The Lallantop

दिल्ली-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन दौड़ेगी, आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज, काशी, पटना से गुजरेगी

अश्विणी वैष्णव ने दावा किया कि बुलेट ट्रेन का किराया काफी किफायती रखा जाएगा. उनके मुताबिक, बुलेट ट्रेन का टिकट हवाई जहाज के किराए के मुकाबले काफी कम होगा. रेल मंत्री ने कहा कि गरीब, युवा, महिलाएं, छोटे कारोबारी, मिडिल क्लास बुलेट ट्रेन का फायदा उठा सकेंगे.

Advertisement
post-main-image
भारत में पहली बुलेट ट्रेन मुंबई-अहमदाबाद रूट पर अगस्त, 2027 में दौड़ सकती है. (AI Generated Image)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन नेटवर्क के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी दी है, जो दिल्ली से गुवाहाटी तक जाएगा और कई प्रमुख शहरों को हाई-स्पीड रेल से जोड़ेगा।
  • बुलेट ट्रेन नेटवर्क विस्तार का उद्देश्य देश के विभिन्न राज्यों में तेज़ और किफायती रेल कनेक्टिविटी प्रदान करना है, जिससे आर्थिक और सामाजिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।
  • नॉर्दर्न कॉरिडोर के बनने से यात्रा का समय काफी कम होगा, जिससे व्यापार, रोजगार और पर्यटन के क्षेत्र में नए अवसर उत्पन्न होंगे और यात्रियों के लिए आर्थिक लाभ होगा।

देश में बुलेट ट्रेन नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ा ऐलान हुआ है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुलेट ट्रेन के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है. ये कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, अयोध्या, प्रयागराज और वाराणसी होते हुए पटना, सिलीगुड़ी से गुवाहाटी तक जाएगा. इसके बनने से उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम के बीच हाई-स्पीड रेल कनेक्टिविटी मिलेगी. शनिवार, 31 अक्टूबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वाराणसी में इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इस कॉरिडोर से दिल्ली से आगरा का सफर महज 59 मिनट में पूरा हो सकेगा.

Advertisement

शनिवार को रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव ने वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई. हरी झंडी दिखाने से पहले रेल मंत्री ने बुलेट ट्रेन के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी मिलने का खुलासा किया. उन्होंने कहा कि ये कॉरिडोर आने वाले समय में लोगों की जिंदगी बदल देगा. इसका फायदा नौजवानों, मध्यम वर्ग के परिवारों और छोटे-मझोले उद्योगों से जुड़े लोगों को मिलेगा.

दिल्ली से आगरा सिर्फ 59 मिनट में पहुंचेंगे

अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन के अलग-अलग रूट पर यात्रा में लगने वाले संभावित समय की भी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि देश की राजधानी दिल्ली से ताज नगरी आगरा पहुंचने में सिर्फ 59 मिनट लगेंगे. वहीं, दिल्ली से कानपुर का सफर 1 घंटे 45 मिनट में पूरा हो सकेगा.

Advertisement

दिल्ली से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बीच की दूरी भी काफी कम हो जाएगी. अभी इस सफर में कई घंटे लगते हैं, लेकिन बुलेट ट्रेन शुरू होने के बाद दिल्ली-लखनऊ का सफर सिर्फ 2 घंटे 12 मिनट में पूरा किया जा सकेगा.

रेल मंत्री के मुताबिक, वाराणसी से लखनऊ पहुंचने में 1 घंटे 21 मिनट और वाराणसी से पटना जाने में करीब 1 घंटे का समय लगेगा. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन की फैसिलिटी सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इससे छोटे कारोबारियों, कारीगरों और आम लोगों को भी फायदा होगा.

Advertisement
फ्लाइट से सस्ता होगा बुलेट ट्रेन का किराया

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन के किराए को लेकर भी बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि कई लोग, खासकर विपक्ष के लोग गुमराह करेंगे कि बुलेट सिर्फ अमीरों के लिए है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हर काम गरीब के लिए होता है. ये बुलेट ट्रेन भी गरीब परिवार, नौजवान, मिडिल क्लास फैमिली, किसान और महिलाओं के लिए है. उनके लिए विकास के दरवाजे खुलेंगे.

अश्विणी वैष्णव ने दावा किया कि बुलेट ट्रेन का किराया काफी किफायती रखा जाएगा. वैष्णव के मुताबिक, बुलेट ट्रेन का टिकट हवाई जहाज के किराए के मुकाबले काफी कम होगा. मेडिकल इलाज के लिए भी लोग इसका इस्तेमाल कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन ऐसा प्रोजेक्ट है, जिसके जरिए आने वाली पीढ़ियां अगले 100 सालों तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन-कल्याणकारी कार्यकाल को याद रखेंगी.

असम सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने खुशी जताई

नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को असम के गुवाहाटी तक मंजूरी मिलने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने भी खुशी जताई. उन्होंने 1 नवंबर को X पर दावा किया कि गुवाहाटी से दिल्ली का सफर 8 घंटे से भी कम समय में पूरा हो सकेगा. उन्होंने आगे कहा कि नॉर्दर्न बुलेट ट्रेन कॉरिडोर का गुवाहाटी तक विस्तार नॉर्थ-ईस्ट इंडिया के लिए बेहद अहम कदम है.

सीएम हिमंता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने बताया कि शुरुआत में इस कॉरिडोर को सिलीगुड़ी तक ही सीमित रखा गया था. उनके मुताबिक, उन्होंने इस साल जुलाई में रेल मंत्री से मुलाकात कर इसे नॉर्थ-ईस्ट तक बढ़ाने का प्रपोजल रखा था. हालांकि, सीएम हिमंता ने जो लेटर शेयर किया, उसमें 7 जून की तारीख दर्ज है.

यह भी पढ़ें: मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट की लागत एक लाख से दो लाख करोड़ हुई: रिपोर्ट

मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने लिखा कि उनके लिखित अर्जी और रेल मंत्री के साथ बातचीत के बाद इस प्रपोजल को मंजूरी मिली. उन्होंने कहा कि दिल्ली और दो अन्य राज्यों की राजधानियों से तेज और सस्ती कनेक्टिविटी मिलने से असम में बिजनेस और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे.

फिलहाल, देश में मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट पर तेजी से काम चल रहा है. 11 जुलाई को रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव ने बताया कि 2027 में इसके पहले सेक्शन सूरत-बिलिमोरा के बीच बुलेट ट्रेन दौड़ सकती है. एक सरकारी प्रेस रिलीज में भारत में पहली बुलेट ट्रेन चलने की टाइमिंग अगस्त, 2027 बताई गई.

वीडियो: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पहली बुलेट ट्रेन शुरू करने की तारीख बता दी!

Advertisement