन प्लेयर ऑफ द ईयर लाकड़ा हर अटैक को नेस्ताबूद करते हैं, गेंद फंसाते हैं और फिर काउंटर अटैक बनाते हैं. ज़िम्मेदार और धारदार बीरेंद्र लाकड़ा!

Advertisement